return to news
  1. एक ही दिन में 12% उछल गया Hitachi Energy का शेयर, मुनाफा और रेवेन्यू में जोरदार उछाल

मार्केट न्यूज़

एक ही दिन में 12% उछल गया Hitachi Energy का शेयर, मुनाफा और रेवेन्यू में जोरदार उछाल

विकास तिवारी

3 min read | अपडेटेड November 13, 2026, 11:20 IST

सारांश

हिताची एनर्जी इंडिया के शेयरों में आज करीब 12% की तूफानी तेजी आई और भाव 31,950 रुपये पर पहुंच गया। सितंबर 2026 तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट 21% बढ़कर 318.5 करोड़ रुपये रहा है। वहीं रेवेन्यू 63.5% उछला और ऑर्डर बैकलॉग रिकॉर्ड 33,335.4 करोड़ रुपये हो गया।

शेयर सूची

hitachi-energy-india-q2-13-nov

Hitachi Energy के शेयर में आज जोरदारी तेजी है। | Image: Shutterstock

हिताची एनर्जी इंडिया के शेयरों में आज जोरदार तेजी देखने को मिली है और स्टॉक ने निवेशकों को मालामाल कर दिया है। एक ही दिन में कंपनी का शेयर 3,405 रुपये यानी 11.93% की तूफानी छलांग लगाकर 31,950 रुपये के स्तर पर पहुंच गया है। शेयर में आए इस जबरदस्त उछाल के पीछे कंपनी के सितंबर 2026 तिमाही के दमदार वित्तीय नतीजे हैं, जिन्हें गुरुवार को जारी किया गया। दूसरी तिमाही में कंपनी के नेट प्रॉफिट और रेवेन्यू दोनों में शानदार बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसके साथ ही कंपनी को मिले नए ऑर्डर्स में भारी उछाल आया है और इसका ऑर्डर बैकलॉग एक बार फिर रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया है, जिससे बाजार के निवेशकों का भरोसा कंपनी पर और मजबूत हुआ है।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

नेट प्रॉफिट 21% बढ़ा

कंपनी की ओर से जारी बयान के मुताबिक, सितंबर 2026 को समाप्त दूसरी तिमाही में हिताची एनर्जी का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 21% बढ़कर 318.5 करोड़ रुपये हो गया है। पिछले साल की समान तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट 264.4 करोड़ रुपये रहा था। मुनाफे के साथ-साथ कंपनी की कमाई में भी जबरदस्त रफ्तार दिखी है। दूसरी तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू सालाना आधार पर 63.5% उछलकर 2,996.5 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो एक साल पहले की समान अवधि में 1,832.6 करोड़ रुपये था। कंपनी ने बताया कि ऑपरेशनल दक्षता पर लगातार फोकस रखने और समय पर ऑर्डर पूरा करने की वजह से यह बड़ी ग्रोथ हासिल हुई है।

नए ऑर्डर्स में 85.9% की तेजी

दूसरी तिमाही के दौरान बाजार में अच्छी मांग के चलते कंपनी के नए ऑर्डर्स में भी तगड़ा उछाल आया है। सितंबर तिमाही में कंपनी को कुल 4,120.8 करोड़ रुपये के नए ऑर्डर मिले, जो पिछले साल की समान तिमाही के 2,217.1 करोड़ रुपये के मुकाबले 85.9% ज्यादा हैं। इस दौरान पावर ट्रांसफॉर्मर, स्टैटकॉम, कूलिंग सिस्टम, एयर-इंसुलेटेड स्विचगियर और गैस-इंसुलेटेड स्विचगियर के लिए यूटिलिटीज से मिले ट्रांसमिशन ऑर्डर सबसे आगे रहे। सेगमेंट के हिसाब से देखें तो ऑर्डर बुक में ट्रांसमिशन सेक्टर पहले स्थान पर रहा और इसके बाद डेटा सेंटर सेगमेंट ने सबसे ज्यादा ऑर्डर दिलाए। इसके अलावा सर्विस बिजनेस में भी दूसरी तिमाही में 77% और पहली छमाही में 36% की ग्रोथ दर्ज की गई।

33,335 करोड़ का रिकॉर्ड ऑर्डर बैकलॉग

हिताची एनर्जी के कुल ऑर्डर बुक में एक्सपोर्ट की हिस्सेदारी लगातार मजबूत हो रही है। दूसरी तिमाही में एक्सपोर्ट ऑर्डर सालाना आधार पर 41% बढ़े हैं, जबकि चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही में इसमें 184% की भारी बढ़ोतरी हुई है। कंपनी को एशिया, अफ्रीका, मध्य पूर्व, यूरोप और अमेरिका से एक्सपोर्ट ऑर्डर मिले हैं। मजबूत ऑर्डर इनफ्लो के दम पर सितंबर 2026 तक कंपनी का कुल ऑर्डर बैकलॉग रिकॉर्ड 33,335.4 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है, जो आने वाली कई तिमाहियों के लिए रेवेन्यू की साफ तस्वीर दिखाता है। कंपनी के MD और CEO एन वेणु ने कहा कि कंपनी ने नए इंफ्रास्ट्रक्चर में निवेश किया है और अपनी क्षमताओं को मजबूत कर रही है, जिसका असर दूसरी तिमाही के नतीजों में साफ दिख रहा है।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

लेखकों के बारे में

विकास तिवारी
Vikash Tiwary is a finance journalist with 6+ years of newsroom experience. He is currently growing Upstox Hindi, crafting data-driven stories on stocks, personal finance, mutual funds, and global markets, while exploring how AI can simplify finance. His work spans Zee Business, TV9 Bharatvarsh, ABP News, India TV, and Inshorts. He also holds NISM certification.

अगला लेख

End of additional stories