मार्केट न्यूज़

4 min read | अपडेटेड August 07, 2026, 16:54 IST
सारांश
जून तिमाही के दौरान Titan का ऑपरेशन्स से होने वाला रेवेन्यू सालाना आधार पर 29.25% बढ़कर ₹21,356 करोड़ हो गया, जो वित्त वर्ष 2026 की पहली तिमाही (Q1 FY26) में ₹16,523 करोड़ था। कंपनी के शेयरों में आज 0.82 फीसदी की गिरावट रही।
शेयर सूची

Titan Company के नेट प्रॉफिट और रेवेन्यू दोनों में ही तगड़ा उछाल आया है।
इस तिमाही के दौरान ऑपरेशन्स से होने वाला रेवेन्यू सालाना आधार पर 29.25% बढ़कर ₹21,356 करोड़ हो गया, जो वित्त वर्ष 2026 की पहली तिमाही (Q1 FY26) में ₹16,523 करोड़ था। कंपनी की कुल आय (Consolidated Total Income) सालाना आधार पर 40% बढ़कर 20,753 करोड़ रुपये रही। कंपनी ने कहा कि यह मजबूत शुरुआत पिछले वित्त वर्ष के बेहतरीन प्रदर्शन की गति को आगे बढ़ाने वाली है।
अप्रैल-जून तिमाही में कंपनी का EBITDA 58% बढ़कर 2,890 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले साल की समान तिमाही में 1,830 करोड़ रुपये था। इसी दौरान कंपनी का ऑपरेटिंग प्रॉफिट मार्जिन भी बढ़कर 13.53% हो गया, जो एक साल पहले 11.08% था। कंपनी के मुताबिक, अक्षय तृतीया और त्योहारी खरीदारी की मजबूत मांग से लगभग सभी कारोबारों में अच्छी ग्रोथ देखने को मिली। वहीं, अंतरराष्ट्रीय कारोबार में बढ़त का मुख्य कारण उत्तर अमेरिका (North America) का बाजार रहा।
टाइटन के ज्वेलरी कारोबार ने पहली तिमाही में शानदार प्रदर्शन किया। इस सेगमेंट की कुल आय 43% बढ़कर 18,253 करोड़ रुपये पहुंच गई। कंपनी के मुताबिक, अक्षय तृतीया, त्योहारी खरीदारी और पुराने गहनों के बदले नए गहने लेने (एक्सचेंज प्रोग्राम) की मजबूत मांग से यह बढ़त मिली। भारत में कंपनी के ज्वेलरी कारोबार की आय 38% बढ़कर 16,943 करोड़ रुपये रही। इस दौरान Tanishq, Mia और Zoya ब्रांड्स की आय में 38% और CaratLane की आय में 40% की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
कंपनी के अंतरराष्ट्रीय कारोबार की आय 136% बढ़कर 1,309 करोड़ रुपये हो गई। इस ग्रोथ में उत्तर अमेरिका (North America) और GCC (खाड़ी देशों) के बाजारों का बड़ा योगदान रहा। पहली तिमाही के दौरान कंपनी ने भारत में कुल 33 नए स्टोर खोले। इनमें 4 Tanishq, 17 Mia, 1 beYon और 11 CaratLane के स्टोर शामिल हैं।
वॉचेज (घड़ियों) कारोबार की कुल आय 21% बढ़कर 1,543 करोड़ रुपये रही। इस सेगमेंट का EBIT 295 करोड़ रुपये रहा और ऑपरेटिंग मार्जिन 19.1% दर्ज किया गया। कंपनी ने बताया कि इस बढ़त में एनालॉग घड़ियों की मजबूत मांग का अहम योगदान रहा। इस दौरान 34 नए स्टोर भी खोले गए। आईकेयर कारोबार की कुल आय 21% बढ़कर 289 करोड़ रुपये पहुंच गई। इस सेगमेंट का EBIT 24 करोड़ रुपये और मार्जिन 8.3% रहा। कंपनी ने इस दौरान 7 नए आईकेयर स्टोर भी शुरू किए।
परफ्यूम, बैग और भारतीय परिधानों (Indian Dress Wear) जैसे उभरते कारोबारों की कुल आय 18% बढ़कर 128 करोड़ रुपये रही। हालांकि, इस सेगमेंट में कंपनी को 39 करोड़ रुपये का घाटा हुआ। वहीं, TEAL (ऑटोमेशन और इंजीनियरिंग) कारोबार ने भी अच्छा प्रदर्शन किया। इस सेगमेंट की कुल आय 43% बढ़कर 438 करोड़ रुपये रही, जबकि EBIT 143 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।
टाइटन कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर Ajoy Chawla ने कहा कि वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही कंपनी के लिए मजबूत रही। ज्वेलरी, घड़ियां, आईकेयर और अन्य उभरते कारोबारों में नए डिजाइन और इनोवेशन की बदौलत ग्राहकों की प्रीमियम उत्पादों की मांग बनी रही, जिससे सभी प्रमुख बिजनेस में अच्छी ग्रोथ दर्ज की गई।
उन्होंने कहा कि इस तिमाही में कंपनी को सोने की कीमतों में उतार-चढ़ाव, कस्टम ड्यूटी में बदलाव और अंतरराष्ट्रीय कारोबार पर भूराजनीतिक चुनौतियों जैसी परिस्थितियों का भी सामना करना पड़ा। इसके बावजूद कंपनी ने अच्छा प्रदर्शन किया।
संबंधित समाचार
लेखकों के बारे में

अगला लेख