return to news
  1. EPFO Alert: PF खाते को साइबर ठगी से बचाना है तो अपनाएं ये जरूरी टिप्स, ईपीएफओ ने जारी की चेतावनी

पर्सनल फाइनेंस

EPFO Alert: PF खाते को साइबर ठगी से बचाना है तो अपनाएं ये जरूरी टिप्स, ईपीएफओ ने जारी की चेतावनी

Upstox

3 min read | अपडेटेड August 31, 2026, 12:30 IST

सारांश

कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने अपने करोड़ों मेंबर्स को साइबर ठगी से बचाने के लिए सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर खास चेतावनी दी है। EPFO ने कहा है कि वह फोन या वॉट्सएप पर यूएएन, पासवर्ड या ओटीपी जैसी निजी जानकारी कभी नहीं मांगता।

epfo-cyber-security-awareness-advisory-

ईपीएफओ ने वीडियो जारी कर अपने मेंबर्स को साइबर धोखाधड़ी से बचने के लिए सतर्क रहने की सलाह दी है।

कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने अपने मेंबर्स को ऑनलाइन धोखाधड़ी और साइबर फ्रॉड से बचाने के लिए एक महत्वपूर्ण साइबर जागरूकता वीडियो जारी किया है। वर्तमान में बढ़ते साइबर अपराधों को ध्यान में रखते हुए संगठन ने अपने सभी मेंबर्स और स्टेकहोल्डर्स को अलर्ट रहने की सलाह दी है। EPFO का कहना है कि थोड़ी सी लापरवाही की वजह से मेंबर्स की मेहनत की कमाई पर संकट आ सकता है।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

गोपनीय जानकारी किसी के साथ न करें शेयर

EPFO ने साफ तौर पर कहा है कि संगठन कभी भी फोन कॉल या वॉट्सएप के माध्यम से मेंबर्स से उनका UAN, पासवर्ड, OTP, आधार डिटेल्स या बैंक खाता और एटीएम कार्ड से जुड़ी निजी जानकारी नहीं मांगता है। अगर आपके पास ऐसा कोई कॉल या मैसेज आता है जिसमें EPFO के नाम पर गोपनीय जानकारी मांगी जा रही हो, तो तुरंत सावधान हो जाएं। ऐसी स्थिति में अपनी कोई भी पर्सनल या फाइनेंशियली संवेदनशील जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ बिल्कुल भी शेयर न करें।

आधिकारिक वेबसाइट और ऐप का ही करें इस्तेमाल

किसी भी सर्विस या काम के लिए केवल EPFO की आधिकारिक वेबसाइट (www.epfindia.gov.in) और उमंग (UMANG) ऐप का ही इस्तेमाल करें। EPFO ने मेंबर्स को सलाह दी है कि किसी सर्च इंजन में दिखे लिंक या किसी मैसेज में आए लिंक पर क्लिक करने के बजाय वेबसाइट का पता हमेशा अपने ब्राउजर में खुद टाइप करके ही सर्च करें। इसके अलावा किसी भी अज्ञात सोर्स या संदिग्ध ईमेल में आई एपीके (APK) फाइल को कभी भी अपने मोबाइल या कंप्यूटर में डाउनलोड न करें।

EPFO की सभी सेवाएं हैं पूरी तरह फ्री

संगठन ने अपने मेंबर्स को ध्यान दिलाते हुए स्पष्ट किया है कि EPFO की सभी सेवाएं पूरी तरह से फ्री हैं। इसलिए किसी भी काम या क्लेम के लिए किसी भी एजेंट या बिचौलिए को कोई पेमेंट न करें। इसके साथ ही अपने यूएएन में रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी को हमेशा अपडेट रखें, ताकि ऑफिशियल अलर्ट और मैसेज समय पर मिलते रहें। जब आपका मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी अपडेट रहेगा, तो खाते से जुड़ी हर जानकारी समय पर मिलती रहेगी।

साइबर फ्रॉड होने पर तुरंत करें शिकायत

अगर आपके साथ कोई संदिग्ध गतिविधि या ऑनलाइन फ्रॉड होता है, तो बिना कोई समय गंवाए EPFO के ऑफिशियल ग्रीवेंस यानी शिकायत पोर्टल पर अपनी शिकायत दर्ज कराएं। इसके साथ ही फर्जी कॉल या फ्रॉड की सूचना अपने नजदीकी पुलिस स्टेशन या साइबर फ्रॉड सेल में तुरंत दें। EPFO ने यह भी कहा है कि सोशल मीडिया पर अपनी शिकायत के कमेंट के नीचे अगर कोई अनजान व्यक्ति अपना नंबर देता है, तो उस पर कभी भी कॉल न करें। अधिक जानकारी के लिए मेंबर्स EPFO का ऑफिशियल यूट्यूब चैनल देख सकते हैं या हर महीने की 27 तारीख को आयोजित होने वाले 'निधि आपके निकट' कैंप में शामिल हो सकते हैं।

लेखकों के बारे में

Upstox
Upstox Hindi News Desk पत्रकारों की एक टीम है जो शेयर बाजारों, अर्थव्यवस्था, वस्तुओं, नवीनतम व्यावसायिक रुझानों और व्यक्तिगत वित्त को उत्साहपूर्वक कवर करती है।

अगला लेख