मार्केट न्यूज़
.png)
4 min read | अपडेटेड November 12, 2026, 15:13 IST
सारांश
आने वाले समय में Mahanadi Coalfields, South Eastern Coalfields, Indian Gas Exchange, Hero FinCorp, NLC India Renewables, JSW One Platforms, Belstar Microfinance और Reliance Retail के आईपीओ पर नजर रहेगी।

Mahanadi Coalfields का आईपीओ Coal India के शेयरधारकों के लिए खास हो सकता है।
पिछले महीने Jio Platforms के आईपीओ ने शेयर बाजार में शानदार शुरुआत की थी। कंपनी का शेयर अपने इश्यू प्राइस के मुकाबले 26.7% की बढ़त के साथ बंद हुआ। इस आईपीओ की एक खास बात यह थी कि इसमें Reliance Industries (RIL) के मौजूदा शेयरधारकों के लिए 2500 करोड़ रुपये के शेयर रिजर्व रखे गए थे। यानी Reliance Industries के शेयरधारकों को Jio Platforms के आईपीओ में शेयर खरीदने का एक अलग मौका मिला था। इस रिजर्व कैटेगरी में उपलब्ध शेयरों के मुकाबले 7.63 गुना बोलियां मिली थीं, जबकि रिटेल कैटेगरी में यह आंकड़ा 2.73 गुना रहा।
आगे और भी ऐसे आईपीओ आ रहे हैं, जिनमें निवेशकों को शेयरहोल्डर कोटा के तहत अप्लाई करने का मौका मिलेगा, जिससे उन्हें अलॉटमेंट मिलने की संभावना बढ़ जाती है। यहां इसके बारे में पूरी जानकारी दी गई है।
आने वाले समय में Mahanadi Coalfields, South Eastern Coalfields, Indian Gas Exchange, Hero FinCorp, NLC India Renewables, JSW One Platforms, Belstar Microfinance और Reliance Retail के आईपीओ पर नजर रहेगी।
Mahanadi Coalfields का आईपीओ Coal India के शेयरधारकों के लिए खास हो सकता है। कंपनी को पिछले सप्ताह सेबी की मंजूरी मिल चुकी है। यह पूरी तरह ऑफर फॉर सेल (OFS) होगा। वहीं, Coal India की दूसरी सहायक कंपनी South Eastern Coalfields ने आईपीओ के लिए सेबी के पास DRHP जमा किया है। इसमें भी Coal India के शेयरधारकों को कोटा मिलने की संभावना है।
गौरतलब है कि Coal India की दो अन्य सहायक कंपनियां Bharat Coking Coal Limited (BCCL) और Central Mine Planning & Design Institute (CMPDI) पहले ही शेयर बाजार में लिस्ट हो चुकी हैं। इन दोनों आईपीओ में पात्र Coal India शेयरधारकों के लिए इश्यू साइज का 10% हिस्सा रिजर्व रखा गया था।
JSW Steel और JSW Cement के प्रमोशन वाली JSW One Platforms ने सितंबर 2026 में 3,054 करोड़ रुपये के आईपीओ के लिए DRHP दाखिल किया था। इसमें करीब 1,300 करोड़ रुपये का फ्रेश इश्यू शामिल है। कंपनी अपने आईपीओ में JSW Steel और JSW Cement के शेयरधारकों के लिए करीब 10% हिस्सा रिजर्व रख सकती है।
वहीं, Hero MotoCorp से जुड़ी Hero FinCorp करीब 3,660 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बना रही है। कंपनी को मई 2025 में सेबी की मंजूरी मिल गई थी, लेकिन अभी तक आईपीओ की आधिकारिक तारीख घोषित नहीं हुई है।
Indian Gas Exchange (IGX), Indian Energy Exchange (IEX) से जुड़ी कंपनी है। इसे 12 अक्टूबर 2026 को आईपीओ के लिए सेबी की मंजूरी मिली। IEX इस आईपीओ के जरिए ऑफर फॉर सेल के तहत 1.67 करोड़ शेयर बेचेगा। इसमें IEX के शेयरधारकों के लिए अलग कोटा हो सकता है।
इसके अलावा Reliance Retail के आईपीओ को लेकर भी निवेशकों में उत्सुकता है। कंपनी ने अभी तक आईपीओ के लिए आधिकारिक दस्तावेज दाखिल नहीं किए हैं। हालांकि, बाजार में उम्मीद है कि Jio Platforms की लिस्टिंग के बाद Reliance Retail भी 2028 के आसपास शेयर बाजार में उतर सकती है।
NLC India Renewables का बोर्ड आईपीओ प्रस्ताव को मंजूरी दे चुका है और कंपनी ने इसके लिए लीड मैनेजर भी नियुक्त किए हैं। वहीं, Muthoot Finance की सहयोगी कंपनी Belstar Microfinance के पुराने आईपीओ अप्रूवल की वैधता अगस्त 2025 में खत्म हो गई थी। कंपनी की नई आईपीओ तारीखों का इंतजार है।
ध्यान रहे कि इन सभी कंपनियों में शेयरहोल्डर कोटा मिलने की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। यह आईपीओ के अंतिम नियमों और ऑफर डॉक्यूमेंट पर निर्भर करेगा। इसलिए निवेशकों को आवेदन करने से पहले कंपनी की ओर से जारी दस्तावेज जरूर देखने चाहिए।
आईपीओ में शेयरहोल्डर कोटा का मतलब है कि कंपनी अपने आईपीओ का एक हिस्सा अपनी पैरेंट या प्रमोटर कंपनी के मौजूदा शेयरधारकों के लिए रिजर्व रखती है। उदाहरण के लिए, अगर किसी कंपनी की सहायक कंपनी आईपीओ लाती है, तो उसकी लिस्टेड पैरेंट कंपनी के शेयरधारक इस विशेष कैटेगरी में आवेदन कर सकते हैं।
इसका फायदा यह है कि निवेशक शेयरहोल्डर कैटेगरी के साथ-साथ रिटेल या नॉन-इंस्टीट्यूशनल कैटेगरी में भी आवेदन कर सकते हैं। हालांकि, इसके लिए आईपीओ के नियमों और आवेदन की तय सीमाओं का पालन करना जरूरी होता है।
संबंधित समाचार
लेखकों के बारे में
.png)
अगला लेख