बिजनेस न्यूज़
.png)
4 min read | अपडेटेड July 21, 2026, 11:34 IST
सारांश
डोनाल्ड ट्रंप ने 1930 ट्रेड एक्ट के सेक्शन 338 के तहत तीन आदेशों पर दस्तखत किए हैं। यह नया 50 पर्सेंट टैरिफ अगले 30 दिनों में लागू हो जाएगा। हालांकि, इसमें एनर्जी प्रॉडक्ट्स, पोटाश, मछली और क्रिटिकल मिनरल्स को छूट दी गई है।

अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कनाडा से आने वाले सामान पर 50 पर्सेंट टैरिफ लगाने का ऐलान किया है। Image: Shutterstock
अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को कनाडा से आने वाले ज्यादातर सामानों पर 50% का भारी टैरिफ लगाने का बड़ा ऐलान किया है। अमरीकी प्रशासन का कहना है कि कनाडा अमरीका के ऑटोमोबाइल, अल्कोहल और डेयरी प्रॉडक्ट्स के साथ लगातार भेदभाव कर रहा है। ट्रंप के इस कदम से दोनों देशों के बीच ट्रेड वॉर का नया दौर शुरू हो सकता है। इससे अमरीका और कनाडा में महंगाई बढ़ने का खतरा पैदा हो गया है, साथ ही सालों पुराने व्यापारिक संबंधों में भारी खटास आने की आशंका है।
अमरीकी प्रशासन के एक अधिकारी ने बताया कि ट्रंप ने 1930 ट्रेड एक्ट के सेक्शन 338 के तहत तीन घोषणाओं पर दस्तखत करके यह टैरिफ लागू किया है। अमरीकी प्रशासन का मानना है कि चीन के अलावा कनाडा ही ऐसा देश था जिसने ट्रंप के पिछले टैरिफ के जवाब में कार्रवाई की थी, इसलिए उसे जवाबदेह ठहराना जरूरी है। हालांकि, पिछले साल कई डेमोक्रेटिक सांसदों ने इस सेक्शन को खत्म करने का प्रस्ताव दिया था क्योंकि उनका मानना था कि इसका इस्तेमाल अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाने के लिए किया जा सकता है।
व्हाइट हाउस की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, यह 50% का टैरिफ अगले 30 दिनों में लागू कर दिया जाएगा। इस टैरिफ के दायरे में वाइन, हॉकी स्टिक से लेकर सीमेंट तक के सामान शामिल होंगे। हालांकि, इस नए फैसले से एनर्जी प्रॉडक्ट्स, पोटाश, मछली और क्रिटिकल मिनरल्स को बाहर रखा गया है। अमरीका, मेक्सिको और कनाडा के बीच साल 2020 में हुए USMCA व्यापार समझौते के तहत जो सामान अब तक टैक्स से बचे हुए थे, वे भी अब इस टैरिफ के दायरे में आ जाएंगे। अमरीका द्वारा इस समझौते का रिन्यूअल न किए जाने से अब 2036 तक चलने वाली नई बातचीत का दौर शुरू हो सकता है।
अमरीकी राष्ट्रपति का तर्क है कि कनाडा अमरीकी गाड़ियों, अल्कोहल और पनीर के साथ दूसरे देशों के मुकाबले भेदभाव करता है। अमरीका का आरोप है कि कनाडा ने अप्रैल 2025 से अमरीकी गाड़ियों पर 25% का जबावी टैक्स लगा रखा है, जो फेंटानिल स्मगलिंग रोकने के नाम पर लगाए गए अमरीकी टैरिफ के जवाब में था। इसके अलावा, पिछले साल से कनाडा के ज्यादातर राज्यों ने अमरीकी शराब की खरीद और बिक्री पर रोक लगा दी थी। ट्रंप काफी समय से कनाडाई पनीर और डेयरी प्रॉडक्ट्स पर यूरोप के मुकाबले अमरीका से होने वाले भेदभाव का विरोध करते रहे हैं। ट्रंप ने अपने अधिकारियों को यह भी देखने को कहा है कि कनाडाई जंगलों की आग से अमरीका की हवा खराब होने पर क्या अतिरिक्त टैरिफ लगाया जा सकता है।
इस बड़े फैसले से ठीक पहले रविवार को वर्ल्ड कप फाइनल के दौरान ट्रंप और कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी एक साथ मैच देखते नजर आए थे। हालांकि, अमरीकी अधिकारियों ने साफ किया है कि यह केवल एक खेल देखने की मुलाकात थी और इसमें व्यापारिक मुद्दों पर कोई बातचीत नहीं हुई थी। दोनों नेताओं के बीच रिश्ते पहले से ही काफी तल्ख रहे हैं। मार्क कार्नी ने इसी साल स्विट्जरलैंड के दावोस में आयोजित वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम में कहा था कि दुनिया के सबसे ताकतवर देश अपनी आर्थिक ताकत का इस्तेमाल कम ताकतवर देशों पर दबाव बनाने के लिए कर रहे हैं। इस पर ट्रंप ने जबाव देते हुए कहा था कि कनाडा का अस्तित्व अमरीका की वजह से ही टिका हुआ है।
संबंधित समाचार
लेखकों के बारे में
.png)
अगला लेख