return to news
  1. सोने की चमक पड़ी कितनी फीकी, चांदी के दाम पर क्या है अपडेट? यहां चेक करें प्राइस

बिजनेस न्यूज़

सोने की चमक पड़ी कितनी फीकी, चांदी के दाम पर क्या है अपडेट? यहां चेक करें प्राइस

Upstox

2 min read | अपडेटेड November 11, 2026, 09:20 IST

सारांश

इंटरनेशनल मार्केट में हाजिर सोना 27.59 डॉलर यानी करीब 1% गिरकर 4,113.55 डॉलर प्रति औंस पर आ गया, जबकि चांदी 1% से अधिक टूटकर 52.77 डॉलर प्रति औंस पर रही।

सोना-चांदी

सोने की चमक हुई फीकी, चांदी स्थिर (Photo: Shutterstock)

राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में मंगलवार को सोने की कीमत 500 रुपये टूटकर 1,46,400 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई। कमजोर वैश्विक रुख और अमेरिकी डॉलर में मजबूती से निवेशकों की कारोबारी धारणा प्रभावित होने के कारण सोने की कीमतों में गिरावट आई। सोमवार को 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का भाव 1,46,900 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

स्थानीय कारोबारियों ने बताया कि हालांकि, चांदी की कीमत लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में 1,92,500 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) पर स्थिर रही। कारोबारियों के अनुसार, इंटरनेशनल मार्केट में सोने की कीमतों में कमजोरी के अनुरूप घरेलू बाजार में भी सोने के भाव में गिरावट आई। डॉलर में मजबूती ने भी कीमतों पर दबाव बनाया। उन्होंने कहा कि दिवाली के दौरान सोने की कमजोर लिवाली की वजह से भी इसकी कीमतों को सहारा नहीं मिल पाया।

इंटरनेशनल मार्केट में हाजिर सोना 27.59 डॉलर यानी करीब 1% गिरकर 4,113.55 डॉलर प्रति औंस पर आ गया, जबकि चांदी 1% से अधिक टूटकर 52.77 डॉलर प्रति औंस पर रही। निवेश मंच मुड्रेक्स के प्रमुख क्वांट विश्लेषक अक्षत सिद्धांत ने कहा, 'अमेरिका के मुद्रास्फीति संबंधी आंकड़े जारी होने से पहले कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से महंगाई की चिंताएं कम हुई हैं। इसके चलते पिछले कारोबारी सत्र में 1% की बढ़त के बाद सोना 4,100 डॉलर प्रति औंस के आसपास बना हुआ है।'

उन्होंने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच संघर्ष समाप्त करने की दिशा में प्रगति की उम्मीदों के बीच मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट कच्चे तेल का भाव 2.72 डॉलर यानी तीन प्रतिशत गिरकर 89.85 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आ गया। कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से महंगाई संबंधी कुछ चिंताएं कम हुई हैं, हालांकि डॉलर और वैश्विक सर्राफा बाजार में उतार-चढ़ाव का असर निकट अवधि में सोने की कीमतों पर बना हुआ है।

विश्लेषकों के अनुसार, निवेशक कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और महंगाई पर इसके संभावित प्रभाव पर नजर रख रहे हैं। अमेरिका के अहम मुद्रास्फीति आंकड़ों से फेडरल रिजर्व की ब्याज दर संबंधी आगे की नीति के बारे में संकेत मिल सकते हैं।

PTI इनपुट के साथ

लेखकों के बारे में

Upstox
Upstox Hindi News Desk पत्रकारों की एक टीम है जो शेयर बाजारों, अर्थव्यवस्था, वस्तुओं, नवीनतम व्यावसायिक रुझानों और व्यक्तिगत वित्त को उत्साहपूर्वक कवर करती है।

अगला लेख

End of additional stories