मार्केट न्यूज़
.png)
3 min read | अपडेटेड June 16, 2026, 08:21 IST
सारांश
भारतीय शेयर बाजार में आज कई बड़े स्टॉक्स में हलचल देखने को मिल सकती है। एचसीएल टेक, एसबीआई, अडानी एंटरप्राइजेज और बंधन बैंक जैसी बड़ी कंपनियों से जुड़ी अहम खबरें सामने आई हैं। कंपनियों द्वारा फंड जुटाने, मर्जर और नए पार्टनरशिप के फैसलों से आज इन शेयरों पर निवेशकों की पैनी नजर रहेगी।

आज बाजार में दिख सकती है हलचल |
भारतीय शेयर बाजार में आज कई बड़ी कंपनियों के शेयरों में हलचल देखने को मिल सकती है। अलग अलग सेक्टर की कई कंपनियों से जुड़ी बड़ी खबरें सामने आई हैं, जिनका सीधा असर आज उनके स्टॉक की कीमतों पर पड़ सकता है। इनमें आईटी सेक्टर से लेकर बैंकिंग, फाइनेंस और एनर्जी सेक्टर की बड़ी कंपनियां शामिल हैं। दिग्गज आईटी कंपनी HCL टेक्नोलॉजीज ने एक बड़ा एलान किया है। कंपनी एक्सनवाइज प्राइवेट लिमिटेड यानी सर्वम एआई में लगभग 150 मिलियन डॉलर यानी 1,427.25 करोड़ रुपये का इनवेस्टमेंट करने जा रही है। यह एक पूरी तरह से कैश ट्रांजैक्शन होगा जिसके जरिए कंपनी सर्वम एआई में 10.46 पर्सेंट की माइनॉरिटी हिस्सेदारी खरीदेगी। इसके अलावा सरकारी जनरल इंश्योरेंस कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया यानी GIC-RI पर भी आज नजर रहेगी। भारत सरकार ने सोमवार 15 जून को इस कंपनी में ऑफर फॉर सेल यानी ओएफएस शुरू किया है। सरकार का लक्ष्य ओएफएस के जरिए इस सरकारी कंपनी में अपनी 5 पर्सेंट तक की हिस्सेदारी बेचने का है।
बैंकिंग और फाइनेंस सेक्टर की दो बड़ी कंपनियों से जुड़ी अहम खबरें आई हैं। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया यानी एसबीआई के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की 18 जून को एक अहम बैठक होने वाली है। इस मीटिंग में फाइनेंशियल ईयर 2027 के लिए पब्लिक इश्यू या प्राइवेट प्लेसमेंट के जरिए फंड जुटाने के प्रस्तावों पर विचार किया जाएगा। दूसरी तरफ महिंद्रा एंड महिंद्रा फाइनेंशियल सर्विसेज के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने भी प्राइवेट प्लेसमेंट के रास्ते से 1,000 करोड़ रुपये तक के नॉन कन्वर्टिबल डिबेंचर्स यानी एनसीडी जारी करने की मंजूरी दे दी है।
अडानी ग्रुप की प्रमुख कंपनी अडानी एंटरप्राइजेज ने जेबिला इंक के साथ एक रणनीतिक पार्टनरशिप करने का एलान किया है। इस पार्टनरशिप का मुख्य उद्देश्य भारत में एआई और डेटा सेंटर इंफ्रास्ट्रक्चर मैन्युफैक्चरिंग प्लेटफॉर्म तैयार करना है। इस बड़ी खबर के बाद आज अडानी के शेयर पर निवेशकों की नजर रहेगी। वहीं एनर्जी सेक्टर की कंपनी ऑयल इंडिया ने काउंसिल ऑफ साइंटिफिक एंड इंडस्ट्रियल रिसर्च यानी सीएसआईआर के साथ एक एमओयू पर साइन किए हैं।
बैंकिंग सेक्टर से यस बैंक ने नॉर्थर्न आर्क कैपिटल के साथ एक बड़ी पार्टनरशिप की है। इस पार्टनरशिप का मकसद ग्राहकों के लिए क्रेडिट तक पहुंच को आसान बनाना, डिजिटल लेंडिंग को तेज करना और ग्राहकों को डेब्ट इनवेस्टमेंट के बेहतर मौके देना है। इसके साथ ही इंजीनियरिंग क्षेत्र की कंपनी क्राफ्ट्समैन ऑटोमेशन की फंड रेजिंग कमेटी ने इक्विटी शेयरों का क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशंस प्लेसमेंट यानी QIP लॉन्च करने की मंजूरी दे दी है। कंपनी इस क्यूआईपी के जरिए बाजार से 2,000 करोड़ रुपये तक का फंड जुटाने का लक्ष्य लेकर चल रही है।
देवयानी इंटरनेशनल और सैफायर फूड्स इंडिया को एनएसई और बीएसई से जरूरी ऑब्जर्वेशन लेटर मिल गए हैं। इसके बाद अब दोनों कंपनियों के लिए अपने प्रस्तावित मर्जर की दिशा में आगे बढ़ने का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है। इसके अलावा प्राइवेट सेक्टर के बंधन बैंक लिमिटेड के बोर्ड ने सोमवार 15 जून को एक बड़ा फैसला लिया है। बैंक बोर्ड ने अपने हाउसिंग फाइनेंस पोर्टफोलियो से जुड़े कुछ चुनिंदा नॉन परफॉर्मिंग एसेट्स यानी एनपीए को एसेट रिकंस्ट्रक्शन कंपनियों यानी एआरसी को बेचने की मंजूरी दे दी है।
संबंधित समाचार
लेखकों के बारे में
.png)
अगला लेख