return to news
  1. क्या अमेरिकी बाजार में भारत की चमकेगी किस्मत? पीयूष गोयल ने कम टैरिफ को लेकर दिया बड़ा बयान

बिजनेस न्यूज़

क्या अमेरिकी बाजार में भारत की चमकेगी किस्मत? पीयूष गोयल ने कम टैरिफ को लेकर दिया बड़ा बयान

Namita Shukla

3 min read | अपडेटेड November 16, 2026, 09:31 IST

सारांश

पीयूष गोयल ने 15 नवंबर को मिस्र के काहिरा में भारतीय समुदाय के एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान यह जानकारी दी। उनसे अमेरिका की ओर से भारत को प्रतिस्पर्धी देशों के मुकाबले व्यापारिक लाभ दिए जाने को लेकर सवाल पूछा गया था।

अमेरिका-भारत

भारत-अमेरिका व्यापार समझौते में बड़ा संकेत (Photo: Shutterstock)

भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौते को लेकर एक अहम जानकारी सामने आई है। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि अमेरिका ने भारतीय उत्पादों को अपने बाजार में प्रतिस्पर्धी देशों की तुलना में कम आयात शुल्क के साथ प्राथमिकता देने का आश्वासन दिया है। इस व्यवस्था से भारतीय निर्यातकों को अमेरिकी बाजार में बेहतर प्रतिस्पर्धा का मौका मिल सकता है। गोयल के मुताबिक, यह सहमति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच कुछ महीने पहले हुए व्यापक व्यापार समझौते के फ्रेमवर्क का हिस्सा थी।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

मोदी और ट्रंप के बीच पहले ही बनी थी सहमति

पीयूष गोयल ने 15 नवंबर को मिस्र के काहिरा में भारतीय समुदाय के एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान यह जानकारी दी। उनसे अमेरिका की ओर से भारत को प्रतिस्पर्धी देशों के मुकाबले व्यापारिक लाभ दिए जाने को लेकर सवाल पूछा गया था। एनएनआई की खबर के मुताबिक इस सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि अमेरिकी बाजार में भारत को कम शुल्क के साथ प्राथमिकतापूर्ण व्यापार पहुंच देने का विषय दोनों देशों के शीर्ष नेतृत्व के बीच पहले ही तय हो चुका था। मंत्री के अनुसार, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्यापक फ्रेमवर्क समझौते की घोषणा की थी, तब इस मुद्दे पर सहमति बनी थी।

भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर बातचीत जारी

भारत और अमेरिका ने फरवरी 2026 में द्विपक्षीय व्यापार समझौते (Bilateral Trade Agreement यानी BTA) के पहले चरण का फ्रेमवर्क तैयार किया था। हालांकि, अमेरिकी टैरिफ नीतियों में बदलाव के कारण समझौते पर हस्ताक्षर की प्रक्रिया में देरी हुई है और दोनों देशों के बीच बातचीत जारी है।

सरकारी अधिकारियों के अनुसार, भारत और अमेरिका मौजूदा वित्त वर्ष के अंत तक व्यापार समझौते के पहले चरण को पूरा करने की दिशा में काम कर रहे हैं। इसके साथ ही व्यापक द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर भी बातचीत चल रही है।

अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया है कि भारतीय उत्पादों को मिलने वाले वास्तविक टैरिफ लाभ की सीमा अंतिम शुल्क संरचना तय होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

भारतीय निर्यातकों को मिल सकता है फायदा

अमेरिकी बाजार में प्रतिस्पर्धी देशों की तुलना में कम आयात शुल्क मिलने से भारतीय उत्पादों की कीमतों को लेकर प्रतिस्पर्धात्मक स्थिति बेहतर हो सकती है। इससे अमेरिकी खरीदारों के लिए भारत से सामान खरीदना अधिक आकर्षक बन सकता है।

हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि किन उत्पादों को इस व्यवस्था के तहत लाभ मिलेगा और अलग-अलग श्रेणियों में कितनी टैरिफ दरें लागू होंगी। इन पहलुओं का निर्धारण अंतिम व्यापार समझौते के आधार पर होगा।

टैरिफ बदलाव के बीच समझौते पर नजर

अमेरिका की टैरिफ व्यवस्था में हालिया बदलावों ने भारत-अमेरिका व्यापार वार्ता को प्रभावित किया है। पहले लागू किए गए रेसिप्रोकल टैरिफ को अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट द्वारा निरस्त किए जाने के बाद अमेरिका वैकल्पिक कानूनी प्रावधानों के माध्यम से नई शुल्क व्यवस्था तैयार कर रहा है।

ऐसे में भारत को मिलने वाले व्यापारिक लाभ का वास्तविक स्वरूप अंतिम टैरिफ फ्रेमवर्क पर निर्भर करेगा। दोनों देश व्यापार समझौते को आगे बढ़ाने और आर्थिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में प्रयासरत हैं।

लेखकों के बारे में

Namita Shukla
Namita Shukla is a seasoned journalist with over 15 years of experience in Hindi media. She has worked with some of the most reputed news organizations, including Navbharat Times, Dainik Jagran, Aaj Tak, and Hindustan Times Hindi. Throughout her career, Namita has reported on a wide range of beats such as national affairs, sports, business, and entertainment, bringing clarity and depth to her reporting. In addition to her journalistic work, she is a certified fact-checker by both Google and Meta, underscoring her commitment to accuracy and ethical journalism in the digital age.

अगला लेख

End of additional stories