ट्रेंडिंग न्यूज़
.png)
4 min read | अपडेटेड October 09, 2026, 17:37 IST
सारांश
छठ पूजा और दिवाली के समय बिहार जाने वाली ट्रेनों में भारी भीड़ रहती है और कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल हो जाता है। अगर आप बिना एजेंट के कन्फर्म सीट चाहते हैं, तो तत्काल बुकिंग, आसपास के स्टेशनों और जनरल वेटिंग लिस्ट जैसे कुछ आसान और स्मार्ट तरीके अपना सकते हैं।

छठ और दिवाली के समय बिहार जाने के लिए कन्फर्म ट्रेन टिकट पाने के आसान टिप्स।
छठ पूजा और दिवाली के मौके पर बिहार और उत्तर प्रदेश जाने वाले लोगों की सबसे बड़ी चिंता ट्रेन टिकट की होती है। इस समय ट्रेनें पूरी तरह से भरी रहती हैं और कन्फर्म टिकट पाना किसी जंग जीतने से कम नहीं लगता है। हालांकि अगर आप सही तरीके और कुछ टिप्स को अपनाएं, तो आपको कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना काफी बढ़ सकती है। रेलवे भी इस दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए कई कदम उठाता है, लेकिन भीड़ के कारण सीट पाना आसान नहीं होता। ऐसे में कुछ खास तरीके अपनाकर आप अपनी यात्रा को आसान बना सकते हैं। आइए जानते हैं कि बिना किसी एजेंट के आप कैसे अपनी ट्रेन टिकट कन्फर्म करा सकते हैं।
अगर आपको अपने स्टेशन से कोई कन्फर्म टिकट नहीं मिल रहा है, तो निराश होने की जरूरत नहीं है। आप अपने गंतव्य के आस-पास के छोटे या बड़े स्टेशनों के लिए भी टिकट चेक कर सकते हैं। कई बार ऐसा होता है कि आपके स्टेशन के लिए तो लंबी वेटिंग होती है, लेकिन थोड़ी दूर के स्टेशन के लिए सीट खाली मिल जाती है। उदाहरण के लिए अगर आपको पटना जाना है और टिकट नहीं मिल रहा है, तो आप दानापुर या पाटलिपुत्र के लिए भी टिकट देख सकते हैं। इससे आप आसानी से अपनी यात्रा कर सकते हैं।
जब भी टिकट बुक करने की योजना बनाएं, तो कभी भी सिर्फ एक ट्रेन पर निर्भर न रहें। राजधानी या एक्सप्रेस ट्रेनों के अलावा रेलवे इस सीजन में कई स्पेशल ट्रेनें भी चलाता है। स्लीपर क्लास के साथ-साथ थर्ड एसी और सेकंड एसी के टिकट भी चेक करते रहें। हो सकता है कि स्लीपर में बहुत लंबी वेटिंग हो, लेकिन थर्ड एसी में आपको आसानी से कन्फर्म टिकट मिल जाए। इसलिए सभी विकल्पों पर नजर रखना समझदारी है।
ट्रेन टिकट बुक करते समय वेटिंग लिस्ट के भी कई प्रकार होते हैं। इनमें जनरल वेटिंग लिस्ट यानी जीएनडबल्यूएल के कन्फर्म होने की उम्मीद सबसे ज्यादा होती है। इसके अलावा रिमोट लोकेशन वेटिंग लिस्ट और पूल्ड कोटा वेटिंग लिस्ट भी होते हैं, लेकिन इनके कन्फर्म होने के चांस कम रहते हैं। अगर दो ट्रेनों में वेटिंग लगभग बराबर है, तो उस ट्रेन को चुनें जिसमें जनरल वेटिंग लिस्ट हो, क्योंकि इसमें कन्फर्म होने की उम्मीद अधिक रहती है।
तत्काल टिकट बुक करना भी एक अच्छा विकल्प है। अगर आप तत्काल टिकट बुक कर रहे हैं, तो इसके लिए किसी एजेंट की जरूरत नहीं है। आप खुद भी आईआरसीटीसी की वेबसाइट या ऐप पर लॉगिन करके टिकट बुक कर सकते हैं। तत्काल बुकिंग से पहले अपना आधार वेरिफिकेशन पूरा रखें, ताकि बुकिंग के समय देरी न हो। इसके अलावा, यात्रियों की जानकारी पहले से मास्टर लिस्ट में सेव कर लें और पेमेंट का विकल्प तैयार रखें। ऐसा करने से आपका समय बचेगा और टिकट मिलने की उम्मीद बढ़ जाएगी।
अगर आपका टिकट वेटिंग में है, तो आप विकल्प सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। यह विकल्प आपको यह सहूलियत देता है कि अगर आपकी चुनी हुई ट्रेन में टिकट कन्फर्म नहीं होता है, तो रेलवे आपको किसी दूसरी ट्रेन में खाली सीट दे सकता है। हालांकि इसकी भी पूरी गारंटी नहीं होती, लेकिन इस जुगाड़ से आपको सीट मिलने के चांस जरूर बढ़ जाते हैं। इसके साथ ही चार्ट बनने के बाद भी खाली सीटों की बुकिंग होती है, इसलिए चार्ट बनने के बाद एक बार फिर टिकट चेक कर लें।
संबंधित समाचार
लेखकों के बारे में
.png)
अगला लेख