return to news
  1. Q2 Results Highlights: ऑलेक्ट्रा ग्रीनटेक का बढ़ा मुनाफा तो RM Drip एंड स्प्रिंकलर्स की घटी कमाई, यहां देखें नतीजे

मार्केट न्यूज़

Q2 Results Highlights: ऑलेक्ट्रा ग्रीनटेक का बढ़ा मुनाफा तो RM Drip एंड स्प्रिंकलर्स की घटी कमाई, यहां देखें नतीजे

Upstox

8 min read | अपडेटेड November 09, 2026, 18:07 IST

सारांश

9 नवंबर को व्हर्लपूल ऑफ इंडिया और ओलेक्ट्रा ग्रीनटेक समेत लगभग 15 कंपनियों ने सितंबर 2026 को समाप्त दूसरी तिमाही के वित्तीय नतीजे जारी किए।

q2-results-november-9-2026-live

आज कई कंपनियों के आएंगे तिमाही नतीजे। Image: Shutterstock

शेयर बाजार में कंपनियों के दूसरी तिमाही के नतीजों का दौर पूरे शबाब पर है। 9 नवंबर को लगभग 15 कंपनियों ने 30 सितंबर 2026 को समाप्त हुई चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही यानी Q2 FY27 के अपने वित्तीय नतीजे घोषित किए। चलिए उन कंपनियों के नतीजों पर एक नजर डालते हैं।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

यहां पढ़ें तिमाही नतीजों के अपडेट्स

6:06 PM- ज्योति लैब्स ने बायबैक का भाव बढ़ाकर ₹240 किया

ज्योति लैब्स ने अपने शेयर बायबैक के नियमों में बड़ा बदलाव किया है। कंपनी ने बायबैक का ऑफर प्राइस पहले तय किए गए ₹215 प्रति शेयर से बढ़ाकर अब ₹240 प्रति शेयर कर दिया है। इसके साथ ही वापस खरीदे जाने वाले शेयरों की अधिकतम संख्या को पहले के 68.37 लाख शेयरों से घटाकर 61.25 लाख इक्विटी शेयर कर दिया गया है। कंपनी ने इस बायबैक ऑफर में शामिल होने वाले पात्र शेयरधारकों की पहचान के लिए 11 नवंबर 2026 की रिकॉर्ड डेट तय की है।

5:25 PM- व्हर्लपूल ऑफ इंडिया का मुनाफा 39% लुढ़का

चालू वित्त वर्ष 2026-27 की 30 सितंबर को खत्म हुई दूसरी तिमाही में घरेलू उपकरण बनाने वाली कंपनी व्हर्लपूल ऑफ इंडिया का कंसोलिडेटेड शुद्ध मुनाफा 39% गिरकर 25 करोड़ रुपये रह गया है। पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में कंपनी को 41 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था। हालांकि इस दौरान कंपनी की कुल कमाई यानी रेवेन्यू में 14% की अच्छी तेजी आई है और यह पिछले साल के 1,647 करोड़ रुपये के मुकाबले बढ़कर 1,873 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है।

5:14 PM- व्हर्लपूल ऑफ इंडिया के एबिटा और मार्जिन में गिरावट

चालू वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही में घरेलू उपकरण बनाने वाली कंपनी व्हर्लपूल ऑफ इंडिया के कामकाजी प्रदर्शन पर दबाव देखने को मिला है। इस तिमाही में कंपनी का एबिटा 31% घटकर 40 करोड़ रुपये रह गया है, जो पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 58 करोड़ रुपये था। इसके साथ ही कंपनी के एबिटा मार्जिन में भी गिरावट आई है और यह पिछले साल के 3.5% से घटकर 2.13% पर आ गया है।

4:57 PM- ऑलेक्ट्रा ग्रीनटेक का दूसरी तिमाही में 50.92 करोड़ रुपये का मुनाफा

ऑलेक्ट्रा ग्रीनटेक लिमिटेड के बोर्ड ने 30 सितंबर 2026 को समाप्त हुई दूसरी तिमाही और पहली छमाही के अन-ऑडिटेड वित्तीय नतीजों को मंजूरी दे दी है। इस तिमाही में कंपनी का स्टैंडअलोन शुद्ध मुनाफा 5092.19 लाख रुपये रहा और बेसिक ईपीएस 6.20 दर्ज किया गया। वहीं पूरे 6 महीने की अवधि में कंपनी ने 7411.62 लाख रुपये का शुद्ध मुनाफा कमाया, जिसमें बेसिक ईपीएस 9.03 रहा। इसके साथ ही कंपनी बोर्ड ने ईवी ट्रांस उज्जैन प्राइवेट लिमिटेड में अपनी पूरी 34% हिस्सेदारी को 34,000 रुपये में ईवी ट्रांस प्राइवेट लिमिटेड को बेचने का फैसला किया है। खरीदार कंपनी एमईआईएल होल्डिंग्स के तहत एक रिलेटेड पार्टी है। यह सौदा अगले 3 महीनों के भीतर पूरा होने की उम्मीद है, जिसका शेयर खरीद समझौता जल्द ही किया जाएगा।

