मार्केट न्यूज़

4 min read | अपडेटेड September 02, 2026, 11:49 IST
सारांश
शेयर बाजार में इस समय तीन मुख्य आईपीओ निवेशकों का ध्यान खींच रहे हैं। पर्पल स्टाइल लैब्स का आईपीओ आज बंद हो रहा है, जबकि दीपा ज्वैलर्स और रेज ऑफ बिलीफ आईपीओ का आज दूसरा दिन है। रेज ऑफ बिलीफ का रिटेल हिस्सा 6 गुना से ज्यादा भर चुका है।

शेयर बाजार में तीन आईपीओ में दांव लगाने का मौका, जानिए सब्सक्रिप्शन और बिजनेस डीटेल्स।
शेयर बाजार में आईपीओ की हलचल काफी तेज बनी हुई है। इस समय तीन कंपनियां पर्पल स्टाइल लैब्स, दीपा ज्वैलर्स और रेज ऑफ बिलीफ अपने आईपीओ के साथ बाजार में मौजूद हैं। इनमें से पर्पल स्टाइल लैब्स के आईपीओ का आज यानी 2 सितंबर को तीसरा और आखिरी दिन है। वहीं दूसरी तरफ दीपा ज्वैलर्स और रेज ऑफ बिलीफ के आईपीओ का आज दूसरा दिन है। तीनों ही कंपनियों के आईपीओ में अलग अलग कैटेगरी के निवेशकों की तरफ से मिला-जुला रिस्पॉन्स देखने को मिल रहा है। रेज ऑफ बिलीफ को रिटेल निवेशकों से सबसे शानदार प्रतिक्रिया मिली है, जबकि पर्पल स्टाइल लैब्स में बोलियों की रफ्तार थोड़ी सुस्त नजर आ रही है।
सब्सक्रिप्शन के आंकड़ों पर नजर डालें तो रेज ऑफ बिलीफ का आईपीओ पहले दिन तक कुल 1.18 गुना सब्सक्राइब हो चुका है। इसमें रिटेल कैटेगरी के निवेशकों ने सबसे ज्यादा उत्साह दिखाया है और यह हिस्सा 6.51 गुना भर चुका है। NII कैटेगरी में 0.39 गुना बोलियां मिली हैं, जबकि QIB हिस्सा अभी नहीं भरा है। वहीं दीपा ज्वैलर्स के आईपीओ को पहले दिन कुल 0.88 गुना सब्सक्रिप्शन मिला है। इसमें रिटेल हिस्सा 1.42 गुना, NII 0.65 गुना और QIB 0.11 गुना सब्सक्राइब हुआ है। दूसरी तरफ पर्पल स्टाइल लैब्स का आईपीओ दूसरे दिन तक कुल 0.25 गुना ही भर पाया था। इसके रिटेल हिस्से को 0.98 गुना, NII को 0.13 गुना और QIB को 0.06 गुना सब्सक्रिप्शन मिला था।
पर्पल स्टाइल लैब्स लग्जरी फैशन प्लेटफॉर्म परनियाज पॉप-अप शॉप और परनियाज पॉप-अप स्टूडियो चलाती है। यह कंपनी लग्जरी इंडियन वेडिंग और फेस्टिव फैशन सेगमेंट में काम करती है। कंपनी का आईपीओ कुल 680 करोड़ रुपये का है जो पूरी तरह से फ्रेश इश्यू है। इसके लिए कंपनी ने 546 रुपये से 575 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है। आईपीओ से जुटाए जाने वाले पैसों का इस्तेमाल कंपनी नए स्टोर खोलने, अपने टेक्नोलॉजी प्लेटफॉर्म को बेहतर बनाने, ब्रांड की मार्केटिंग करने और सामान्य कॉरपोरेट जरूरतों को पूरा करने के लिए करेगी। कंपनी का मुख्य फोकस देश और विदेश में अपने नेटवर्क का विस्तार करना है।
दीपा ज्वैलर्स सोने और हीरे के गहनों के रिटेल व होलसेल कारोबार में सक्रिय है। कंपनी पारंपरिक और आधुनिक दोनों तरह के डिजाइन वाले गहनों की बिक्री करती है। दीपा ज्वैलर्स का आईपीओ कुल 459.72 करोड़ रुपये का है। इसमें 250 करोड़ रुपये का फ्रेश इश्यू और 209.72 करोड़ रुपये का ऑफर फॉर सेल शामिल है। कंपनी ने इसका प्राइस बैंड 168 रुपये से 177 रुपये प्रति शेयर रखा है। आईपीओ से जुटाए जाने वाले फ्रेश फंड में से लगभग 215 करोड़ रुपये का इस्तेमाल कंपनी अपनी वर्किंग कैपिटल जरूरतों और इन्वेंट्री को बढ़ाने के लिए करेगी। बाकी बची रकम का इस्तेमाल सामान्य कॉरपोरेट कामों में किया जाएगा।
रेज ऑफ बिलीफ बच्चों के न्यूरोडेवलपमेंटल डिसऑर्डर के इलाज और केयर से जुड़ा काम करती है। यह कंपनी मॉम्स बिलीफ ब्रांड नाम से अपने सेंटर चलाती है। इसका आईपीओ 125 करोड़ रुपये का है जो पूरी तरह से फ्रेश इश्यू है। कंपनी ने इसके लिए प्राइस बैंड 227 रुपये से 239 रुपये प्रति शेयर तय किया है। आईपीओ से मिलने वाले पैसों का इस्तेमाल कंपनी भारत और अमेरिका में नए लर्निंग सेंटर खोलने, सेंटरों के लीज पेमेंट करने, ब्रांड अवेयरनेस प्रोग्राम चलाने और फ्यूचर में संभावित अधिग्रहण के लिए करेगी।
संबंधित समाचार
लेखकों के बारे में

अगला लेख