return to news
  1. एक और कंपनी में सरकार बेच रही है अपनी हिस्सेदारी, NLC इंडिया के OFS से जुड़ी हर एक बात जानें यहां

मार्केट न्यूज़

एक और कंपनी में सरकार बेच रही है अपनी हिस्सेदारी, NLC इंडिया के OFS से जुड़ी हर एक बात जानें यहां

Namita Shukla

3 min read | अपडेटेड June 09, 2026, 07:14 IST

सारांश

एनएलसी इंडिया लिमिटेड छह दशकों से अधिक समय से भारत के एनर्जी सेक्टर में टॉप कंपनी रही है। यह लिग्नाइट प्रोडक्शन में सबसे बड़ी कंपनियों में से एक है। यह पब्लिक सेक्टर की कंपनी मुख्य रूप से दो एरिया में काम करती है: लिग्नाइट खनन और पावर जनरेशन।

शेयर सूची

Representative Image

NLC इंडिया लिमिटेड में सरकार अपनी 3% हिस्सेदारी बेचने जा रही है। (Photo: Shutterstock)

सरकार एनएलसी इंडिया लिमिटेड में 3% तक हिस्सेदारी बिक्री पेशकश के जरिए मिनिमम 303 रुपये प्रति शेयर के भाव पर बेचेगी। बिक्री पेशकश (ओएफएस) आज नॉन-रिटेल इन्वेस्टरों के लिए खुलेगी। रिटेल इन्वेस्टरों के लिए यह बुधवार यानी कि 10 जून को उपलब्ध होगी। निवेश और लोक परिसंपत्ति प्रबंधन विभाग (Department of Investment and Public Asset Management, DIPAM) के सचिव अरुणीश चावला ने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘भारत सरकार एनएलसी इंडिया लिमिटेड (पहले नेवेली लिग्नाइट कॉरपोरेशन) में बिक्री पेशकश के जरिए मूल रूप से 2% हिस्सेदारी बेचने की घोषणा करती है। अधिक बोली आने की स्थिति में 1% ‘ग्रीन शू’ ऑप्शन यानी अपने पास रखने का विकल्प रखा है।’

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

एनएलसी इंडिया के शेयर की बिक्री 303 रुपये प्रति इक्विटी के भाव पर की जाएगी। यह सोमवार को बीएसई पर 335.65 रुपये प्रति शेयर के बंद भाव से 9.73% कम है। रिटेल इन्वेस्टरों के लिए बिक्री पेशकश 10 जून को खुलेगी। चावला ने कहा कि मजबूत ऑपरेशन्स और फाइनेंशियल प्रदर्शन, लगातार रिटर्न और आकर्षक डिविडेंड के साथ, एनएलसी लॉन्गटर्म इन्वेस्टमेंट का एक शानदार मौका देती है। सरकार ने चालू फाइनेंशियल ईयर में अब तक पब्लिक सेक्टर के उपक्रमों में अल्पांश हिस्सेदारी बेचकर 12,166 करोड़ रुपये जुटाए हैं। इनमें कोल इंडिया से 5,542 करोड़ रुपये, एनएचपीसी से 4,357 करोड़ रुपये और सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया से 2.27 करोड़ रुपये शामिल हैं।

NLC India Ltd. के शेयरों का प्रदर्शन

एनएलसी इंडिया लिमिटेड के शेयरों ने पिछले एक महीने में 2% यानी कि करीब 6-7 रुपये तक का रिटर्न दिया है। पिछले छह महीने में कंपनी के शेयरों ने 40% यानी कि करीब 97 रुपये की लंबी छलांग लगाई है। एक साल में भी कंपनी के शेयरों में 39-40% तक की तेजी देखी गई है।

NLC India Ltd. के बारे में

एनएलसी इंडिया लिमिटेड छह दशकों से अधिक समय से भारत के एनर्जी सेक्टर में टॉप कंपनी रही है। यह लिग्नाइट प्रोडक्शन में सबसे बड़ी कंपनियों में से एक है। यह पब्लिक सेक्टर की कंपनी मुख्य रूप से दो एरिया में काम करती है: लिग्नाइट खनन और पावर जनरेशन। यह देश की थर्मल और रिन्यूएबल एनर्जी जरूरतों को पूरा करने में अहम योगदान देती है। एनएलसी इंडिया लिमिटेड की स्थापना नवंबर 1956 में नेवेली लिग्नाइट कॉर्पोरेशन लिमिटेड के रूप में हुई थी। भारत सरकार द्वारा इसे एक निजी लिमिटेड कंपनी के रूप में स्थापित किया गया था। 1986 में, एनएलसी इंडिया लिमिटेड को पब्लिक लिमिटेड कंपनी में परिवर्तित कर दिया गया।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)
PTI इनपुट के साथ

लेखकों के बारे में

Namita Shukla
Namita Shukla is a seasoned journalist with over 15 years of experience in Hindi media. She has worked with some of the most reputed news organizations, including Navbharat Times, Dainik Jagran, Aaj Tak, and Hindustan Times Hindi. Throughout her career, Namita has reported on a wide range of beats such as national affairs, sports, business, and entertainment, bringing clarity and depth to her reporting. In addition to her journalistic work, she is a certified fact-checker by both Google and Meta, underscoring her commitment to accuracy and ethical journalism in the digital age.

अगला लेख