return to news
  1. कच्चे तेल में नरमी और Accenture के दम पर उछला बाजार, लेकिन US-India ट्रेड डील के सस्पेंस से लगा झटका

मार्केट न्यूज़

कच्चे तेल में नरमी और Accenture के दम पर उछला बाजार, लेकिन US-India ट्रेड डील के सस्पेंस से लगा झटका

Shubham Singh Thakur

4 min read | अपडेटेड October 05, 2026, 11:13 IST

सारांश

आज क्रूड ऑयल की कीमतों में गिरावट और Accenture के बेहतर नतीजों से बाजार को सपोर्ट मिला। हालांकि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के एक बयान ने बाजार पर दबाव बढ़ा दिया। सीतारमण के मुताबिक अमेरिका और भारत के बीच ट्रेड डील को लेकर मतभेद अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुए हैं।

Stock Market

Stock Market: आज वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के बयान के बाद बाजार पर दबाव अचानक बढ़ गया।

Stock Market: पिछले 4 कारोबारी दिनों की लगातार बिकवाली के बाद आज 05 अक्टूबर को भारतीय शेयर बाजार ने मजबूत वापसी की। सप्ताह के पहले कारोबारी दिन BSE Sensex करीब 722 अंक उछलकर 72,631.93 के स्तर पर पहुंच गया। दूसरी तरफ Nifty 50 भी करीब 200 अंकों की बढ़त के साथ 22,621.80 के लेवल पर ट्रेड करता दिखा। हालांकि इस शानदार रैली के बाद निवेशकों ने प्रॉफिट बुकिंग भी की, जिससे बाजार पर कुछ दबाव आया। रिपोर्ट लिखे जाने के समय सेंसेक्स में 250 अंकों की तेजी थी। वहीं निफ्टी 50 भी 22,490 के स्तर पर ट्रेड कर रहा था।
Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

आज क्रूड ऑयल की कीमतों में गिरावट और Accenture के बेहतर नतीजों से बाजार को सपोर्ट मिला। हालांकि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के एक बयान ने बाजार पर दबाव बढ़ा दिया। सीतारमण के मुताबिक अमेरिका और भारत के बीच ट्रेड डील को लेकर मतभेद अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुए हैं। यहां हम समझेंगे कि बाजार पर आज किन फैक्टर्स का असर दिख रहा है।

US-India ट्रेड डील पर नया अपडेट

आज वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के बयान के बाद बाजार पर दबाव अचानक बढ़ गया। सीतारमण ने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते पर बातचीत अभी जारी है, लेकिन दोनों देश ऐसी स्थिति में पहुंच गए हैं जहां आगे कुछ देना या लेना बहुत मुश्किल हो सकता है। यानी समझौते के सबसे कठिन मुद्दों पर दोनों देशों के बीच मतभेद अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुए हैं।

सीतारमण के मुताबिक, भारत के साथ अमेरिका का व्यापार घाटा है, यानी अमेरिका भारत से जितना सामान खरीदता है, उसके मुकाबले भारत अमेरिका से कम सामान खरीदता है। अमेरिका इस असंतुलन को कम करना चाहता है और इसलिए भारत से ज्यादा बाजार पहुंच और रियायतें मांग रहा है।

बता दें कि अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जैमीसन ग्रीयर ने भी कहा कि भारत और अमेरिका समझौते को अंतिम रूप देने के लिए लगातार बातचीत कर रहे हैं, लेकिन डील जल्द होने वाली नहीं है। दोनों देशों ने उन मुद्दों की पहचान कर ली है जिन पर अभी सहमति नहीं बनी है और उन्हें सुलझाने की कोशिश जारी है।

क्रूड ऑयल में नरमी

शेयर बाजार में आज की तेजी के पीछे एक बड़ी वजह क्रूड ऑयल के भाव में गिरावट है। आज ब्रेंट क्रूड ऑयल का भाव 101.55 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड कर रहा है। इसका मुख्य कारण मध्य-पूर्व से तेल का बढ़ता निर्यात और G7 देशों द्वारा अपने आपातकालीन भंडार से तेल निकालने का फैसला है। इससे बाजार में तेल की सप्लाई बढ़ने की उम्मीद है। हालांकि, ईरान युद्ध के कारण खाड़ी क्षेत्र के तेल ढांचे को और नुकसान पहुंचने की चिंता अभी बनी हुई है। G7 देशों ने करीब 10 करोड़ बैरल डीजल और कच्चा तेल अपने आपातकालीन भंडार से जारी करने पर सहमति जताई है। इसके अलावा, उन्होंने ऊर्जा के निर्यात पर रोक नहीं लगाने का भी फैसला किया।

IT शेयरों में तेजी

IT सेक्टर की दिग्गज कंपनी Accenture के बेहतर नतीजों से भारतीय IT शेयरों को सपोर्ट मिला है। कंपनी के उम्मीद से बेहतर एनुअल रेवेन्यू ग्रोथ के अनुमान के बाद निफ्टी आईटी इंडेक्स सोमवार को करीब 1.5% बढ़ गया। Accenture के मजबूत अनुमान से यह चिंता भी कुछ कम हुई कि AI के कारण कंपनियों के टेक्नोलॉजी खर्च पर असर पड़ सकता है। बाजार को संकेत मिला कि AI के बढ़ते इस्तेमाल के बावजूद IT सेवाओं की मांग और कंपनियों का टेक्नोलॉजी पर खर्च मजबूत रह सकता है। हालांकि बाद में निफ्टी IT ने अपनी बढ़त का बड़ा हिस्सा गंवा दिया।

अमेरिकी रोजगार के आंकड़े

अमेरिका में सितंबर के दौरान नौकरियों में बढ़ोतरी उम्मीद से ज्यादा धीमी रही। साथ ही, पिछले दो महीनों के रोजगार के आंकड़ों को भी काफी नीचे संशोधित किया गया। इससे संकेत मिला कि अमेरिकी लेबर मार्केट पहले के मुकाबले कमजोर हो रहा है। रोजगार के कमजोर आंकड़ों के कारण Federal Reserve के इस महीने ब्याज दर बढ़ाने की संभावना काफी कम हो गई है। सितंबर में अमेरिका की बेरोजगारी दर 4.2% हो गई, जो अगस्त में 4.1% थी।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

अगला लेख