मार्केट न्यूज़

5 min read | अपडेटेड October 08, 2026, 09:42 IST
सारांश
नित्याज जेम्स एंड ज्वेलरी लिमिटेड भारत में लैब-ग्रोन डायमंड जड़ी सोने की ज्वेलरी की डिजाइन, मैन्युफैक्चरिंग और बिक्री के काम में लगी है। वहीं अगर आप विशाल निर्मिति लिमिटेड की बात करें , तो यह मुख्य रूप से रेलवे और इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर में काम करने वाली कंपनी है।

नित्याज जेम्स एंड ज्वेलरी और विशाल निर्मित के शेयरों का आज मार्केट डेब्यू (Photo: Shutterstock)
आज दो मेनबोर्ड आईपीओ की लिस्टिंग हो गई है। पहला नित्याज जेम्स एंड ज्वेलरी और दूसरा विशाल निर्मित। नित्याज जेम्स एंड ज्वेलरी के शेयर 6.67% प्रीमियम के साथ यानी कि 5 रुपये के प्रॉफिट के साथ 80 रुपये प्रति शेयर पर लिस्ट हुए हैं। वहीं विशाल निर्मित का मार्केट आगाज फीका रहा। इस के शेयर 2.27% डिस्काउंट यानी कि 5 रुपये के नुकसान के साथ 215 रुपये प्रति शेयर पर लिस्ट हुए हैं। एक नजर दोनों आईपीओ से जुड़ी डीटेल्स, दोनों कंपनियों के कामकाज पर डालते हैं।
नित्याज जेम्स एंड ज्वेलरी IPO 2.26 गुना सब्सक्राइब हुआ था। 5 अक्टूबर, 2026 को शाम 5:53:49 बजे (तीसरे दिन) तक, इस पब्लिक इश्यू को रिटेल कैटेगरी में 4.07 गुना, QIB (एंकर को छोड़कर) कैटेगरी में 1.06 गुना और NII कैटेगरी में 2.05 गुना सब्सक्रिप्शन मिला था। वहीं विशाल निर्मिति IPO 1.79 गुना सब्सक्राइब हुआ था। 5 अक्टूबर, 2026 को शाम 5:54:18 बजे (तीसरे दिन) तक, इस पब्लिक इश्यू को रिटेल कैटेगरी में 1.75 गुना, QIB (एंकर को छोड़कर) कैटेगरी में 1.33 गुना और NII कैटेगरी में 1.89 गुना सब्सक्रिप्शन मिला था।
अप्रैल 2022 में स्थापित नित्याज जेम्स एंड ज्वेलरी लिमिटेड भारत में लैब-ग्रोन डायमंड से जड़े सोने के गहनों की डिजाइनिंग, मैनुफैक्चरिंग और बिक्री के कारोबार में है। कंपनी का बिजनेस मॉडल एकीकृत है, जिसमें B2B मैनुफैक्चरिंग और संगठित रिटेलर्स, इंडिपेंडेंट रिटेलर्स और थोक विक्रेताओं को सप्लाई के साथ-साथ अपनी सहायक कंपनी अयानी डायमंड्स एंड ज्वेलरी प्राइवेट लिमिटेड के जरिए डायरेक्ट-टू-कंज्यूमर (D2C) कारोबार भी शामिल है।
कंपनी का पूरा ऑपरेशनल मॉडल कच्चे माल की खरीद, गहनों की डिजाइनिंग, मैनुफैक्चरिंग, क्वॉलिटी कंट्रोल, डिस्ट्रीब्यूशन और ब्रांडेड रिटेल तक फैला हुआ है। इससे कंपनी को प्रोडक्ट्स की क्वॉलिटी, लागत और सप्लाई टाइम पर बेहतर कंट्रोल रखने में मदद मिलती है।
नित्याज जेम्स एंड ज्वेलरी लैब-ग्रोन डायमंड से जड़े सोने के गहनों की कई कैटेगरी पेश करती है। इनमें रिंग्स, ईयररिंग्स, पेंडेंट, ब्रेसलेट, मंगलसूत्र, नोज पिन, नेकलेस, कफलिंक्स और बैंगल्स शामिल हैं। कंपनी के प्रोडक्ट्स रोजमर्रा के इस्तेमाल, खास मौकों, पुरुषों के आभूषण और कस्टमाइज्ड ज्वेलरी सेगमेंट को ध्यान में रखकर तैयार किए जाते हैं।
कंपनी का खास फोकस हल्के और किफायती आभूषणों पर है। इसके प्रमुख B2B ग्राहकों में GIVA, Palmonas, ONYA और Ladia Diamonds समेत अन्य ग्राहक शामिल हैं। कंपनी अपने खुद के डिजाइन के अलावा ग्राहकों की जरूरत के अनुसार कस्टमाइज्ड आभूषण भी तैयार करती है। इसमें सोने की शुद्धता, वजन, डिजाइन और फिनिशिंग जैसी जरूरतों के अनुसार उत्पाद तैयार किए जाते हैं।
1994 में स्थापित विशाल निर्मित लिमिटेड, जिसे पहले सेजल फार्म्स प्राइवेट लिमिटेड के नाम से जाना जाता था, सिविल इंजीनियरिंग, मैनुफैक्चरिंग और कंस्ट्रक्शन के सेक्टर में काम करने वाली कंपनी है। कंपनी का मुख्य कारोबार रेलवे के लिए प्रि-स्ट्रेस्ड कॉन्क्रीट (PSC) स्लीपर, प्री-कास्ट और प्री-स्ट्रेस्ड कंक्रीट प्रोडक्ट्स के निर्माण और बिक्री से जुड़ा है।
इसके अलावा, कंपनी Mild Steel (MS) पाइप, लाइनर और पेनस्टॉक पाइप की फैब्रिकेशन और इंस्टॉलेशन का काम भी करती है। इन उत्पादों का इस्तेमाल खास तौर पर Pumped Storage Projects (PSPs) में किया जाता है। पंप्ड स्टोरेज प्रोजेक्ट्स नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, क्योंकि इनमें बिजली की मांग और उपलब्धता के अनुसार ऊर्जा को स्टोर करने और जरूरत के समय इस्तेमाल करने की सुविधा होती है।
मैनुफैक्चरिंग के अलावा विशाल निर्मित लिमिटेड इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट एंड कंस्ट्रक्शन (EPC) सर्विसेज भी देती है। कंपनी रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर, सिंचाई और अन्य सिविल इंजीनियरिंग प्रोजेक्ट्स से जुड़े काम करती है। कंपनी की सेवाओं का दायरा मुख्य रूप से रेलवे, रिन्यूएबल पावर और इंडस्ट्रियल इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे क्षेत्रों तक फैला हुआ है। EPC मॉडल के तहत कंपनी प्रोजेक्ट की इंजीनियरिंग और जरूरी सामग्री की खरीद से लेकर निर्माण और प्रोजेक्ट को पूरा करने तक की विभिन्न जिम्मेदारियां संभालती है।
संबंधित समाचार
लेखकों के बारे में

अगला लेख