return to news
  1. प्याज की कीमतों पर क्यों मचा घमासान, सरकार ने सफाई में क्या कुछ कहा, क्या है 'कांदा एक्सप्रेस'?

बिजनेस न्यूज़

प्याज की कीमतों पर क्यों मचा घमासान, सरकार ने सफाई में क्या कुछ कहा, क्या है 'कांदा एक्सप्रेस'?

Upstox

3 min read | अपडेटेड August 27, 2026, 09:06 IST

सारांश

नासिक से 'कांदा एक्सप्रेस' के जरिये प्याज की खेप का ट्रांसपोर्टेशन शुरू हो गया है और इसके दिल्ली एनसीआर पहुंचने की उम्मीद है। प्याज की सप्लाई चेन्नई, कोलकाता, एर्नाकुलम, गुवाहाटी, वाराणसी, लखनऊ, पटना, चंडीगढ़, जम्मू और अमृतसर जैसे अन्य बड़े खपत केंद्रों में भी की जा रही है।

प्याज

प्याज की आपूर्ति पर्याप्त, ग्राहकों के बीच अफवाहें फैलाई जा रही हैं : सरकार (Photo: Pixabay)

सरकार ने बुधवार को कहा कि त्योहारी मौसम की मांग को पूरा करने के लिए प्याज की पर्याप्त उपलब्धता है और रिटेल कीमतों को कंट्रोल करने के लिए बफर स्टॉक से इसकी बिक्री शुरू कर दी गई है। उपभोक्ता मामलों के विभाग ने एक बयान में कहा कि खाने-पीने की चीजों की ऊंची कीमतों के बारे में मिसलीडिंग दावे और अफवाहें फैलाई जा रही हैं ताकि कस्टमर्स में घबराहट पैदा की जा सके। बुधवार को प्याज की अखिल भारतीय औसत रिटेल कीमत 46.74 रुपये प्रति किलोग्राम रही, जो एक महीने पहले के स्तर से 35% और सालाना आधार पर 63% अधिक है। सरकार ने कहा है कि वह प्याज की उपलब्धता और कीमतों पर बारीकी से नजर रख रही है और कस्टमर्स के हितों की रक्षा के लिए जरूरत पड़ने पर और कदम उठाएगी। विभाग ने कहा, ‘आने वाले महीनों में घरेलू डिमांड को पूरा करने के लिए प्याज की उपलब्धता संतोषजनक है।’ साल 2025-26 में प्याज का उत्पादन 307.37 लाख टन होने का अनुमान है, जबकि पिछले साल यह 307.67 लाख टन था।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

सरकार एक्शन में

विभाग ने कहा, ‘अच्छे उत्पादन, बफर स्टॉक की उपलब्धता और बाजार में सक्रिय हस्तक्षेप से आने वाले महीनों में पर्याप्त आपूर्ति और मौसमी कीमतों के दबाव को कंट्रोल में रखने की उम्मीद है।’ विभाग ने कहा कि कस्टमर्स और किसानों के हितों की रक्षा के लिए, वह राज्यों में प्याज की कीमतों, आवक और उपलब्धता पर बारीकी से नजर रख रहा है। पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने और कीमतों में अनावश्यक वृद्धि को रोकने के लिए जरूरत पड़ने पर और कदम उठाए जाएंगे। सरकार ने बफर स्टॉक के लिए लगभग 1.21 लाख टन प्याज खरीदा है। साल 2026-27 के दौरान प्याज बफर स्टॉक के लिए स्टोरेज एजेंसी के तौर पर पहली बार केंद्रीय भंडारण निगम (सीडब्ल्यूसी) को लगाया गया है।

दिल्ली में कहां-कहां मिलेगा ₹35 प्रति किलो प्याज?

विभाग ने कहा, ‘दिल्ली में एनसीसीएफ और नाफेड की मोबाइल वैन और खुदरा बिक्री केंद्र के साथ-साथ सफल और केंद्रीय भंडार के बिक्री केंद्र के जरिये 35 रुपये प्रति किलो की दर से प्याज की रिटेल बिक्री शुरू की गई है।’ यह बिक्री एनसीसीएफ के 90 बिक्री केंद्र और 40 मोबाइल वैन, नाफेड के 13 बिक्री केंद्र और 50 मोबाइल वैन, और लगभग 100 केंद्रीय भंडार बिक्री केंद्र के जरिये की जा रही है। 'कांदा एक्सप्रेस' पहल, बफर स्टॉक वाले प्याज को उत्पादन वाले इलाकों से खपत वाले केंद्रों तक पहुंचाने के लिए एक असरदार लॉजिस्टिक उपाय साबित हुई है।

नासिक से 'कांदा एक्सप्रेस' के जरिये प्याज की खेप का ट्रांसपोर्टेशन शुरू हो गया है और इसके दिल्ली एनसीआर पहुंचने की उम्मीद है। प्याज की सप्लाई चेन्नई, कोलकाता, एर्नाकुलम, गुवाहाटी, वाराणसी, लखनऊ, पटना, चंडीगढ़, जम्मू और अमृतसर जैसे अन्य बड़े खपत केंद्रों में भी की जा रही है।

PTI इनपुट के साथ

लेखकों के बारे में

Upstox
Upstox Hindi News Desk पत्रकारों की एक टीम है जो शेयर बाजारों, अर्थव्यवस्था, वस्तुओं, नवीनतम व्यावसायिक रुझानों और व्यक्तिगत वित्त को उत्साहपूर्वक कवर करती है।

अगला लेख