return to news
  1. मीशो में तूफानी तेजी, एक ही दिन में 13% भागा शेयर, जानिए क्या है वजह?

मार्केट न्यूज़

मीशो में तूफानी तेजी, एक ही दिन में 13% भागा शेयर, जानिए क्या है वजह?

Upstox

3 min read | अपडेटेड December 16, 2025, 12:23 IST

सारांश

मीशो के शेयर ने मंगलवार को 193.5 रुपये का नया हाई बनाया। लिस्टिंग के महज 5 दिनों में इसने निवेशकों को इश्यू प्राइस से 74% का रिटर्न दिया है। जीरो कमीशन मॉडल और टियर-2 शहरों में पकड़ इसके बढ़ने की बड़ी वजह है। हालांकि, एक्सपर्ट्स ने मुनाफावसूली की चेतावनी भी दी है।

शेयर सूची

मीशो

मीशो के शेयरों का आज क्या है हाल?

शेयर बाजार में पिछले हफ्ते एंट्री लेने वाली ई-कॉमर्स कंपनी मीशो (Meesho) के शेयरों ने निवेशकों को मालामाल कर दिया है। मंगलवार के कारोबारी सेशन में कंपनी के शेयरों में जबरदस्त खरीदारी देखने को मिली, जिससे शेयर का भाव अपने अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गया। बीएसई (BSE) पर इंट्रा-डे ट्रेड के दौरान मीशो का शेयर 13 फीसदी की छलांग लगाकर 193.5 रुपये के नए हाई पर पहुंच गया।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

5 दिन में 74 फीसदी का बंपर रिटर्न

मीशो की शेयर बाजार में लिस्टिंग 10 दिसंबर 2025 को हुई थी। कंपनी ने अपना आईपीओ 111 रुपये प्रति शेयर के भाव पर जारी किया था। आज की तेजी को मिलाकर देखें तो पिछले 5 कारोबारी दिनों में ही यह शेयर अपने इश्यू प्राइस से करीब 74 फीसदी ऊपर चढ़ चुका है। मंगलवार सुबह जब बाजार में थोड़ी सुस्ती थी और सेंसेक्स 0.42 फीसदी नीचे था, तब मीशो का शेयर 12 फीसदी की तेजी के साथ 191.75 रुपये पर ट्रेड कर रहा था। सुबह 11:35 बजे के आसपास एनएसई (NSE) पर यह शेयर करीब 7.34 फीसदी की बढ़त के साथ 183.30 रुपये पर कारोबार कर रहा था। भारी वॉल्यूम के साथ आज एनएसई और बीएसई पर कुल मिलाकर 5.7 करोड़ से ज्यादा शेयरों का आदान-प्रदान हुआ।

क्यों भाग रहा है मीशो का शेयर?

मीशो की इस तेजी के पीछे इसका अनोखा बिजनेस मॉडल है। यह एक जीरो-कमीशन मॉडल पर काम करता है, जो इसे बाकी ई-कॉमर्स कंपनियों से अलग बनाता है। इसका मतलब है कि यह अपने प्लेटफॉर्म पर सामान बेचने वाले सेलर्स से कमीशन नहीं लेता, जिससे कीमतें कम रहती हैं। भारत के छोटे शहरों (टियर-2 और टियर-3) के ग्राहकों के बीच इसकी गहरी पैठ है। कंपनी के पास करीब 23.4 करोड़ सालाना ट्रांजैक्शन करने वाले यूजर्स हैं। इसके अलावा, कंपनी लॉजिस्टिक्स और विज्ञापन के जरिए अपनी कमाई करती है।

एक्सपर्ट्स की क्या है राय?

आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज (ICICI Securities) के विश्लेषकों का मानना है कि मीशो का वैल्युएशन काफी आकर्षक है। उनके मुताबिक, वित्त वर्ष 2025 की आय के 5 गुना वैल्युएशन पर यह शेयर अपने प्रतिस्पर्धियों के मुकाबले सस्ते में मिल रहा है। कंपनी का बिजनेस मॉडल मजबूत है और पिछले दो सालों से यह लगातार फ्री कैश फ्लो जनरेट कर रही है।

वहीं, इनक्रेड इक्विटीज (InCred Equities) ने इसे छोटी अवधि के लिए 'सब्सक्राइब' रेटिंग दी थी। उनका कहना है कि कम वैल्युएशन के कारण इसमें अभी तेजी की गुंजाइश है। हालांकि, लंबी अवधि में ई-कॉमर्स बिजनेस में कई चुनौतियां भी हैं, क्योंकि कंपनी का मार्जिन बहुत कम है और मुनाफा कमाने के लिए इसे अभी और समय लगेगा।

निवेशकों के लिए चेतावनी

इतनी शानदार तेजी के बावजूद एक्सपर्ट्स ने निवेशकों को थोड़ा सावधान रहने की सलाह दी है। पॉल एसेट एंड फंड मैनेजर के रिसर्च एनालिस्ट प्रसेनजीत पॉल ने बीएस को बताया कि न्यू-एज टेक कंपनियों की लिस्टिंग में अक्सर ऐसा पैटर्न देखा जाता है। शुरुआत में शेयर तेजी से भागते हैं, लेकिन फिर जो निवेशक पहले से बने हुए हैं, वे मुनाफावसूली (Profit Booking) करते हैं। इससे शेयर में गिरावट आ सकती है। इसलिए आने वाले कुछ हफ्तों में शेयर में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। नए निवेशकों को सोच-समझकर फैसला लेना चाहिए।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

लेखकों के बारे में

Upstox
Upstox Hindi News Desk पत्रकारों की एक टीम है जो शेयर बाजारों, अर्थव्यवस्था, वस्तुओं, नवीनतम व्यावसायिक रुझानों और व्यक्तिगत वित्त को उत्साहपूर्वक कवर करती है।

अगला लेख