return to news
  1. सरकार के खजाने में गोल्ड इंपोर्ट ड्यूटी से आए ₹10463 करोड़, अब भारत में इतने का मिल रहा 10 ग्राम सोना

बिजनेस न्यूज़

सरकार के खजाने में गोल्ड इंपोर्ट ड्यूटी से आए ₹10463 करोड़, अब भारत में इतने का मिल रहा 10 ग्राम सोना

Upstox

3 min read | अपडेटेड August 11, 2026, 08:43 IST

सारांश

इंपोर्ट ड्यूटी 6% से बढ़ाकर 15% करने के फैसले के बाद सरकार को भारी रेवेन्यू मिला है। सरकार का मुख्य मकसद गैर जरूरी आयात को घटाना और देश के विदेशी मुद्रा भंडार को सुरक्षित रखना है। इस अवधि में बड़े पैमाने पर तस्करी का सोना भी पकड़ा गया है।

gold-silver-platinum-import-duty-customs

इंपोर्ट ड्यूटी में बढ़ोतरी के बाद सरकार को सोने और चांदी के आयात से रिकॉर्ड कस्टम ड्यूटी रेवेन्यू मिला है।

केंद्र सरकार ने सोने, चांदी और प्लेटिनम के आयात पर इंपोर्ट ड्यूटी में बढ़ोतरी करने के बाद भारी मात्रा में कस्टम ड्यूटी जुटाया है। 13 मई से 2 अगस्त 2026 के बीच सरकार को इन कीमती धातुओं के आयात से कुल 10,463 करोड़ रुपये का कस्टम ड्यूटी रेवेन्यू प्राप्त हुआ है। वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने लोकसभा में एक सवाल के लिखित जवाब में यह जानकारी दी है। सरकार के इस फैसले का सीधा और सकारात्मक असर सरकारी रेवेन्यू पर देखने को मिला है।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

सोने और चांदी की कीमतों में रिकॉर्ड उछाल

बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में बीते एक साल के दौरान भारी तेजी देखने को मिली है। 10 अगस्त 2026 को 24 कैरेट सोने का भाव 1,53,340 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया, जो 11 अगस्त 2025 को 1,00,540 रुपये था। यानी एक साल में सोने की कीमत में 52.52% का उछाल आया है। वहीं चांदी की कीमत 2,37,840 रुपये प्रति किलोग्राम दर्ज की गई, जो पिछले साल के 1,13,770 रुपये के मुकाबले 109.05% ज्यादा है। वायदा बाजार MCX और अंतरराष्ट्रीय कॉमेक्स बाजार में भी सोने-चांदी के भाव में मजबूती बनी हुई है।

सोने के आयात से मिला सबसे बड़ा हिस्सा

सरकार को मिले कुल 10,463 करोड़ रुपये के कस्टम ड्यूटी में सबसे बड़ा योगदान सोने का रहा है। इस दौरान सिर्फ सोने के आयात से सरकार को 10,040 करोड़ रुपये की कमाई हुई है। इसके अलावा चांदी के आयात से 328 करोड़ रुपये और प्लेटिनम के आयात से 95 करोड़ रुपये का टैक्स मिला है। चीन के बाद भारत दुनिया में सोने का दूसरा सबसे बड़ा उपभोक्ता देश है। देश में ज्वेलरी बनाने और आम लोगों की मांग के कारण सोने का आयात हमेशा बहुत अधिक रहता है। सोने के ज्यादा आयात से देश से विदेशी मुद्रा बाहर जाती है, जिसे नियंत्रित करने के लिए सरकार ने इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ाने का कदम उठाया था।

मई महीने में बढ़ाई गई थी इंपोर्ट ड्यूटी

सरकार ने 13 मई से सोने और चांदी पर इंपोर्ट ड्यूटी को 6% से बढ़ाकर सीधे 15% कर दिया था। इसके साथ ही प्लेटिनम पर लगने वाली ड्यूटी को 6.4% से बढ़ाकर 15.4% किया गया था। यह बदलाव सोने-चांदी के सिक्कों और डोर जैसे अन्य संबंधित सामानों पर भी लागू किए गए थे। वैश्विक बाजार में जारी हलचल और पश्चिम एशिया के तनाव की वजह से क्रूड ऑयल और फर्टिलाइजर का आयात महंगा हो गया था। ऐसे में सरकार गैर जरूरी चीजों के आयात को कम करके कच्चा तेल, खाद और औद्योगिक सामान के लिए विदेशी मुद्रा बचाना चाहती थी।

अवैध रूप से सोने के आयात को रोकने के लिए जांच एजेंसियों ने सख्त कार्रवाई की है। वित्त मंत्रालय द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार 13 मई से 30 जून के बीच अधिकारियों ने 161 किलोग्राम तस्करीत किया गया सोना जब्त किया है। इस मामले में कार्रवाई करते हुए कुल 116 लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है।

लेखकों के बारे में

Upstox
Upstox Hindi News Desk पत्रकारों की एक टीम है जो शेयर बाजारों, अर्थव्यवस्था, वस्तुओं, नवीनतम व्यावसायिक रुझानों और व्यक्तिगत वित्त को उत्साहपूर्वक कवर करती है।

अगला लेख