return to news
  1. LPG गैस ई-केवाईसी कराने की आखिरी तारीख निकली, क्या नहीं कराया तो बंद हो जाएगा कनेक्शन?

बिजनेस न्यूज़

LPG गैस ई-केवाईसी कराने की आखिरी तारीख निकली, क्या नहीं कराया तो बंद हो जाएगा कनेक्शन?

Upstox

3 min read | अपडेटेड August 17, 2026, 09:14 IST

सारांश

घरेलू LPG गैस ग्राहकों के लिए बायोमेट्रिक ई-केवाईसी कराने की आखिरी तारीख 16 अगस्त 2026 थी। जिन ग्राहकों ने अभी तक यह वेरिफिकेशन नहीं कराया है, उन्हें घरेलू दरों पर गैस सिलिंडर मिलने में परेशानी हो सकती है। हालांकि कनेक्शन पक्के तौर पर बंद नहीं होगा, केवल अस्थायी रूप से रोका जाएगा।

lpg-gas-e-kyc-deadline-august-16-2026

LPG ग्राहकों के लिए बायोमेट्रिक ई-केवाईसी की आखिरी तारीख समाप्त, जानिए इसके प्रभाव और नियम।

घरेलू LPG गैस का इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों के लिए एक जरूरी अपडेट सामने आया है। इंडेन गैस, भारत गैस और एचपी गैस के ग्राहकों के लिए आधार आधारित बायोमेट्रिक ई-केवाईसी कराने की आखिरी तारीख 16 अगस्त 2026 थी। तेल मंत्रालय की ओर से यह प्रक्रिया उन ग्राहकों के लिए अनिवार्य की गई है जिन्होंने अब तक अपना वेरिफिकेशन पूरा नहीं कराया है। जिन ग्राहकों ने पहले ही अपनी ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी कर ली है, उन्हें इसे दोबारा कराने की कोई जरूरत नहीं है। हालांकि जिन लोगों ने दी गई डेडलाइन तक यह काम पूरा नहीं किया है, उन्हें आने वाले दिनों में वित्तीय नुकसान झेलना पड़ सकता है।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

डेडलाइन मिस होने पर क्या होगा असर?

कई ग्राहकों के मन में यह डर बना हुआ है कि डेडलाइन निकलने के बाद क्या उनका LPG कनेक्शन हमेशा के लिए रद्द हो जाएगा। कंपनियों और एडवाइजरी की तरफ से यह साफ किया गया है कि बायोमेट्रिक ई-केवाईसी न होने पर गैस कनेक्शन पक्के तौर पर बंद या रद्द नहीं किया जाएगा। इसका सबसे बड़ा असर ग्राहक की जेब पर पड़ेगा। इंडियन ऑयल द्वारा ग्राहकों को भेजे गए संदेश के मुताबिक, ई-केवाईसी न कराने वाले उपभोक्ता तब तक घरेलू दरों पर सिलिंडर पाने के हकदार नहीं रहेंगे, जब तक वे अपना वेरिफिकेशन पूरा नहीं कर लेते। यानी वेरिफिकेशन न होने की स्थिति में कनेक्शन को अस्थायी रूप से सस्पेंड किया जा सकता है।

क्या कमर्शियल रेट पर मिलेगा सिलिंडर?

घरेलू दरों का लाभ न मिलने पर ग्राहकों को सिलिंडर के लिए ज्यादा कीमत चुकानी पड़ सकती है। इस समय अगस्त 2026 में 14.2 किग्रा वाले घरेलू LPG सिलिंडर की कीमत दिल्ली में 942 रुपये, कोलकाता में 968 रुपये, मुंबई में 941.50 रुपये और चेन्नई में 957.50 रुपये है। दूसरी ओर 19 किग्रा वाले कमर्शियल LPG सिलिंडर की दरें दिल्ली में 2,738 रुपये, मुंबई में 2,691.50 रुपये, कोलकाता में 2,872.50 रुपये और चेन्नई में 2,906 रुपये हैं। कुछ शहरों में तो कमर्शियल सिलिंडर का दाम 3,000 रुपये के पार भी है। हालांकि कमर्शियल और घरेलू सिलिंडर का वजन और कैटेगरी अलग होती है, लेकिन घरेलू रेट का अधिकार खोने से रसोई का बजट काफी बढ़ सकता है।

ई-केवाईसी कराने के आसान तरीके

जिन ग्राहकों ने अभी तक ई-केवाईसी नहीं कराया है, वे इसे बहुत ही आसान तरीकों से पूरा कर सकते हैं। इंडियन ऑयल के ग्राहक अपने घर बैठे इंडियनऑयल वन ऐप के जरिए आधार ऑथेंटिकेशन से वेरिफिकेशन कर सकते हैं। इसके अलावा ग्राहक अपने नजदीकी LPG डिस्ट्रीब्यूटर के पास जाकर भी बायोमेट्रिक ई-केवाईसी करा सकते हैं। साथ ही घर पर गैस सिलिंडर की डिलीवरी करने आने वाले डिलीवरी पर्सन के जरिए भी ई-केवाईसी की प्रक्रिया को पूरा किया जा सकता है।

क्यों जरूरी किया गया बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन?

सरकार और ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने LPG डिस्ट्रीब्यूशन में पारदर्शिता लाने और सही व पात्र ग्राहकों तक घरेलू दरों का फायदा पहुंचाने के लिए यह बायोमेट्रिक ई-केवाईसी लागू किया है। यह नियम मार्च 2026 से ही प्रभावी है, जिसे अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच पैदा हुए तनाव के बाद LPG सप्लाई और डिस्ट्रीब्यूशन की सख्त जांच के तहत आगे बढ़ाया गया था। अगर किसी ग्राहक को अपनी कंपनी से ई-केवाईसी पेंडिंग होने का मैसेज मिला है, तो उसे तुरंत अपने डिस्ट्रीब्यूटर, डिलीवरी पर्सन या ऑफिशियल ऐप के माध्यम से इसे पूरा करा लेना चाहिए ताकि घरेलू रेट्स का लाभ मिलता रहे।

लेखकों के बारे में

Upstox
Upstox Hindi News Desk पत्रकारों की एक टीम है जो शेयर बाजारों, अर्थव्यवस्था, वस्तुओं, नवीनतम व्यावसायिक रुझानों और व्यक्तिगत वित्त को उत्साहपूर्वक कवर करती है।

अगला लेख