पर्सनल फाइनेंस
.png)
4 min read | अपडेटेड November 10, 2026, 16:14 IST
सारांश
पब्लिक प्रोविडेंट फंड और पोस्ट ऑफिस की 5 साल की एफडी दोनों ही सुरक्षित सरकारी विकल्प हैं। पोस्ट ऑफिस एफडी में 7.5% और PPF में 7.1% ब्याज मिलता है। लेकिन PPF का ब्याज पूरी तरह टैक्स फ्री होने से अधिक टैक्स चुकाने वाले निवेशकों को इसमें एफडी से ज्यादा फायदा मिलता है।

PPF और पोस्ट ऑफिस एफडी में ब्याज दर और टैक्स छूट के बाद मिलने वाले रिटर्न की तुलना।
सुरक्षित और बिना किसी मार्केट रिस्क के निवेश करने वालों के लिए पब्लिक प्रोविडेंट फंड यानी PPF और पोस्ट ऑफिस फिक्स्ड डिपॉजिट दोनों ही लोकप्रिय सरकारी विकल्प हैं। ये दोनों सरकार समर्थित बचत योजनाएं हैं और दोनों में तय ब्याज मिलता है। लेकिन इनमें से किसी एक को चुनते समय अक्सर लोग उलझन में पड़ जाते हैं। वर्तमान में PPF पर 7.1% ब्याज मिल रहा है, जबकि पोस्ट ऑफिस की 5 साल की टाइम डिपॉजिट पर 7.5% की दर से अधिक ब्याज दिया जा रहा है। पहली नजर में 5 साल की पोस्ट ऑफिस एफडी ज्यादा आकर्षक लगती है। लेकिन जब इनकम टैक्स के पहलू को देखा जाता है, तो पूरी तस्वीर बदल जाती है। PPF का ब्याज पूरी तरह टैक्स फ्री होता है, जबकि पोस्ट ऑफिस एफडी का ब्याज टैक्सेबल होता है। आइए समझते हैं कि दोनों के रिटर्न में क्या अंतर है।
PPF में ब्याज की गणना हर महीने की पांचवीं तारीख से लेकर महीने के अंतिम दिन के बीच के न्यूनतम बैलेंस पर होती है। पूरे साल का ब्याज वित्त वर्ष के अंत में खाते में जोड़ दिया जाता है। पांच तारीख से पहले जमा किए गए पैसे पर उस महीने का ब्याज मिलता है। दूसरी तरफ पोस्ट ऑफिस की 5 साल की एफडी में ब्याज तिमाही आधार पर कंपाउंड होता है, लेकिन इसका भुगतान सालाना किया जाता है। निवेशक इस सालाना ब्याज को निकाल कर खर्च कर सकता है। अगर यह ब्याज खाते में ही पड़ा रहे, तो उस पर अलग से अतिरिक्त ब्याज नहीं मिलता। इसके विपरीत PPF का ब्याज खाते में ही जुड़ता है और मूलधन का हिस्सा बनकर आगे के ब्याज को बढ़ाता है। यह अंतर लंबी अवधि में काफी अहम होता है।
मान लेते हैं कि किसी निवेशक के पास 1 लाख रुपये हैं। 7.1% की दर से PPF में 1 लाख रुपये पर साल भर में करीब 7,100 रुपये का ब्याज बनेगा। यह ब्याज बाहर मिलने के बजाय PPF बैलेंस में ही जुड़ जाता है। अब 1 लाख रुपये को 5 साल की पोस्ट ऑफिस एफडी में 7.5% पर लगाने पर विचार करें। तिमाही कंपाउंडिंग के साथ सालाना ब्याज टैक्स कटने से पहले लगभग 7,714 रुपये बनता है। यह शुरुआती तौर पर PPF के मुकाबले अधिक दिखता है। लेकिन निवेशक को यह पूरे 7,714 रुपये नहीं मिलते, क्योंकि पोस्ट ऑफिस एफडी का ब्याज पूरी तरह टैक्सेबल होता है।
यहीं से दोनों योजनाओं की असली तुलना शुरू होती है। यदि किसी निवेशक को पोस्ट ऑफिस एफडी से सालाना 7,714 रुपये का ब्याज मिला और उस पर 10% टैक्स कटा, तो टैक्स के बाद करीब 6,943 रुपये बचेंगे। वहीं 20% टैक्स स्लैब में यह रकम घटकर लगभग 6,171 रुपये रह जाएगी। यदि टैक्स की दर 30% है, तो निवेशक के पास केवल 5,400 रुपये ही बचेंगे। इसके मुकाबले PPF पर मिला 7,100 रुपये का पूरा ब्याज नियमों के तहत टैक्स फ्री रहता है। इसलिए ऊंचे टैक्स स्लैब वाले निवेशकों के लिए कम ब्याज दर होने के बाद भी PPF टैक्स कटने के बाद ज्यादा मुनाफा देता है।
ध्यान रहे यह परिणाम सभी निवेशकों के लिए एक समान नहीं होता है। यदि किसी निवेशक की कोई टैक्स देनदारी नहीं बनती है या बहुत कम टैक्स बनता है, तो उसके लिए पोस्ट ऑफिस एफडी का ब्याज PPF से ज्यादा रिटर्न दे सकता है। इसलिए केवल घोषित ब्याज दरों को देखकर फैसला करने के बजाय निवेशक को अपनी खुद की वास्तविक टैक्स स्थिति को देखना चाहिए। अधिक टैक्स देने वालों के लिए PPF ज्यादा फायदेमंद रहता है, जबकि शून्य टैक्स वाले निवेशकों के लिए पोस्ट ऑफिस एफडी बेहतर विकल्प साबित हो सकती है।
संबंधित समाचार
लेखकों के बारे में
.png)
अगला लेख