बिजनेस न्यूज़
.png)
3 min read | अपडेटेड February 19, 2026, 09:07 IST
सारांश
दिल्ली में जारी एआई समिट (AI Summit) का आज चौथा दिन है। पीएम मोदी करीब 20 देशों के प्रमुखों के साथ एआई के भविष्य पर चर्चा करेंगे। कार्यक्रम में माइक्रोसॉफ्ट के बिल गेट्स और ओपनएआई के सैम ऑल्टमैन जैसे ग्लोबल टेक लीडर्स भी अपनी बात रखेंगे। शाम को पीएम मोदी दिग्गजों के साथ सीईओ राउंडटेबल में शामिल होकर रिसर्च और सप्लाई चेन पर मंथन करेंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज भारत मंडपम में वैश्विक नेताओं और टेक दिग्गजों के साथ एआई समिट की ओपनिंग सेरेमनी में भाग लेंगे।
नई दिल्ली का भारत मंडपम आज वैश्विक राजनीति और आधुनिक तकनीक के संगम का गवाह बनने जा रहा है। 19 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 'इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026' में दुनिया भर से आए महानुभावों और राष्ट्राध्यक्षों का स्वागत करेंगे। आज का दिन इस पांच दिवसीय समिट का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह सवा नौ बजे सभी शीर्ष नेताओं की एक 'फैमिली फोटो' के साथ होगी, जिसके बाद समिट की औपचारिक कार्यवाही आगे बढ़ेगी। भारत के लिए यह गौरव का क्षण है क्योंकि यह पहली बार है जब 'ग्लोबल साउथ' का कोई देश इतने बड़े स्तर पर एआई समिट की मेजबानी कर रहा है।
आज सुबह करीब 9:40 बजे पीएम मोदी समिट की ओपनिंग सेरेमनी में हिस्सा लेंगे। इस समारोह में लगभग 20 देशों के राष्ट्राध्यक्ष शामिल होने जा रहे हैं। सिर्फ नेता ही नहीं, बल्कि तकनीक की दुनिया के सबसे बड़े नाम भी आज भारत मंडपम के मंच पर दिखेंगे। ओपनएआई (OpenAI) के सैम ऑल्टमैन, माइक्रोसॉफ्ट के को-फाउंडर बिल गेट्स, रिलायंस के मुकेश अंबानी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों जैसे दिग्गज आज अपनी बात रखेंगे। इससे पहले बुधवार को पीएम मोदी ने स्पेन, फिनलैंड और भूटान जैसे देशों के नेताओं के साथ-साथ गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई से भी द्विपक्षीय मुलाकातें की थीं।
आज दिन भर कार्यक्रमों की लंबी फेहरिस्त तैयार है। सुबह 10:25 बजे प्रधानमंत्री मोदी इस भव्य समारोह को संबोधित करेंगे, जहां वे एआई को लेकर भारत के विजन को दुनिया के सामने रखेंगे। सुबह 11 बजे वे दूसरे नेताओं के साथ 'इंडिया एआई इम्पैक्ट एक्सपो' का दौरा करेंगे और अलग-अलग देशों के पवेलियन देखेंगे। दोपहर 12 बजे एक 'लीडर्स प्लेनरी' सेशन होगा, जिसमें एआई के नियमों यानी गवर्नेंस, इंफ्रास्ट्रक्चर और अंतरराष्ट्रीय सहयोग पर गहराई से चर्चा की जाएगी। इस समिट का मकसद एआई तकनीक को दुनिया भर के देशों के लिए सुलभ बनाना है।
समिट की चमक तब और बढ़ गई जब फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने अपने सोशल मीडिया पर पीएम मोदी के साथ एआई से बनाई गई एक फोटो शेयर की। उन्होंने इसके साथ लिखा कि जब दोस्त जुड़ते हैं तो नवाचार यानी इनोवेशन होता है। भारत इस समिट के जरिए 'ग्लोबल एआई कॉमन्स' बनाने का प्रस्ताव भी रख सकता है। यह एक ऐसा साझा खजाना होगा जहां से दुनिया के सभी देश एआई के इस्तेमाल से जुड़े महत्वपूर्ण डेटा और केस स्टडीज ले सकेंगे। इससे तकनीक का फायदा सिर्फ कुछ अमीर देशों तक सीमित न रहकर पूरी दुनिया को मिलेगा।
आज के व्यस्त कार्यक्रम का अंत एक हाई-प्रोफाइल मीटिंग के साथ होगा। शाम साढ़े पांच बजे से पीएम मोदी एक खास 'सीईओ राउंडटेबल' में हिस्सा लेंगे। इस राउंडटेबल में दुनिया की बड़ी कंपनियों के मुखिया शामिल होंगे। इसमें मुख्य रूप से एआई के क्षेत्र में निवेश, रिसर्च के लिए आपसी सहयोग, सप्लाई चेन को मजबूत करने और एआई तकनीक को धरातल पर उतारने जैसे मुद्दों पर सीधी बात होगी। सरकार की कोशिश है कि इस राउंडटेबल के जरिए भारत में ज्यादा से ज्यादा निवेश और रिसर्च सुविधाएं लाई जा सकें।
संबंधित समाचार
लेखकों के बारे में
.png)
अगला लेख
How To Use Open Interest For Intraday Trading: Complete Guide
What Is Stop Loss In Trading? Meaning, Types, & How To Use It
What Is ICRA? Why Its Credit Ratings Matter To Investors
Explore Learning Centre
All topics · stocks, MFs, derivatives, IPOs