return to news
  1. टाइटन के शानदार नतीजों से चमका शेयर, नेट प्रॉफिट 62% बढ़ा, स्टॉक में आई 2% से ज्यादा की तेजी

मार्केट न्यूज़

टाइटन के शानदार नतीजों से चमका शेयर, नेट प्रॉफिट 62% बढ़ा, स्टॉक में आई 2% से ज्यादा की तेजी

विकास तिवारी

3 min read | अपडेटेड August 10, 2026, 10:53 IST

सारांश

टाटा ग्रुप की कंपनी टाइटन के शेयर में पहली तिमाही के नतीजों के बाद अच्छी तेजी देखने को मिल रही है। 10 अगस्त को टाइटन का शेयर 2% से ज्यादा उछलकर 5,052 रुपये के पार पहुंच गया। अप्रैल-जून तिमाही में कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट 62.88% बढ़कर 1,777 करोड़ रुपये रहा है।

titan-q1-results-net-profit

टाइटन के शेयर में पहली तिमाही के मजबूत नतीजों के बाद 2% से ज्यादा का उछाल आया है।

टाटा ग्रुप की दिग्गज कंपनी टाइटन कंपनी लिमिटेड के शेयरों में आज 10 अगस्त को जोरदार तेजी देखने को मिल रही है। कंपनी द्वारा वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही के शानदार नतीजे जारी किए जाने के बाद शेयर में खरीदारी बढ़ गई है। सुबह के कारोबार में टाइटन का शेयर 2.26% की बढ़त के साथ 5,052.60 रुपये के स्तर पर कारोबार कर रहा था। इससे पहले 7 अगस्त को नतीजे जारी होने के दिन कंपनी का शेयर बीएसई पर 0.82% गिरकर 4,943 रुपये पर बंद हुआ था। हालांकि मजबूत वित्तीय प्रदर्शन के दम पर आज शेयर ने दोबारा रफ्तार पकड़ ली है और कंपनी का मार्केट कैप भी 4.38 लाख करोड़ रुपये के पास बना हुआ है।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

पहली तिमाही में 62% बढ़ा नेट प्रॉफिट?

अप्रैल से जून 2026 की पहली तिमाही में टाइटन का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 62.88% बढ़कर 1,777 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है। पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में कंपनी को 1,091 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट हुआ था। इस दौरान ऑपरेशन्स से होने वाला रेवेन्यू भी 29.25% बढ़कर 21,356 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले साल समान अवधि में 16,523 करोड़ रुपये था। वहीं कंपनी की कुल कंसोलिडेटेड इनकम 40% बढ़कर 20,753 करोड़ रुपये रही। कंपनी का एबिटा भी 58% की बढ़त के साथ 2,890 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले साल 1,830 करोड़ रुपये था। इसके अलावा ऑपरेटिंग प्रॉफिट मार्जिन भी 11.08% से बढ़कर 13.53% पर पहुंच गया।

ज्वेलरी और विदेशी कारोबार का शानदार प्रदर्शन

टाइटन के ज्वेलरी बिजनेस ने पहली तिमाही में सबसे बेहतरीन प्रदर्शन किया है। ज्वेलरी सेगमेंट की कुल इनकम 43% बढ़कर 18,253 करोड़ रुपये हो गई। अक्षय तृतीया, त्योहारी खरीदारी और एक्सचेंज प्रोग्राम की वजह से भारत में ज्वेलरी आय 38% बढ़कर 16,943 करोड़ रुपये रही। इस दौरान तनिष्क, मिया और जोया ब्रांड्स में 38% और कैरटलेन में 40% की ग्रोथ दर्ज की गई। वहीं कंपनी का अंतरराष्ट्रीय कारोबार 136% बढ़कर 1,309 करोड़ रुपये पहुंच गया, जिसमें उत्तर अमेरिका और जीसीसी बाजारों का बड़ा योगदान रहा। इस तिमाही में कंपनी ने भारत में 33 नए ज्वेलरी स्टोर भी खोले हैं।

कंपनी के घड़ियों यानी वॉचेज बिजनेस की कुल आय 21% बढ़कर 1,543 करोड़ रुपये रही, जिसका एबिट 295 करोड़ रुपये और ऑपरेटिंग मार्जिन 19.1% दर्ज किया गया। इस दौरान घड़ियों के 34 नए स्टोर खोले गए। आईकेयर बिजनेस की आय भी 21% बढ़कर 289 करोड़ रुपये रही और इसमें 7 नए स्टोर शुरू किए गए। उभरते कारोबारों जैसे परफ्यूम, बैग्स और भारतीय परिधानों की आय 18% बढ़कर 128 करोड़ रुपये रही, हालांकि इस सेगमेंट में 39 करोड़ रुपये का घाटा हुआ। ऑटोमेशन और इंजीनियरिंग यानी टीईएएल कारोबार की आय 43% बढ़कर 438 करोड़ रुपये दर्ज की गई।

इस वजह से बढ़ा निवेशकों का भरोसा

टाइटन कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर अजय चावला ने बताया कि नए डिजाइन और इनोवेशन की बदौलत ग्राहकों की ओर से प्रीमियम प्रॉडक्ट्स की मांग मजबूत बनी हुई है। सोने की कीमतों में उतार-चढ़ाव, कस्टम ड्यूटी में बदलाव और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भूराजनीतिक चुनौतियों के बावजूद कंपनी ने अपने सभी प्रमुख वर्टिकल्स में बेहतरीन प्रदर्शन किया है।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

लेखकों के बारे में

विकास तिवारी
Vikash Tiwary is a finance journalist with 6+ years of newsroom experience. He is currently growing Upstox Hindi, crafting data-driven stories on stocks, personal finance, mutual funds, and global markets, while exploring how AI can simplify finance. His work spans Zee Business, TV9 Bharatvarsh, ABP News, India TV, and Inshorts. He also holds NISM certification.

अगला लेख