4:24 PM- अंजनी फूड्स के तिमाही नतीजे 13 नवंबर को होंगे जारी

अंजनी फूड्स के निदेशक मंडल की अहम बैठक 13 नवंबर को होने जा रही है। इस बैठक में कंपनी चालू वित्त वर्ष की सितंबर में समाप्त हुई दूसरी तिमाही के अपने वित्तीय नतीजों पर विचार करेगी और इन्हें जारी करने को मंजूरी देगी।

3:59 PM- टाइटन ने एनालिस्ट कॉल को लेकर दी अपडेट

टाटा समूह की घड़ी और आभूषण कंपनी टाइटन लिमिटेड ने नवंबर 2026 में होने वाली एनालिस्ट और संस्थागत निवेशकों की बैठक का नया शेड्यूल जारी किया है। इसके मुताबिक 18 नवंबर 2026 को सुबह 10:00 बजे से 11:00 बजे तक मार्सेलस इनवेस्टमेंट मैनेजर्स और द इनवेस्टमेंट मैनेजमेंट कॉरपोरेशन ऑफ ओंटारियो के साथ आमने-सामने ग्रुप मीटिंग होगी। यह शेड्यूल पहले से तय बैठकों के अलावा है। कंपनी ने साफ किया है कि इस चर्चा के दौरान शेयर भाव को प्रभावित करने वाली कोई भी संवेदनशील जानकारी या भविष्य के अनुमान साझा नहीं किए जाएंगे, साथ ही जरूरत पड़ने पर इस कार्यक्रम में बदलाव भी संभव है।

3:52 PM- आरएम ड्रिप एंड स्प्रिंकलर्स का मुनाफा 65% लुढ़का

चालू वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही में आरएम ड्रिप एंड स्प्रिंकलर्स सिस्टम्स के मुनाफे में भारी गिरावट आई है। इस दौरान कंपनी का शुद्ध मुनाफा 64.78% फिसलकर 2 करोड़ रुपये पर आ गया है, जो पिछले साल की इसी तिमाही में 5.65 करोड़ रुपये था। हालांकि कंपनी के कारोबार में हल्की बढ़त दर्ज की गई है और इसका कामकाजी रेवेन्यू 3.34% बढ़कर 32 करोड़ रुपये दर्ज किया गया है।

2:40 PM- रेमसन इंडस्ट्रीज का मुनाफा 25% बढ़ा

चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में रेमसन इंडस्ट्रीज का शुद्ध मुनाफा बेहतर प्रोडक्ट मिक्स के दम पर 25% चढ़ गया है। इस दौरान कंपनी की कुल कमाई यानी रेवेन्यू में भी 17% की अच्छी बढ़त दर्ज की गई और यह बढ़कर 135 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है, हालांकि कामकाजी स्तर पर एबिटा में थोड़ी नरमी देखने को मिली है। वहीं आज के कारोबार में कंपनी का शेयर 1.90% यानी 1.78 रुपये फिसलकर 91.67 रुपये के स्तर पर ट्रेड कर रहा है।

2:27 PM- डिविडेंड के लिए ईसाब इंडिया का आज है एक्स डेट

वेल्डिंग और कटिंग उपकरण बनाने वाली कंपनी ईसाब इंडिया ने अपने निवेशकों को तोहफा देते हुए प्रति शेयर 20 रुपये का अंतरिम डिविडेंड देने की घोषणा की है। इस डिविडेंड का फायदा उठाने के लिए 9 नवंबर 2026 को एक्स-डेट और 10 नवंबर 2026 को रिकॉर्ड डेट तय की गई है। वहीं आज के कारोबार में कंपनी का शेयर 0.29 फीसदी यानी 14.50 रुपये की मजबूती के साथ 5,042.50 रुपये के स्तर पर ट्रेड कर रहा है।

2:20 PM- फिजिक्सवाला का मुनाफा दोगुना, मगर शेयर में गिरावट

चालू वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही में एडटेक कंपनी फिजिक्सवाला ने शानदार नतीजे पेश किए हैं, जहां कंपनी का मुनाफा दोगुना बढ़कर 142 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है। इस दौरान कंपनी का रेवेन्यू 18% की बढ़त के साथ 1,242 करोड़ रुपये रहा, जबकि कामकाजी मोर्चे पर एबिटा में 45% का जोरदार उछाल देखने को मिला है। छात्रों के ज्यादा दाखिले, बेहतर औसत कमाई और दक्षिण भारत के साथ क्षेत्रीय भाषाओं में AI आधारित विस्तार ने इस ग्रोथ को रफ्तार दी है। कंपनी आगे चलकर नीट क्रैश कोर्स, डिजिटल यूनिवर्सिटी मंजूरी और एसेट-लाइट मॉडल पर फोकस कर रही है। वहीं आज के कारोबार में कंपनी का शेयर 1.95% यानी 2.53 रुपये टूटकर 127.53 रुपये के स्तर पर ट्रेड कर रहा है।

