return to news
  1. BHEL को मिला ₹600-900 करोड़ का तगड़ा ऑर्डर, शेयरों में भी दिखा एक्शन, यहां देखें पूरी डीटेल

मार्केट न्यूज़

BHEL को मिला ₹600-900 करोड़ का तगड़ा ऑर्डर, शेयरों में भी दिखा एक्शन, यहां देखें पूरी डीटेल

Namita Shukla

3 min read | अपडेटेड November 11, 2026, 13:23 IST

सारांश

BHEL ने आज शेयर बाजारों को नियामकीय सूचना जारी कर इस अनुबंध की जानकारी दी है। प्रोजेक्ट का अनुमानित मूल्य 600 करोड़ रुपये से 900 करोड़ रुपये के बीच है। इसमें जीएसटी शामिल नहीं है।

शेयर सूची

BHEL
--
बीएचईएल

बीएचईएल को मिला बड़ा ऑर्डर, शेयर उछले (Photo: Shutterstock)

पब्लिक सेक्टर की प्रमुख इंजीनियरिंग और विनिर्माण कंपनी भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल) को पावर ग्रिड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड से एक बड़ा ऑर्डर मिला है। जिसके बाद आज बीएचईएल के शेयरों में 2% से ज्यादा की तेजी देखने को मिली। दोपहर 1:20 बजे बीएचईएल के शेयर 2.15% यानी कि 9 रुपये चढ़कर 432 रुपये प्रति शेयर पर ट्रेड हो रहे थे। इस ऑर्डर के तहत बीएचईएल गुजरात के कल्याणपुर में दो सिंक्रोनस कंडेनसर स्थापित करेगी। कंपनी ने आज शेयर बाजारों को नियामकीय सूचना जारी कर इस कॉन्ट्रैक्ट की जानकारी दी है। प्रोजेक्ट की अनुमानित कॉस्ट 600 करोड़ रुपये से 900 करोड़ रुपये के बीच है। इसमें जीएसटी शामिल नहीं है।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

बीएचईएल को यह ऑर्डर पावर ग्रिड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड की ओर से उसकी प्रोजेक्ट एसपीवी कंपनी के जरिए मिला है। कंपनी को इस संबंध में नोटिफिकेशन ऑफ अवॉर्ड (एनओए) प्राप्त हुआ है। यह परियोजना गुजरात के जाम खंभालिया रिन्यूएबल एनर्जी जोन (आरईजेड) से बिजली के एकीकरण के लिए विकसित की जा रही ट्रांसमिशन प्रणाली से जुड़ी है।

अनुबंध के अंतर्गत बीएचईएल दो सिंक्रोनस कंडेनसर की डिजाइनिंग, इंजीनियरिंग, विनिर्माण, आपूर्ति, स्थापना, परीक्षण और कमीशनिंग का कार्य करेगी। दोनों उपकरणों की क्षमता +300/-200 एमवीएआर निर्धारित की गई है। प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए कंपनी को 35 महीने का समय दिया गया है। इस प्रोजेक्ट का महत्व देश में नवीकरणीय ऊर्जा उत्पादन क्षमता के विस्तार और उससे जुड़ी बिजली पारेषण व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिहाज से देखा जा रहा है। गुजरात के जाम खंभालिया क्षेत्र में रिन्यूएबल एनर्जी परियोजनाओं से उत्पादित बिजली को व्यापक ग्रिड प्रणाली से जोड़ने के लिए मजबूत और प्रभावी ट्रांसमिशन नेटवर्क की आवश्यकता है। इसी उद्देश्य से कल्याणपुर में सिंक्रोनस कंडेनसर स्थापित किए जाएंगे।

सिंक्रोनस कंडेनसर विद्युत ग्रिड की स्थिरता और वोल्टेज नियंत्रण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों, विशेषकर सौर और पवन ऊर्जा की बढ़ती हिस्सेदारी के बीच ग्रिड की तकनीकी आवश्यकताएं भी बढ़ रही हैं। ऐसे में सिंक्रोनस कंडेनसर जैसी तकनीक बिजली व्यवस्था को अधिक स्थिर और विश्वसनीय बनाने में सहायक होती है।

बीएचईएल के लिए यह अनुबंध व्यावसायिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। 600-900 करोड़ रुपये के इस ऑर्डर से कंपनी की घरेलू परियोजना पाइपलाइन को मजबूती मिलेगी। साथ ही, डिजाइन से लेकर कमीशनिंग तक की जिम्मेदारी मिलने से कंपनी की समग्र इंजीनियरिंग और परियोजना क्रियान्वयन क्षमताओं का उपयोग होगा। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि यह एक घरेलू ऑर्डर है। इस अनुबंध में प्रमोटर या प्रमोटर समूह की कोई रुचि नहीं है और यह संबंधित पक्षों के बीच होने वाला लेनदेन भी नहीं है।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

लेखकों के बारे में

Namita Shukla
Namita Shukla is a seasoned journalist with over 15 years of experience in Hindi media. She has worked with some of the most reputed news organizations, including Navbharat Times, Dainik Jagran, Aaj Tak, and Hindustan Times Hindi. Throughout her career, Namita has reported on a wide range of beats such as national affairs, sports, business, and entertainment, bringing clarity and depth to her reporting. In addition to her journalistic work, she is a certified fact-checker by both Google and Meta, underscoring her commitment to accuracy and ethical journalism in the digital age.

अगला लेख

End of additional stories