बिजनेस न्यूज़
.png)
4 min read | अपडेटेड November 10, 2026, 16:47 IST
सारांश
रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स ने 28 नए एसकेयू के साथ बिस्कुट बाजार में दस्तक दी है। कंपनी ने तमिलनाडु से इंडिपेंडेंस ब्रांड के तहत शुरुआत की है। इस पर ब्रिटानिया के सीईओ रक्षित हरगावे का कहना है कि बिस्कुट बाजार में 5 और 10 रुपये वाले सेगमेंट में कोला जैसी छूट देना आसान नहीं होगा।

रिलायंस के बिस्कुट बाजार में उतरने पर ब्रिटानिया के सीईओ रक्षित हरगावे ने अपनी प्रतिक्रिया दी।
मुकेश अंबानी की रिलायंस इंडस्ट्रीज ने अब देश के बिस्कुट बाजार में दस्तक देकर FMCG सेक्टर में हलचल बढ़ा दी है। रिलायंस की एफएमसीजी इकाई रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड यानी आरसीपीएल ने अपने इंडिपेंडेंस ब्रांड के तहत बिस्कुट पोर्टफोलियो का बड़ा विस्तार किया है। कंपनी ने तमिलनाडु से 9 वेरियंट में 28 नए एसकेयू लॉन्च किए हैं। रिलायंस के इस कदम से ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज, आईटीसी और पारले प्रोडक्ट्स जैसी कंपनियों के बीच मुकाबला कड़ा हो गया है। हालांकि ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज के सीईओ और एमडी रक्षित हरगावे का मानना है कि रिलायंस के लिए बिस्कुट बाजार में कोला जैसी आक्रामक छूट की रणनीति दोहराना काफी मुश्किल होगा।
शनिवार को एनालिस्ट कॉल के दौरान ब्रिटानिया के सीईओ रक्षित हरगावे ने कहा कि कंपनी रिलायंस के इस कदम का बारीकी से अध्ययन करेगी। उन्होंने कहा कि रिलायंस बाजार में पहले से मौजूद क्लासिकल उत्पादों जैसी रेंज लेकर आई है और उन्होंने तमिलनाडु से शुरुआत की है। तमिलनाडु ब्रिटानिया के लिए भी बिस्कुट का एक बड़ा बाजार है। हरगावे ने साफ किया कि बिस्कुट बाजार की बनावट कोला सेगमेंट से एकदम अलग है। कोला में रिलायंस ने भारी डिस्काउंट देकर बड़ा बदलाव किया था। लेकिन बिस्कुट बाजार का बड़ा हिस्सा 5 और 10 रुपये के प्राइस पॉइंट पर चलता है। ऐसे में बिस्कुट के 5 और 10 रुपये वाले सेगमेंट में डिस्काउंट देना संभव नहीं है, जैसा कोला में किया गया था।
ब्रिटानिया प्रमुख ने रिलायंस को एक बेहद सम्मानित प्रतिस्पर्धी बताया और कहा कि वे बाजार के बदलावों पर नजर रखेंगे। उन्होंने भरोसा जताया कि ब्रिटानिया के पास मजबूत बाजार पकड़ और आगे बढ़ने के लिए ठोस योजनाएं हैं। रिलायंस ने तमिलनाडु को अपने बिस्कुट कारोबार का मुख्य बाजार बताया है। कंपनी अपनी प्रोडक्शन कैपेसिटी बढ़ाकर धीरे-धीरे दूसरे राज्यों में विस्तार करेगी। रिलायंस के पोर्टफोलियो में पावर अप नाम का बिस्कुट शामिल है, जिसमें दूध, ग्लूकोज और प्रोटीन का मिश्रण है। कंपनी इसे रोजाना इस्तेमाल होने वाले बिस्कुट की कैटेगरी में एक अलग उत्पाद के रूप में पेश कर रही है।
रिलायंस ने अगस्त 2022 में कैंपा कोला का अधिग्रहण करके बेवरेज मार्केट में कदम रखा था। कंपनी की अर्निंग्स प्रेजेंटेशन के मुताबिक, कैंपा कोला ने चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में 2,900 करोड़ रुपये की बिक्री दर्ज की, जो आरसीपीएल के कुल रेवेन्यू का लगभग एक तिहाई हिस्सा था। यह बिक्री वित्त वर्ष 2025-26 की कुल बिक्री का लगभग 50% थी। कंपनी इस महीने के अंत तक कैंपा को एल्युमिनियम कैन में भी लॉन्च करने की तैयारी में है। इसके अलावा रिलायंस ने इसी साल फरवरी में अधिग्रहित गुडनेस ग्रुप के जरिए ऑस्ट्रेलियाई बाजार में भी कैंपा के कैन पेश किए हैं।
इस बीच रिलायंस रिटेल ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही यानी Q2 FY27 के वित्तीय नतीजे जारी किए हैं। सितंबर तिमाही में रिलायंस रिटेल का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 24.5% घटकर 2,619 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल समान तिमाही में 3,469 करोड़ रुपये था। हालांकि कंपनी का ग्रॉस रेवेन्यू 6.43% बढ़कर 91,716 करोड़ रुपये रहा। वहीं आरआरवीएल का ऑपरेशन से रेवेन्यू 5.78% बढ़कर 80,220 करोड़ रुपये दर्ज हुआ। ऑपरेशन से कंपनी का EBITDA 11.1% गिरकर 5,886 करोड़ रुपये रहा। इसके अलावा 28 अक्टूबर 2026 को जियो प्लेटफॉर्म्स की रिकॉर्ड लिस्टिंग के बाद, समूह साल 2028 के आसपास अपने रिटेल कारोबार की स्टॉक मार्केट में लिस्टिंग की तैयारी कर रहा है।
संबंधित समाचार
लेखकों के बारे में
.png)
अगला लेख