return to news
  1. कोल्टे-पाटिल डेवलपर्स के शेयरों में आज जबर्दस्त तेजी, ₹6,000 करोड़ GDV वाले 6 नए प्रोजेक्ट्स की हर डीटेल यहां

मार्केट न्यूज़

कोल्टे-पाटिल डेवलपर्स के शेयरों में आज जबर्दस्त तेजी, ₹6,000 करोड़ GDV वाले 6 नए प्रोजेक्ट्स की हर डीटेल यहां

Namita Shukla

4 min read | अपडेटेड August 06, 2026, 12:34 IST

सारांश

कोल्टे-पाटिल पिछले एक दशक से मुंबई के रिडेवलपमेंट मार्केट में एक्टिव है। कंपनी का कहना है कि उसने पारदर्शी कार्यप्रणाली और समय पर प्रोजेक्ट पूरा करने की क्षमता के दम पर हाउसिंग सोसायटियों का भरोसा जीता है।

कोल्टे-पाटिल डेवलपर्स के शेयर

Kolte-Patil Developers का मुंबई में बड़ा दांव (Photo: Shutterstock)

रियल एस्टेट कंपनी कोल्टे-पाटिल डेवलपर्स लिमिटेड ने मुंबई महानगर क्षेत्र (मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन, MMR) में अपने विस्तार की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। कंपनी ने छह नए सोसायटी रिडेवलपमेंट प्रोजेक्ट्स साइन किए हैं, जिनकी अनुमानित ग्रॉस डेवलपमेंट वैल्यू (GDV) करीब 6,000 करोड़ रुपये है। कंपनी का कहना है कि यह मुंबई क्षेत्र में अब तक का उसका सबसे बड़ा सालाना बिजनेस डेवलपमेंट है और इससे आने वाले सालों के लिए मजबूत प्रोजेक्ट पाइपलाइन तैयार होगी। इसके बाद आज कोल्टे-पाटिल डेवलपर्स के शेयरों में ताबड़तोड़ तेजी देखने को मिली। दोपहर 12 बजे के आस-पास कंपनी के शेयर करीब 6% यानी कि 23-24 रुपये प्रति शेयर चढ़कर 416-417 रुपये प्रति शेयर पर ट्रेड हो रहे थे।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

मुंबई के प्रमुख इलाकों में होंगे नए प्रोजेक्ट

कंपनी के नए प्रोजेक्ट्स मुंबई और नवी मुंबई के प्रमुख इलाकों में स्थित हैं। इनमें सांताक्रूज वेस्ट, अंधेरी वेस्ट (लोखंडवाला), ओशिवारा, वर्सोवा, घाटकोपर ईस्ट और वाशी शामिल हैं। ये सभी ऐसे माइक्रो-मार्केट हैं जहां बेहतर कनेक्टिविटी, मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर और सीमित भूमि उपलब्ध होने के कारण आवासीय परियोजनाओं की मांग लगातार बनी हुई है। कंपनी का लक्ष्य इन क्षेत्रों में आधुनिक और प्रीमियम आवासीय प्रोजेक्ट्स विकसित करना है।

किन प्रोजेक्ट्स से आएगी सबसे ज्यादा वैल्यू

कंपनी के अनुसार सबसे बड़ा प्रोजेक्ट सांताक्रूज वेस्ट में होगा, जिसकी अनुमानित GDV लगभग 1,930 करोड़ रुपये है। इसके बाद अंधेरी वेस्ट (लोखंडवाला) का प्रोजेक्ट करीब 1,420 करोड़ रुपये का होगा। वहीं ओशिवारा, वर्सोवा, घाटकोपर ईस्ट और वाशी के प्रोजेक्ट्स की अनुमानित GDV क्रमशः 800 करोड़, 750 करोड़, 600 करोड़ और 500 करोड़ रुपये आंकी गई है। इन सभी परियोजनाओं को आवश्यक मंजूरियां मिलने के बाद अगले 6 से 12 महीनों में लॉन्च करने की योजना है।

