return to news
  1. HEG के शेयर में 63% की बड़ी गिरावट क्यों? आज हो रहा है कंपनी का डिमर्जर, समझें शेयरधारकों को कैसे मिलेगा फायदा?

मार्केट न्यूज़

HEG के शेयर में 63% की बड़ी गिरावट क्यों? आज हो रहा है कंपनी का डिमर्जर, समझें शेयरधारकों को कैसे मिलेगा फायदा?

विकास तिवारी

4 min read | अपडेटेड September 07, 2026, 10:47 IST

सारांश

HEG लिमिटेड के शेयर में 7 सितंबर को 63 पर्सेंट से ज्यादा की गिरावट आई है। यह गिरावट डिमर्जर की रिकॉर्ड डेट के कारण हुई है और शेयर एक्स-डिमर्जर प्राइस पर ट्रेड कर रहा है। कंपनी अपने ग्रेफाइट इलेक्ट्रोड बिजनेस को अलग कर रही है। योग्य निवेशकों को 1:1 के रेशियो में नई कंपनी के शेयर मिलेंगे।

heg-ltd-share-price-drop-demerger-record-date

HEG के शेयर में डिमर्जर की रिकॉर्ड डेट पर आई गिरावट। Image: Company website

भारतीय शेयर बाजार में 7 सितंबर को HEG लिमिटेड के शेयर में अचानक भारी गिरावट देखने को मिली है। ट्रेडिंग की शुरुआत में ही कंपनी का शेयर 63% से ज्यादा टूटकर 264 रुपये के आसपास आ गया, जबकि इसका पिछला बंद भाव 728.25 रुपये था। हालांकि इस तेज गिरावट को देखकर पैनिक होने या घबराने की बिल्कुल भी जरूरत नहीं है। दरअसल आज कंपनी के डिमर्जर की रिकॉर्ड डेट है और शेयर एक्स-डिमर्जर प्राइस पर ट्रेड कर रहा है। जिन निवेशकों के पास इस कंपनी के शेयर हैं, उनके पास कुछ ही समय में नई कंपनी के शेयर क्रेडिट होकर अपने आप ऑटो एडजस्ट हो जाएंगे और शेयरों की संख्या उसी अनुपात में बढ़ जाएगी जिस अनुपात में शेयर प्राइस नीचे आया है।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

क्यों आई शेयर में इतनी बड़ी गिरावट?

HEG अपने बिजनेस का पुनर्गठन कर रही है और कंपनी ने अपने मुख्य ग्रेफाइट इलेक्ट्रोड बिजनेस को एक अलग इकाई में बांटने का फैसला किया है। इस डिमर्जर की प्रक्रिया को पूरा करने के लिए 7 सितंबर 2026 की रिकॉर्ड डेट तय की गई थी। रिकॉर्ड डेट वाले दिन शेयर का भाव डिमर्ज हो चुकी इकाई की वैल्यू के हिसाब से नीचे आ जाता है। शेयर बाजार में भाव के इस नीचे आने से निवेशकों को कोई नुकसान नहीं होता है। ऑटो एडजस्टमेंट की प्रक्रिया के तहत निवेशकों के पोर्टफोलियो में नई कंपनी के शेयर उसी अनुपात में जुड़ जाएंगे, जिस अनुपात में शेयर का प्राइस नीचे आया है।

शेयरधारकों को क्या और कैसे मिलेगा?

कंपनी के इस डिमर्जर स्कीम के तहत एक्जिस्टिंग लिस्टेड एंटिटी, जिसका नाम बदलकर HEG एडवांस मैटेरियल्स लिमिटेड कर दिया गया है, के पास एडवांस मैटेरियल्स, बैटरी एनर्जी सॉल्यूशंस और ग्रीन पावर का बिजनेस रहेगा। वहीं ग्रेफाइट इलेक्ट्रोड बिजनेस को एक नई कंपनी HEG ग्रेफाइट लिमिटेड में ट्रांसफर कर दिया गया है। 7 सितंबर 2026 की रिकॉर्ड डेट तक जिन निवेशकों के पास HEG एडवांस मैटेरियल्स का 2 रुपये फेस वैल्यू वाला 1 शेयर होगा, उन्हें HEG ग्रेफाइट लिमिटेड का भी 2 रुपये फेस वैल्यू वाला 1 शेयर मिलेगा। यानी डिमर्जर का रेशियो 1:1 रखा गया है।

भिलवाड़ा एनर्जी के साथ मर्जर का प्लान

डिमर्जर के साथ ही अमलगमेशन की योजना भी बनाई गई है। इसके तहत HEG एडवांस मैटेरियल्स लिमिटेड द्वारा भिलवाड़ा एनर्जी लिमिटेड के मौजूदा शेयरधारकों को भी शेयर जारी किए जाएंगे। भिलवाड़ा एनर्जी के हर 7 शेयर (10 रुपये फेस वैल्यू) के बदले HEG एडवांस मैटेरियल्स के 8 इक्विटी शेयर (2 रुपये फेस वैल्यू) दिए जाएंगे। हालांकि इसमें HEG एडवांस मैटेरियल्स के पास मौजूद भिलवाड़ा एनर्जी के शेयरों को शामिल नहीं किया जाएगा।

कब होगी नई कंपनी की लिस्टिंग?

डिमर्ज होकर बनी नई कंपनी HEG ग्रेफाइट लिमिटेड के अक्टूबर 2026 के दूसरे पखवाड़े में शेयर बाजारों पर लिस्ट होने की उम्मीद है। लिस्टिंग के बाद इस नई कंपनी का नाम बदलकर वापस HEG लिमिटेड कर दिया जाएगा। मैनेजमेंट में हुए बदलावों की बात करें तो रवि झुंझुनवाला 1 सितंबर 2026 से HEG ग्रेफाइट लिमिटेड के चेयरमैन, मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। वह HEG एडवांस मैटेरियल्स के बोर्ड में भी बने रहेंगे। वहीं रिजु झुंझुनवाला को HEG एडवांस मैटेरियल्स लिमिटेड का चेयरमैन, मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ बनाया गया है।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

लेखकों के बारे में

विकास तिवारी
Vikash Tiwary is a finance journalist with 6+ years of newsroom experience. He is currently growing Upstox Hindi, crafting data-driven stories on stocks, personal finance, mutual funds, and global markets, while exploring how AI can simplify finance. His work spans Zee Business, TV9 Bharatvarsh, ABP News, India TV, and Inshorts. He also holds NISM certification.

अगला लेख