मार्केट न्यूज़

3 min read | अपडेटेड July 24, 2026, 15:53 IST
सारांश
वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही के नतीजे आने का सिलसिला तेजी से जारी है। 25 जुलाई को 23 से ज्यादा कंपनियां अपने जून तिमाही के नतीजे जारी करने जा रही हैं। इसमें बैंकिंग, डेयरी, आईटी और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर की कई प्रमुख कंपनियां शामिल हैं।

शनिवार 25 जुलाई को एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक और आईडीएफसी फर्स्ट बैंक समेत 23 कंपनियां जारी करेंगी पहली तिमाही के नतीजे।
शेयर बाजार में वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही के नतीजे आने का दौर पूरी रफ्तार में है। शनिवार यानी 25 जुलाई का दिन निवेशकों और ट्रेडर्स के लिए बेहद अहम रहने वाला है। इस दिन कम से कम 23 कंपनियां अपने जून तिमाही के नतीजों का ऐलान करने जा रही हैं। इनमें बैंकिंग, फाइनेंशियल सर्विसेज, डेयरी, आईटी, कंस्ट्रक्शन और मैन्युफैक्चरिंग जैसे अलग-अलग सेक्टर्स की छोटी-बड़ी कई प्रमुख कंपनियां शामिल हैं। इन कंपनियों के परफॉर्मेंस का असर आने वाले हफ्ते में बाजार की चाल पर देखने को मिल सकता है।
शनिवार को नतीजे जारी करने वाली कंपनियों में बैंकिंग और फाइनेंशियल सेक्टर के कई बड़े नाम शामिल हैं। इसमें स्मॉल फाइनेंस बैंक कैटेगरी का प्रमुख नाम एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक और प्राइवेट सेक्टर का बड़ा लेंडर आईडीएफसी फर्स्ट बैंक अपने जून तिमाही के आंकड़े पेश करेंगे। इसके अलावा NBFC स्पेस से फाइव-स्टार बिजनेस फाइनेंस, रिटेल वेल्थ मैनेजमेंट सेवा देने वाली प्रूडेंट कॉर्पोरेट एडवाइजरी सर्विसेज और फाइनेंशियल सर्विसेज से जुड़ी कंपनी एसबीएफसी फाइनेंस भी इसी दिन अपने नतीजे घोषित करेंगी। इन बैंकों और NBFC के नतीजों से क्रेडिट ग्रोथ और एसेट क्वालिटी का हाल समझ आएगा।
फाइनेंशियल सेक्टर के अलावा दूसरी इंडस्ट्रीज की कंपनियां भी शनिवार को अपने नतीजे जारी करेंगी। मान्यावर ब्रांड की पैरेंट कंपनी वेदांत फैशंस अपने पहली तिमाही के आंकड़े रखेगी। इसके साथ ही कॉम्बैट ट्रेनिंग सिमुलेटर और काउंटर-ड्रोन सिस्टम बनाने वाली जैन टेक्नोलॉजीज, एमपी बिड़ला ग्रुप की प्रमुख कंपनी बिड़ला कॉर्पोरेशन, इंटीग्रेटेड डेयरी कंपनी डोडला डेयरी और रीफ्रेक्ट्री सॉल्यूशंस देने वाली कंपनी मोनोलिथिश इंडिया के रिजल्ट्स भी सामने आएंगे।
इनके अलावा पेपर बनाने वाली कंपनी शेषशायी पेपर एंड बोर्ड्स, बैटरी बनाने वाली हाई एनर्जी बैटरीज इंडिया, प्लास्टिक प्रोडक्ट्स एक्सपोर्ट करने वाली एस्सेन स्पेशलिटी फिल्म्स, टाइल्स मैन्युफैक्चरर एक्सारो टाइल्स, कंस्ट्रक्शन कंपनी नीला इंफ्रास्ट्रक्चर, आईटी सर्विस कंपनी एफसीएस सॉफ्टवेयर सॉल्यूशंस और सोलर मॉड्यूल्स बनाने वाली सुराना सोलर भी शनिवार को ही अपने जून तिमाही के नतीजे घोषित करेंगी। साथ ही ऑक्सीजेंटा फार्मास्युटिकल, सूर्यलता स्पिनिंग मिल, मरकरी लैबोरेटरीज, एसकेपी सिक्योरिटीज, 3पी लैंड होल्डिंग्स और सचेटा मेटल्स के नतीजे भी इसी दिन आने वाले हैं।
दूसरी तरफ, 24 जुलाई को सामने आए नतीजों में हिंदुस्तान जिंक ने शानदार प्रदर्शन किया है। कंपनी ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही यानी जून तिमाही में अपने कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट में 144.81% की बड़ी बढ़त दर्ज की है। कंपनी का नेट प्रॉफिट बढ़कर 5,469 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है, जो पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में महज 2,234 करोड़ रुपये था।
कंपनी के रेवेन्यू में भी जबरदस्त बढ़ोतरी देखने को मिली है। अप्रैल से जून की इस तिमाही में कंपनी का ऑपरेशन से रेवेन्यू 71.69% बढ़कर 13,033 करोड़ रुपये हो गया है, जो एक साल पहले की इसी अवधि में 7,591 करोड़ रुपये दर्ज किया गया था। इसके साथ ही कंपनी का कोर ऑपरेशन से मिलने वाला रेवेन्यू 77% बढ़कर 13,747 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है, जो पिछले साल इसी दौरान 7,771 करोड़ रुपये रहा था।
संबंधित समाचार
लेखकों के बारे में

अगला लेख