return to news
  1. बैंक जाने का है प्लान? पहले देख लें छुट्टियों की लिस्ट, इस हफ्ते इतने दिन बंद रहेंगे बैंक

ट्रेंडिंग न्यूज़

बैंक जाने का है प्लान? पहले देख लें छुट्टियों की लिस्ट, इस हफ्ते इतने दिन बंद रहेंगे बैंक

Upstox

3 min read | अपडेटेड September 06, 2026, 15:15 IST

सारांश

सितंबर महीने के इस नए हफ्ते में बैंकों में कई दिन कामकाज बंद रहने वाला है। 6 सितंबर संडे के बाद इस हफ्ते जयपुर में चुनाव, दिल्ली में ब्रिक्स सम्मेलन और असम में तिरुभाव तिथि के चलते अलग अलग दिन बैंक बंद रहेंगे।

bank-holidays-this-week-september-2026

सितंबर के इस हफ्ते कई दिन बंद रहेंगे बैंक, जानिए अपने शहर का हाल।

आज 6 सितंबर संडे होने की वजह से देश भर के सभी सरकारी और प्राइवेट बैंक बंद हैं। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, HDFC, ICICI और पंजाब नेशनल बैंक समेत सभी बैंकों में आज कामकाज पूरी तरह ठप रहेगा। संडे के वीकेंड ऑफ के बाद बैंक अब कल यानी सोमवार 7 सितंबर को अपने रेगुलर टाइम पर खुलेंगे। लेकिन अगर आप इस हफ्ते बैंक जाकर कोई जरूरी काम निपटाने की योजना बना रहे हैं, तो आपको थोड़ा संभलकर प्लान बनाना होगा। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया की हॉलिडे लिस्ट के मुताबिक इस हफ्ते कई राज्यों में अलग अलग मौकों पर बैंकों की छुट्टियां रहने वाली हैं।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

इस हफ्ते सिर्फ चार या पांच दिन ही होगा काम

भारतीय रिजर्व बैंक यानी आरबीआई के नियमों के अनुसार देश के सभी बैंक हर महीने के सभी संडे को बंद रहते हैं। इसके साथ ही हर महीने के दूसरे और चौथे सेटरडे को भी बैंकों में छुट्टी रहती है। सितंबर के इस नए हफ्ते में 7 से 13 सितंबर के बीच दो क्षेत्रीय छुट्टियां आ रही हैं। इसके अलावा दिल्ली में 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की तैयारियों को देखते हुए दिल्ली सरकार ने शुक्रवार 11 सितंबर को सरकारी छुट्टी का ऐलान किया है। इसके तुरंत बाद 12 सितंबर को महीने का दूसरा सेटरडे और 13 सितंबर को संडे है। इसका मतलब यह है कि इस हफ्ते लोगों को बैंक शाखाओं में काम कराने के लिए सिर्फ चार या पांच दिन का समय ही मिल पाएगा।

जानिए आपके शहर में कब बंद रहेंगे बैंक

शहरों के हिसाब से देखें तो शुक्रवार 11 सितंबर 2026 को जयपुर में नगर निगम चुनाव के कारण बैंक बंद रहेंगे। इसी दिन दिल्ली में भी ब्रिक्स बिजनेस फोरम और ब्रिक्स समिट की वजह से बैंकों में कामकाज प्रभावित हो सकता है। दिल्ली सरकार का आदेश केंद्र सरकार के दफ्तरों पर भी लागू होता है, इसलिए दिल्ली के सरकारी और प्राइवेट बैंकों में छुट्टी रहने की पूरी संभावना है। इसके बाद शनिवार 12 सितंबर 2026 को महीने का दूसरा सेटरडे होने की वजह से पूरे देश में बैंक बंद रहेंगे। इसी दिन असम के गुवाहाटी में श्रीमंत शंकरदेव की तिरुभाव तिथि का पर्व भी है, जिसकी वजह से वहां विशेष छुट्टी रहेगी। इसके बाद 13 सितंबर संडे को हफ्ते का नियमित अवकाश रहेगा।

बैंकों की टाइमिंग और वर्क शेड्यूल

आम दिनों में बैंकों के खुलने और बंद होने का समय अलग अलग शाखाओं और बैंकों के हिसाब से थोड़ा बदल सकता है। हालांकि ज्यादातर सरकारी और प्राइवेट बैंक कामकाज वाले दिनों में सुबह 10 बजे से अपनी सेवाएं शुरू करते हैं और शाम 4 बजे तक पब्लिक डीलिंग का काम करते हैं। अगर आपको इस हफ्ते बैंक की शाखा में जाकर कोई काम निपटाना है तो 10 से 4 बजे के बीच अपने नजदीकी बैंक में जा सकते हैं। लेकिन छुट्टियों वाले दिनों में शाखाओं में जाकर मिलने वाली सेवाएं पूरी तरह से बंद रहेंगी।

बैंकों के बंद रहने के बावजूद ग्राहकों को ज्यादा परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। बैंक शाखाएं बंद रहने पर भी नेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग, यूपीआई, एनीएफटी, आरटीजीएस और एटीएम जैसी डिजिटल सेवाएं बिना किसी रुकावट के चालू रहेंगी। ऑनलाइन बैंकिंग सुविधाएं पूरे साल 24 घंटे और सातों दिन काम करती हैं। इससे ग्राहक छुट्टियों के दिनों में भी पैसे ट्रांसफर करने या ऑनलाइन पेमेंट करने जैसे जरूरी काम आसानी से पूरे कर सकते हैं।

लेखकों के बारे में

Upstox
Upstox Hindi News Desk पत्रकारों की एक टीम है जो शेयर बाजारों, अर्थव्यवस्था, वस्तुओं, नवीनतम व्यावसायिक रुझानों और व्यक्तिगत वित्त को उत्साहपूर्वक कवर करती है।

अगला लेख