return to news
  1. NSE आईपीओ को लेकर क्या हैं लेटेस्ट अपडेट्स, सेबी प्रमुख ने क्या कुछ कहा?

मार्केट न्यूज़

NSE आईपीओ को लेकर क्या हैं लेटेस्ट अपडेट्स, सेबी प्रमुख ने क्या कुछ कहा?

Upstox

2 min read | अपडेटेड August 28, 2026, 11:17 IST

सारांश

एनएसई के आईपीओ के बारे में पांडेय ने कहा कि नियामक उसके मसौदा दस्तावेज को मंजूरी देने के बेहद करीब है। उन्होंने यह भी कहा कि एनएसई को अपने ही मंच पर अपने शेयरों के कारोबार की अनुमति देने संबंधी कोई प्रस्ताव अभी सेबी के पास नहीं आया है।

एनएसई आईपीओ

एनएसई आईपीओ को लेकर क्या हैं लेटेस्ट अपडेट्स? (Photo: Shutterstock)

भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के चेयरमैन तुहिन कांत पांडेय ने गुरुवार को कहा कि बाजार नियामक हाल में लागू ‘समापन नीलामी सत्र’ (Closing Auction Session, CAS) व्यवस्था में फिलहाल कोई बदलाव नहीं करेगा। इसके साथ ही, पांडेय ने कहा कि स्टॉक एक्सचेंज नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के आईपीओ की मंजूरी के लिए दाखिल दस्तावेजों के मसौदे को स्वीकृति देने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। बाजार नियामक सेबी के प्रमुख ने एनएसई क्लियरिंग की 30वीं एनिवर्सिरी के मौके पर आयोजित कार्यक्रम से कहा, ‘फिलहाल हम सीएएस व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं देख रहे हैं और यह उसी तरह चल रही है। इसमें भागीदारी बढ़ेगी और सभी ब्रोकर अपने ऐप में इसे उपलब्ध कराएंगे।’

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

सेबी ने बाजार में हेराफेरी रोकने और पारदर्शिता बढ़ाने के लिए 3 अगस्त से सीएएस लागू किया था। इसके तहत कारोबारी सत्र खत्म होने से पहले निर्धारित समय में खरीद और बिक्री के ऑर्डर एकत्र किए जाते हैं और नीलामी आधारित ऑर्डर मिलान प्रक्रिया के जरिये उनका एग्जिक्यूशन किया जाता है। सीएएस लागू होने के बाद बाजार प्रतिभागियों ने इसकी कार्यप्रणाली को लेकर चिंताएं जताई थीं। पांडेय ने पहले इन्हें व्यवस्था से जुड़ी शुरुआती दिक्कतें बताते हुए प्रतिभागियों से नई प्रणाली को समझने और इसके अनुकूल तकनीकी प्रणालियां अपनाने को कहा था।

सेबी चेयरमैन ने 19 अगस्त को कहा था कि सीएएस में हेराफेरी कर उसे बदनाम करने की किसी भी कोशिश से सेबी सख्ती से निपटेगा। इसके कुछ ही घंटे बाद सेबी ने हेराफेरी के मामले में दो इकाइयों के खिलाफ आदेश जारी किए थे। उन्होंने कहा कि सीएएस में हेराफेरी पकड़ने की सेबी की क्षमता 'कारोबार की मात्रा के आधार पर भारित औसत कीमत' (Volume-Weighted Average Price, VWAP) वाली पुरानी प्रणाली से अधिक है।

एनएसई के आईपीओ के बारे में पांडेय ने कहा कि नियामक उसके मसौदा दस्तावेज को मंजूरी देने के बेहद करीब है। उन्होंने यह भी कहा कि एनएसई को अपने ही मंच पर अपने शेयरों के कारोबार की अनुमति देने संबंधी कोई प्रस्ताव अभी सेबी के पास नहीं आया है। प्रस्ताव मिलने पर उसका आकलन किया जाएगा।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)
PTI इनपुट के साथ

लेखकों के बारे में

Upstox
Upstox Hindi News Desk पत्रकारों की एक टीम है जो शेयर बाजारों, अर्थव्यवस्था, वस्तुओं, नवीनतम व्यावसायिक रुझानों और व्यक्तिगत वित्त को उत्साहपूर्वक कवर करती है।

अगला लेख