कंपनी की रणनीति को मिलेगी नई रफ्तार

कोल्टे-पाटिल डेवलपर्स का कहना है कि इन छह प्रोजेक्ट्स से मुंबई में उसकी मौजूदगी और मजबूत होगी। कंपनी अब पश्चिमी उपनगरों, मध्य मुंबई और नवी मुंबई में बड़े स्तर पर विस्तार कर रही है। प्रबंधन के मुताबिक कंपनी आगे भी विभिन्न डेवलपमेंट मॉडल के तहत ऐसे मौके तलाशती रहेगी, जहां मांग अधिक हो और लंबे समय में बेहतर मूल्य सृजित किया जा सके।

कंपनी के प्रबंध निदेशक राजेश पाटिल ने कहा कि करीब 6,000 करोड़ रुपये की संयुक्त GDV वाले ये प्रोजेक्ट्स कंपनी के डेवलपमेंट पाइपलाइन को मजबूत करेंगे। उन्होंने बताया कि ब्लैकस्टोन के साथ रणनीतिक साझेदारी के बाद कंपनी बड़े प्रोजेक्ट्स और वैल्यू आधारित ग्रोथ पर खास ध्यान दे रही है।

रिडेवलपमेंट सेगमेंट में मजबूत एक्सपीरियंस

कोल्टे-पाटिल पिछले एक दशक से मुंबई के रिडेवलपमेंट मार्केट में एक्टिव है। कंपनी का कहना है कि उसने पारदर्शी कार्यप्रणाली और समय पर प्रोजेक्ट पूरा करने की क्षमता के दम पर हाउसिंग सोसायटियों का भरोसा जीता है। अब तक कंपनी मुंबई में 20 रिडेवलपमेंट प्रोजेक्ट्स साइन कर चुकी है, जिनमें कुछ पूरे हो चुके हैं, कुछ निर्माणाधीन हैं और बाकी भविष्य की परियोजनाएं हैं।

कंपनी का कारोबार और भविष्य की योजना

1991 में स्थापित कोल्टे-पाटिल डेवलपर्स पुणे के प्रमुख रियल एस्टेट डेवलपर्स में शामिल है। कंपनी की मौजूदगी मुंबई और बेंगलुरु में भी है। अब तक यह 68 से अधिक प्रोजेक्ट्स डेवलप कर चुकी है और 3.3 करोड़ वर्गफुट से अधिक क्षेत्र का विकास कर चुकी है। कंपनी मिड-प्रीमियम से लेकर लक्जरी हाउसिंग सेगमेंट तक में काम करती है। हाल ही में ब्लैकस्टोन के साथ हुई रणनीतिक साझेदारी के बाद कंपनी अपने कारोबार को और तेजी से बढ़ाने की योजना पर काम कर रही है।

निवेशकों के लिए क्यों महत्वपूर्ण है यह घोषणा

मार्केट एक्सपर्ट्स का मानना है कि मुंबई जैसे प्रीमियम रियल एस्टेट बाजार में एक साथ छह बड़े प्रोजेक्ट्स हासिल करना कोल्टे-पाटिल डेवलपर्स के लिए बड़ी उपलब्धि है। अगर सभी परियोजनाएं तय समय पर लॉन्च होती हैं और बिक्री उम्मीद के अनुसार रहती है, तो आने वाले वर्षों में कंपनी की आय और प्रोजेक्ट पाइपलाइन दोनों को मजबूती मिल सकती है। यही वजह है कि कंपनी की यह घोषणा निवेशकों और रियल एस्टेट सेक्टर दोनों के लिए अहम मानी जा रही है।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

लेखकों के बारे में

Namita Shukla
Namita Shukla is a seasoned journalist with over 15 years of experience in Hindi media. She has worked with some of the most reputed news organizations, including Navbharat Times, Dainik Jagran, Aaj Tak, and Hindustan Times Hindi. Throughout her career, Namita has reported on a wide range of beats such as national affairs, sports, business, and entertainment, bringing clarity and depth to her reporting. In addition to her journalistic work, she is a certified fact-checker by both Google and Meta, underscoring her commitment to accuracy and ethical journalism in the digital age.

अगला लेख