return to news
  1. म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री का बड़ा यू-टर्न, सितंबर में भारी बिकवाली के बाद अक्टूबर में रिकॉर्ड इनफ्लो, AUM 83.39 लाख करोड़ पर

पर्सनल फाइनेंस

म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री का बड़ा यू-टर्न, सितंबर में भारी बिकवाली के बाद अक्टूबर में रिकॉर्ड इनफ्लो, AUM 83.39 लाख करोड़ पर

Upstox

4 min read | अपडेटेड November 11, 2026, 13:09 IST

सारांश

एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया यानी AMFI के आंकड़ों के मुताबिक अक्टूबर 2026 में म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री में शानदार वापसी हुई है। सितंबर में 1.33 लाख करोड़ की निकासी के बाद अक्टूबर में 1.74 लाख करोड़ रुपये का शुद्ध इनफ्लो आया।

mutual-fund-inflows-october-2026-amfi-data

अक्टूबर 2026 में म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री में 1.74 लाख करोड़ रुपये का शुद्ध इनफ्लो दर्ज किया गया।

भारतीय म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री ने अक्टूबर 2026 में जोरदार वापसी की है। सितंबर महीने में हुई भारी निकासी के बाद अक्टूबर में निवेशकों ने म्यूचुअल फंड स्कीम्स में जमकर पैसा लगाया है। एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया यानी AMFI की तरफ से जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, पूरे उद्योग में अक्टूबर के दौरान कुल 1.74 लाख करोड़ रुपये का नेट इनफ्लो दर्ज किया गया है। यह आंकड़ा इसलिए भी बेहद राहत देने वाला है क्योंकि इससे ठीक पहले सितंबर 2026 में इंडस्ट्री से करीब 1.33 लाख करोड़ रुपये की भारी शुद्ध निकासी देखी गई थी। इस जोरदार टर्नअराउंड को सबसे बड़ा सहारा डेट ओरिएंटेड स्कीम्स में आई तेज रिकवरी और इक्विटी फंड्स में लगातार बने रहे निवेश से मिला है। इसके साथ ही इंडस्ट्री का कुल एसेट अंडर मैनेजमेंट यानी AUM भी बढ़कर 83.39 लाख करोड़ रुपये के नए स्तर पर पहुंच गया है।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

अक्टूबर में आया 1.74 लाख करोड़ का नेट इनफ्लो

AMFI के आंकड़ों के अनुसार, अक्टूबर में म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री का ग्रॉस मोबिलाइजेशन 15.68 लाख करोड़ रुपये रहा, जबकि रिपर्चेज और रिडेम्पशन 13.94 लाख करोड़ रुपये दर्ज किया गया। इसके चलते महीने के दौरान शुद्ध रूप से 1,73,839.91 करोड़ रुपये का नेट इनफ्लो देखने को मिला। इसमें सबसे बड़ा हिस्सा ओपन-एंडेड स्कीम्स का रहा, जिन्होंने कुल 1,73,371.27 करोड़ रुपये का निवेश आकर्षित किया, जबकि क्लोज-एंडेड स्कीम्स में 468.64 करोड़ रुपये का नेट इनफ्लो रहा। इंडस्ट्री का कुल एयूएम सितंबर के 82.64 लाख करोड़ रुपये से 0.9% बढ़कर अक्टूबर के अंत में 83.39 लाख करोड़ रुपये हो गया। वहीं अक्टूबर में इंडस्ट्री का औसत एयूएम 85.03 लाख करोड़ रुपये दर्ज किया गया। खुदरा निवेशकों की भागीदारी भी मजबूत बनी रही, हालांकि सितंबर के मुकाबले एसआईपी योगदान में थोड़ी नरमी देखी गई।

डेट फंड्स में लिक्विड और ओवरनाइट की बदौलत तेज सुधार

अक्टूबर के इस शानदार कमबैक में सबसे बड़ी भूमिका डेट ओरिएंटेड म्यूचुअल फंड स्कीम्स की रही। सितंबर में 1.83 लाख करोड़ रुपये की भारी निकासी झेलने वाली डेट कैटेगरी में अक्टूबर के दौरान 1,13,437.89 करोड़ रुपये का बंपर नेट इनफ्लो आया। डेट कैटेगरी में सबसे ज्यादा निवेश लिक्विड फंड्स में आया, जहां 70,533.75 करोड़ रुपये डाले गए। इसके बाद ओवरनाइट फंड्स ने 54,893.05 करोड़ रुपये और मनी मार्केट फंड्स ने 1,501.94 करोड़ रुपये आकर्षित किए। हालांकि कुछ डेट कैटेगरी से निकासी भी जारी रही। अल्ट्रा-शॉर्ट टर्म फंड्स से 1,879 करोड़ रुपये और शॉर्ट टर्म फंड्स से 2,093 करोड़ रुपये निकाले गए। इसके अलावा कॉरपोरेट बॉन्ड फंड्स से 3,142.93 करोड़ रुपये, बैंकिंग व पीएसयू डेट फंड्स से 1,238 करोड़ रुपये और फ्लोटिंग रेट फंड्स से 948.31 करोड़ रुपये का नेट आउटफ्लो दर्ज किया गया।

इक्विटी फंड्स में भी 32,993 करोड़ रुपये का निवेश

इक्विटी ओरिएंटेड म्यूचुअल फंड स्कीम्स में भी निवेशकों का भरोसा कायम रहा, हालांकि पिछले महीने की तुलना में इनफ्लो थोड़ा धीमा हुआ। अक्टूबर में इक्विटी फंड्स में कुल 32,993.64 करोड़ रुपये का नेट इनफ्लो आया, जो सितंबर के 38,307 करोड़ रुपये के मुकाबले 13.9% कम है। इक्विटी में सबसे ज्यादा पसंद लार्ज एंड मिडकैप फंड्स को किया गया, जिसमें 8,484.23 करोड़ रुपये का इनफ्लो दर्ज हुआ। इसके बाद स्मॉलकैप फंड्स में 6,407.50 करोड़ रुपये और फ्लेक्सी-कैप फंड्स में 4,979.95 करोड़ रुपये का निवेश आया। वहीं मिडकैप फंड्स में 4,892.62 करोड़ रुपये, मल्टीकैप फंड्स में 2,977.86 करोड़ रुपये, थीमैटिक फंड्स में 1,162.48 करोड़ रुपये और लार्जकैप फंड्स में 1,032.39 करोड़ रुपये का निवेश हुआ। दूसरी तरफ ELSS टैक्स सेवर फंड्स से 577.88 करोड़ रुपये और डिविडेंड यील्ड फंड्स से 92.82 करोड़ रुपये की निकासी देखने को मिली।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

लेखकों के बारे में

Upstox
Upstox Hindi News Desk पत्रकारों की एक टीम है जो शेयर बाजारों, अर्थव्यवस्था, वस्तुओं, नवीनतम व्यावसायिक रुझानों और व्यक्तिगत वित्त को उत्साहपूर्वक कवर करती है।

अगला लेख

End of additional stories