return to news
  1. महंगाई के झटके और रेट हाइक के डर से टूटा बाजार, मुनाफावसूली और क्रूड ऑयल ने भी बढ़ाया दबाव

मार्केट न्यूज़

महंगाई के झटके और रेट हाइक के डर से टूटा बाजार, मुनाफावसूली और क्रूड ऑयल ने भी बढ़ाया दबाव

Shubham Singh Thakur

5 min read | अपडेटेड November 13, 2026, 11:42 IST

सारांश

अमेरिका और ईरान के बीच तनाव अभी भी बना हुआ है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका को ईरान के साथ किसी समझौते की जरूरत नहीं है। उनके इस बयान से यह उम्मीद कमजोर हो गई कि जल्द ही युद्ध खत्म करने के लिए दोनों देशों के बीच कोई समझौता हो सकता है।

Stock Market

ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमत 0.05 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ करीब 96 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गई है।

भारतीय शेयर बाजार में आज 13 नवंबर को लगातार 10 कारोबारी दिनों की तेजी के बाद गिरावट नजर आ रही है। आज के कारोबार में BSE Sensex में करीब 611 अंकों की कमजोरी देखी गई और यह 81,300.46 के स्तर तक लुढ़क गया। दूसरी तरफ Nifty 50 भी करीब 222 अंक टूटकर 25,077.55 के स्तर पर आ गया। हालांकि इस गिरावट के बाद बाजार ने थोड़ी वापसी भी की।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

बता दें कि शेयर बाजार में पिछले 10 दिनों से लगातार खरीदारी हो रही है। इस दौरान सेंसेक्स-निफ्टी में करीब 11.45 फीसदी की तेजी आ चुकी है। इस शानदार रैली के बाद अब बाजार में प्रॉफिट बुकिंग हो रही है। यहां हम जानेंगे कि बाजार में आज की गिरावट के लिए कौन से फैक्टर्स जिम्मेदार हैं।

महंगाई बढ़ने से रेट हाइक की आशंका

अक्टूबर 2026 के महंगाई के आंकड़ों में उछाल आया है। इस दौरान CPI आधारित खुदरा महंगाई बढ़कर 6.09% पर पहुंच गई है। इससे पहले सितंबर 2026 में यह आंकड़ा 5.5% पर था। इस ताजा बढ़ोतरी के साथ ही खुदरा महंगाई ने दो साल में पहली बार RBI के 2 से 6% के तय टॉलरेंस बैंड की ऊपरी सीमा को पार कर लिया है।

महंगाई में तेज उछाल के बाद अर्थशास्त्रियों और निवेशकों को आशंका है कि RBI दिसंबर की मौद्रिक नीति बैठक में रेपो रेट में एक बार फिर बढ़ोतरी कर सकता है। बता दें कि इसके पहले RBI की MPC ने 7 अक्टूबर को रेपो रेट में 25 बेसिस पॉइंट की बढ़ोतरी की थी। इसके बाद रेपो रेट 5.25% से बढ़कर 5.50% हो गया। यह करीब चार साल में RBI की पहली बढ़ोतरी थी।

रेट-सेंसिटिव सेक्टर्स में बिकवाली

रेपो रेट में एक बार फिर बढ़ोतरी की आशंका का असर आज रेट-सेंसिटिव सेक्टर्स पर दिख रहा है। प्राइवेट बैंक, फाइनेंशियल सर्विसेज, रियल्टी और ऑटो शेयरों में सबसे ज्यादा बिकवाली हो रही है। इसके चलते निफ्टी ऑटो इंडेक्स 0.60 फीसदी तक लुढ़क गया है। निफ्टी PSU बैंक में 0.54 फीसदी और निफ्टी प्राइवेट बैंक इंडेक्स में 0.92 फीसदी की गिरावट है। निफ्टी रियल्टी भी 0.67 फीसदी तक टूट गया है। इसके साथ ही निफ्टी ऑयल एंड गैस इंडेक्स भी लाल निशान पर ट्रेड कर रहा है।

US-Iran तनाव बरकरार

अमेरिका और ईरान के बीच तनाव अभी भी बना हुआ है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका को ईरान के साथ किसी समझौते की जरूरत नहीं है। उनके इस बयान से यह उम्मीद कमजोर हो गई कि जल्द ही युद्ध खत्म करने के लिए दोनों देशों के बीच कोई समझौता हो सकता है। इस युद्ध के कारण पश्चिम एशिया से तेल की सप्लाई प्रभावित हुई है।

ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिका के पास ईरान का पैसा और होर्मुज जलडमरूमध्य पर नियंत्रण है। उन्होंने उपराष्ट्रपति जेडी वेंस को भी ईरान के साथ बातचीत के बजाय घरेलू मुद्दों पर ध्यान देने को कहा। इससे दोनों देशों के बीच पर्दे के पीछे चल रही बातचीत को झटका लगा है।

ट्रंप ने यह भी संकेत दिया कि ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर किसी समझौते के बिना भी युद्ध खत्म हो सकता है। हालांकि, इससे पहले वह कई बार कह चुके थे कि ईरान के परमाणु कार्यक्रम को रोकना ही अमेरिका और इजरायल के हमलों की मुख्य वजह थी।

कच्चा तेल हुआ महंगा

कच्चे तेल के भाव में आज तेजी नजर आ रही है। ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमत 0.05 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ करीब 96 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गई है। इसकी वजह तेल सप्लाई से जुड़ी चिंताएं हैं। बता दें कि भारत अपनी ज्यादातर तेल जरूरतों के लिए आयात पर निर्भर है। ऐसे में तेल की कीमत बढ़ना भारत के लिहाज से अच्छी खबर नहीं है।

ईरान की सेना ने दावा किया कि गुरुवार को होर्मुज जलडमरूमध्य में चार तेल टैंकरों पर विस्फोट हुए। ईरान का कहना है कि इन जहाजों ने उसकी चेतावनी को नजरअंदाज किया और प्रतिबंधित समुद्री रास्ते में प्रवेश किया। ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड्स नेवी के मुताबिक, बुधवार को भी दो बड़े तेल टैंकरों को निशाना बनाया गया था। ईरानी मीडिया ने दावा किया कि ये जहाज समुद्री बारूदी सुरंगों से टकराने के बाद विस्फोट का शिकार हुए।

बाजार में प्रॉफिट बुकिंग

शेयर बाजार में गिरावट की एक और बड़ी वजह प्रॉफिट बुकिंग है। पिछले 10 कारोबारी दिनों तक बाजार में लगातार तेजी देखने को मिली है। इस दौरान सेंसेक्स में करीब 11.83 फीसदी की रैली आ चुकी है। दूसरी तरफ निफ्टी 50 भी करीब 11.45 फीसदी उछल गया है। आमतौर पर इस तरह की शानदार रैली के बाद बाजार में प्रॉफिट बुकिंग और करेक्शन होता है। यह भी बाजार में गिरावट की एक वजह हो सकती है।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

अगला लेख

End of additional stories