return to news
  1. RBI Polymer Banknotes: जल्द आएंगे 10 और 20 रुपये के प्लास्टिक नोट, क्या बंद हो जाएंगे कागजी नोट?

बिजनेस न्यूज़

RBI Polymer Banknotes: जल्द आएंगे 10 और 20 रुपये के प्लास्टिक नोट, क्या बंद हो जाएंगे कागजी नोट?

Upstox

3 min read | अपडेटेड August 05, 2026, 15:35 IST

सारांश

भारतीय रिजर्व बैंक अगले वित्तीय वर्ष की शुरुआत से देश में लंबे समय तक चलने वाले प्लास्टिक यानी पॉलिमर बैंकनोट लाने की तैयारी कर रहा है। गवर्नर संजय मल्होत्रा ने बताया कि ट्रायल के तौर पर 10 और 20 रुपये के नोट जारी किए जाएंगे।

rbi-polymer-banknotes-10-20-rupees

आरबीआई जल्द ही 10 और 20 रुपये के पॉलिमर नोट बाजार में उतारने की योजना बना रहा है। Image source: Shutterstock

भारतीय रिजर्व बैंक देश में जल्द ही प्लास्टिक यानी पॉलिमर के बने नए बैंकनोट लाने की तैयारी में जुटा हुआ है। आरबीआई के गवर्नर संजय मल्होत्रा ने बुधवार को मॉनेटरी पॉलिसी के ऐलान के बाद बताया कि अगर सब कुछ तय योजना के अनुसार रहा, तो अगले वित्तीय वर्ष की शुरुआत में ये पॉलिमर नोट बाजार में चलन में आ जाएंगे। सेंट्रल बैंक की योजना सबसे पहले कम मूल्य वाले नोटों को पॉलिमर में बदलने की है, क्योंकि ये नोट लोगों के हाथों में बार-बार आते-जाते हैं और जल्दी खराब हो जाते हैं।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

10 और 20 रुपये के नोटों का होगा ट्रायल

आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा के अनुसार, 10 रुपये और 20 रुपये के मूल्य वर्ग वाले नोटों के लिए फील्ड ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। इससे पहले सरकार ने संसद में बताया था कि उसने आरबीआई के उस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है, जिसके तहत 10 रुपये और 20 रुपये के 1-1 अरब पॉलिमर नोटों का फील्ड ट्रायल किया जाएगा। वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने लोकसभा में एक सवाल के लिखित जवाब में बताया था कि आरबीआई ने इस संबंध में सरकार से अनुमति मांगी थी। अगर यह ट्रायल सफल रहता है, तो इन दोनों मूल्य वर्ग में नियमित रूप से पॉलिमर नोट जारी किए जाएंगे।

कागजी नोटों की तुलना में काफी ज्यादा टिकाऊ

पॉलिमर नोटों का सबसे बड़ा फायदा यह है कि ये साधारण कागजी नोटों के मुकाबले बहुत अधिक टिकाऊ होते हैं और इनकी लाइफ लंबी होती है। दुनिया भर की अंतरराष्ट्रीय स्टडीज से पता चला है कि पॉलिमर नोट पानी, गंदगी और घिसने से आसानी से खराब नहीं होते हैं। गवर्नर ने बताया कि कुछ देशों में पॉलिमर नोट 30 साल से भी अधिक समय से सफलता से चलन में हैं। भारत में जिन नोटों का ट्रांजैक्शन सबसे ज्यादा होता है, उनके लिए पॉलिमर करेंसी बेहद उपयोगी साबित होगी।

कागजी नोट बंद नहीं होंगे

कई लोगों के मन में यह सवाल उठ सकता है कि क्या नए प्लास्टिक नोट आने से पुराने कागजी नोट बंद हो जाएंगे। सरकार ने पूरी तरह से साफ कर दिया है कि कागजी नोटों को चरणबद्ध तरीके से हटाने या बंद करने का कोई प्रस्ताव नहीं है। इसके अलावा, डिजिटल पेमेंट पर इन नोटों का क्या असर पड़ेगा, इसका आकलन नियमित रूप से नोट जारी होने के बाद ही किया जा सकेगा। भारत में जहां एक तरफ डिजिटल पेमेंट तेजी से बढ़ रहा है, वहीं दूसरी तरफ कैश की मांग भी मजबूत बनी हुई है।

2012 में हो चुकी है कोशिश

भारत में पॉलिमर नोट लाने का यह पहला प्रयास नहीं है। इससे पहले साल 2012 में सरकार ने देश के कुछ चुनिंदा शहरों में 10 रुपये के 1 अरब पॉलिमर नोटों के ट्रायल को मंजूरी दी थी। हालांकि, उस समय तकनीकी चुनौतियों के कारण यह योजना आगे नहीं बढ़ सकी थी। अब तकनीक में सुधार के साथ आरबीआई ने एक बार फिर इसके लागत और फायदों का मूल्यांकन करके आगे बढ़ने का फैसला किया है। ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, सिंगापुर और मलेशिया जैसे कई देश पहले से ही पॉलिमर बैंकनोट का सफलता से इस्तेमाल कर रहे हैं।

लेखकों के बारे में

Upstox
Upstox Hindi News Desk पत्रकारों की एक टीम है जो शेयर बाजारों, अर्थव्यवस्था, वस्तुओं, नवीनतम व्यावसायिक रुझानों और व्यक्तिगत वित्त को उत्साहपूर्वक कवर करती है।

अगला लेख