2:13 PM- शीला फोम का रेवेन्यू 19% चढ़ा

चालू वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही में गद्दा और फोम बनाने वाली कंपनी शीला फोम का कंसोलिडेटेड रेवेन्यू पिछले साल के मुकाबले 19% बढ़कर 1,045 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है। यह पहला मौका है जब कंपनी की दूसरी तिमाही का रेवेन्यू 1,000 करोड़ रुपये के स्तर को पार कर गया है। वहीं पहली छमाही के दौरान भी कंपनी का प्रदर्शन काफी मजबूत रहा और इसका कुल रेवेन्यू 22% की जोरदार बढ़त के साथ 2,077 करोड़ रुपये दर्ज किया गया है।

12:56 PM- पीवीआर आईनॉक्स का मुनाफा दोगुना बढ़ा

दूसरी तिमाही के मजबूत नतीजों के दम पर पीवीआर आईनॉक्स के शेयरों में 3% तक का जोरदार उछाल देखने को मिला और यह एनएसई पर 1,645.10 रुपये के अपने नए 52 हफ्ते के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही में मल्टीप्लेक्स चेन ऑपरेटर पीवीआर आईनॉक्स का कंसोलिडेटेड शुद्ध मुनाफा दोगुना उछलकर 263.1 करोड़ रुपये दर्ज किया गया है।

12:30 PM- व्हर्लपूल और ओलेक्ट्रा ग्रीनटेक के नतीजों पर रहेगी खास नजर

आज दूसरी तिमाही के नतीजे जारी करने वाली प्रमुख कंपनियों में होम अप्लायंस बनाने वाली दिग्गज कंपनी व्हर्लपूल ऑफ इंडिया सबसे बड़ा नाम है। इसके साथ ही ग्रीन टेक्नोलॉजी और इलेक्ट्रिक वाहन से जुड़े समाधान देने वाली कंपनी ओलेक्ट्रा ग्रीनटेक भी आज अपने तिमाही वित्तीय परिणाम घोषित करेगी। इन दोनों ही कंपनियों के वित्तीय आंकड़ों पर बाजार की सबसे करीबी नजर रहेगी। इसके अलावा माइक्रो इरिगेशन उपकरण बनाने वाली कंपनी आर एम ड्रिप स्प्रिंकलर्स सिस्टम्स, एम्यूजमेंट पार्क और पर्यटन से जुड़ी निको पार्क एंड रिसॉर्ट्स और फार्मा सेक्टर की कंपनी मेडिको रेमेडीज भी आज अपने ऑपरेशन से रेवेन्यू और मुनाफे के आंकड़े सार्वजनिक करेंगी। इन कंपनियों का प्रदर्शन संबंधित सेक्टर्स के हालिया रुझान को समझने में मदद करेगा।

12:20 PM- मैन्युफैक्चरिंग और पैकेजिंग सेक्टर की इन कंपनियों के आएंगे आंकड़े

आज परिणाम घोषित करने वाली सूची में कई पैकेजिंग और मैन्युफैक्चरिंग कंपनियां भी शामिल हैं। पैकेजिंग सामग्री और पॉलीफिल्म बनाने वाली कंपनी बारफ्लेक्स पॉलीफिल्म्स और टेक्नोलॉजी सर्विस प्रोवाइडर कंपनी ऋचा इन्फो सिस्टम्स भी आज अपने वित्तीय नतीजे घोषित करने वाली हैं। इसके अलावा पर्सनल केयर प्रोडक्ट्स बनाने वाली कंपनी थ्राइव फ्यूचर हैबिटेट्स और ट्यूबलेस टायर बनाने वाली कंपनी क्रिप्टन इंडस्ट्रीज के नतीजे भी आज के दिन आने तय हैं। वहीं थर्ड पार्टी इंस्पेक्शन और सर्टिफिकेशन का काम करने वाली फर्म गल्फ लॉयड्स इंडिया भी सोमवार को अपने बोर्ड की बैठक के बाद दूसरी तिमाही के आंकड़ों का ऐलान करेगी। इन सभी कंपनियों के ऑपरेशन और वित्तीय सेहत का आकलन आज के नतीजों से होगा।

लेखकों के बारे में

Upstox
Upstox Hindi News Desk पत्रकारों की एक टीम है जो शेयर बाजारों, अर्थव्यवस्था, वस्तुओं, नवीनतम व्यावसायिक रुझानों और व्यक्तिगत वित्त को उत्साहपूर्वक कवर करती है।

अगला लेख

End of additional stories