मार्केट न्यूज़
.png)
4 min read | अपडेटेड November 09, 2026, 12:04 IST
सारांश
AMFI के आगामी रिव्यू में स्टॉक्स की कैटेगरी में बड़े बदलाव के संकेत मिले हैं। नुवामा के मुताबिक लार्जकैप कट-ऑफ बढ़कर 1.12 लाख करोड़ रुपये और मिडकैप कट-ऑफ 36,700 करोड़ रुपये हो सकता है।
शेयर सूची

AMFI के आगामी रिव्यू में स्टॉक्स की कैटेगरी में बड़े बदलाव के संकेत मिले हैं।
एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया यानी AMFI के आगामी स्टॉक वर्गीकरण को लेकर बाजार में हलचल तेज हो गई है। ब्रोकरेज फर्म नुवामा इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज के ताजा आंकड़ों और अनुमानों के मुताबिक आगामी अर्धवार्षिक रिव्यू में कई बड़े और चर्चित शेयरों की कैटेगरी बदल सकती है। इस फेरबदल में जहां कुछ नए लिस्टेड दिग्गज शेयर सीधे लार्जकैप क्लब में जगह बना सकते हैं, वहीं कुछ पुरानी बड़ी कंपनियों के लार्जकैप से फिसलकर मिडकैप बनने की संभावना जताई जा रही है। इसके साथ ही कई स्मॉलकैप कंपनियों के मिडकैप में प्रमोशन की तैयारी दिख रही है। यह री-वर्गीकरण म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री के लिए काफी अहम होता है, क्योंकि फंड मैनेजर्स अपनी योजनाओं के पोर्टफोलियो को इसी वर्गीकरण के आधार पर व्यवस्थित करते हैं।
नुवामा के शुरुआती अनुमानों और मौजूदा औसत मार्केट कैप स्तरों के आधार पर इस बार कट-ऑफ स्तर काफी बढ़ सकते हैं। रिपोर्ट के मुताबिक लार्जकैप कैटेगरी के लिए कट-ऑफ 1.12 लाख करोड़ रुपये रहने का अनुमान है, जो जून 2026 में 1.06 लाख करोड़ रुपये था। वहीं मिडकैप कैटेगरी के लिए कट-ऑफ 36,700 करोड़ रुपये रहने का अनुमान लगाया गया है, जो जून 2026 के रिव्यू में 33,600 करोड़ रुपये रहा था। इस रिव्यू के लिए कट-ऑफ अवधि 1 जुलाई से 31 दिसंबर 2026 तक की मानी जाएगी। इसके बाद AMFI द्वारा जनवरी 2027 के पहले हफ्ते में नए वर्गीकरण का आधिकारिक ऐलान किए जाने की उम्मीद है और यह नया वर्गीकरण 1 फरवरी 2027 से औपचारिक रूप से लागू हो जाएगा।
शेयर बाजार में हाल ही में अपनी शानदार शुरुआत करने वाले नेशनल स्टॉक एक्सचेंज यानी एनएसई और रिलायंस ग्रुप की कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड सीधे लार्जकैप क्लब में एंट्री कर सकते हैं। इनके अलावा बॉश, लेंसकार्ट, जायडस लाइफसाइंसेज और एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया जैसे मजबूत शेयरों के भी लार्जकैप कैटेगरी में शामिल होने की मजबूत संभावना दिख रही है। वहीं दूसरी तरफ कई दिग्गज लार्जकैप शेयरों पर डाउनग्रेड का खतरा मंडरा रहा है। रिपोर्ट के अनुसार वेदांता, इंडियन रेलवे फाइनेंस कॉरपोरेशन यानी आईआरएफसी, गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स, अंबुजा सीमेंट्स, इंडस टावर्स, टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स और एचडीएफसी एएमसी लार्जकैप से फिसलकर मिडकैप कैटेगरी में आ सकते हैं।
स्मॉलकैप कैटेगरी से प्रमोट होकर मिडकैप में आने वाले शेयरों में स्टरलाइट टेक्नोलॉजीज, एथर एनर्जी, आरबीएल बैंक और क्यूपिड लिमिटेड सबसे आगे चल रहे हैं। इसके साथ ही वेलस्पन कॉर्प, ग्लैंड फार्मा, आदित्य इन्फोटेक, एजिस लॉजिस्टिक्स, केपीआर मिल, फिजिक्सवाला, एमक्योर फार्मास्युटिकल्स, ग्लोबल हेल्थ और आनंद राठी वेल्थ के भी मिडकैप क्लब में एंट्री करने की उम्मीद है। वहीं एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट, मणिपाल हेल्थ एंटरप्राइजेज और इंडो-एमआईएम जैसी नई कंपनियों की भी इस कैटेगरी में सीधी एंट्री हो सकती है। दूसरी ओर प्रॉक्टर एंड गैंबल हाइजीन, गॉडफ्रे फिलिप्स, यूको बैंक, एस्कॉर्ट्स कुबोटा, डालमिया भारत, टाटा इन्वेस्टमेंट, इरेडा, ब्लू स्टार, डेल्हीवरी, यूनाइटेड ब्रुअरीज, पीआई इंडस्ट्रीज, आईटीसी होटल्स, हुडको, कोचीन शिपयार्ड, 3M इंडिया, कॉनकॉर, एआईए इंजीनियरिंग और एनएलसी इंडिया जैसे मिडकैप शेयर फिसलकर स्मॉलकैप बन सकते हैं।
नुवामा की रिपोर्ट में साफ किया गया है कि शेयरों के वर्गीकरण में होने वाले इस बदलाव से सीधे तौर पर तुरंत कोई बहुत बड़ा फंड इनफ्लो या आउटफ्लो नहीं होता है। इसके बावजूद एक्टिव म्यूचुअल फंड मैनेजर्स इस सूची पर बहुत करीबी नजर रखते हैं। जब भी फंड मैनेजर्स को अपने लार्जकैप, मिडकैप या मल्टीकैप फंड्स में नई पोजीशन लेनी होती है या अपने पोर्टफोलियो की होल्डिंग्स को दोबारा व्यवस्थित करना होता है, तो वे AMFI की इसी आधिकारिक सूची का पालन करते हैं।
संबंधित समाचार
लेखकों के बारे में
.png)
अगला लेख