return to news
  1. विप्रो को जून तिमाही में ₹3352 करोड़ का मुनाफा, शेयरधारकों को हर शेयर पर मिलेगा ₹2 का डिविडेंड

मार्केट न्यूज़

विप्रो को जून तिमाही में ₹3352 करोड़ का मुनाफा, शेयरधारकों को हर शेयर पर मिलेगा ₹2 का डिविडेंड

Shubham Singh Thakur

3 min read | अपडेटेड July 16, 2026, 16:19 IST

सारांश

Wipro ने अपने शेयरधारकों के लिए 2 रुपये के डिविडेंड का ऐलान भी किया है। कंपनी के शेयरों में आज 1.83 फीसदी की तेजी देखी गई और यह स्टॉक BSE पर 177.80 रुपये के भाव पर बंद हुआ। इसका मार्केट कैप 1.76 लाख करोड़ रुपये है।

शेयर सूची

Wipro Q1

Wipro Q1: तिमाही-दर-तिमाही आधार पर मुनाफे में 4.28% की गिरावट आई है।

Wipro Q1 Results: IT सेक्टर की दिग्गज कंपनी विप्रो ने आज 16 जुलाई को FY26 की पहली तिमाही के नतीजों का ऐलान कर दिया है। अप्रैल-जून तिमाही में कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 0.65 फीसदी बढ़कर ₹3,352 करोड़ हो गया है। पिछले साल की समान अवधि में यह आंकड़ा ₹3330 करोड़ था। तिमाही-दर-तिमाही आधार पर मुनाफे में 4.28% की गिरावट आई है। कंपनी ने अपने शेयरधारकों के लिए 2 रुपये के डिविडेंड का ऐलान भी किया है। कंपनी के शेयरों में आज 1.83 फीसदी की तेजी देखी गई और यह स्टॉक BSE पर 177.80 रुपये के भाव पर बंद हुआ। इसका मार्केट कैप 1.76 लाख करोड़ रुपये है।
Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

रेवेन्यू में 10.6% की बढ़ोतरी

विप्रो की कुल आय (Revenue) सालाना आधार पर 10.6% बढ़कर 24,479 करोड़ रुपये रही। हालांकि, यह बाजार के अनुमान से थोड़ी कम रही। अप्रैल-जून तिमाही में Wipro की IT सर्विसेज से आय 2.61 अरब डॉलर रही। यह पिछली तिमाही की तुलना में 1.4% घटी, जबकि सालाना आधार पर 1% बढ़ी। स्थिर मुद्रा (Constant Currency) के आधार पर IT सर्विसेज की आय तिमाही दर तिमाही 1.2% घटी, लेकिन सालाना आधार पर 0.9% बढ़ी।

ऑर्डर और मार्जिन का हाल

कंपनी की कुल बुकिंग 3.37 अरब डॉलर रही, जो पिछली तिमाही के मुकाबले 2.4% कम है। हालांकि, बड़े सौदों (Large Deals) की बुकिंग 12.9% बढ़कर 1.63 अरब डॉलर पहुंच गई। IT सर्विसेज का ऑपरेटिंग मार्जिन 16% रहा, जो पिछली तिमाही और पिछले साल की समान अवधि, दोनों के मुकाबले कम है। वहीं, ऑपरेटिंग कैश फ्लो 3,288 करोड़ रुपये रहा, जो कंपनी के शुद्ध मुनाफे का लगभग 98% है। कर्मचारियों के नौकरी छोड़ने की दर (Voluntary Attrition) 13.9% रही।

अगली तिमाही के लिए क्या अनुमान?

जुलाई-सितंबर तिमाही के लिए विप्रो ने IT सर्विस रेवेन्यू के लिए 2.57 बिलियन डॉलर से 2.63 बिलियन डॉलर की रेंज का अनुमान दिया। इसका मतलब है कि कॉन्स्टेंट करेंसी में क्रमिक ग्रोथ 1.5 प्रतिशत की गिरावट और 0.5 प्रतिशत की बढ़त के बीच रहेगी।

मैनेजमेंट ने क्या कहा?

कंपनी के CEO और MD श्रीनी पल्लिया ने कहा कि अब ग्राहक सिर्फ टेक्नोलॉजी मॉडर्नाइजेशन तक सीमित नहीं हैं, बल्कि AI आधारित ऑपरेटिंग मॉडल अपना रहे हैं, जिससे गुणवत्ता, उत्पादकता और कारोबार की मजबूती बढ़ रही है। वहीं, CFO अपरणा अय्यर ने कहा कि कंपनी अल्पकालिक मार्जिन दबाव के बावजूद अपने कर्मचारियों और रणनीतिक प्राथमिकताओं में निवेश जारी रखेगी।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

अगला लेख