पर्सनल फाइनेंस
.png)
3 min read | अपडेटेड December 16, 2025, 13:31 IST
सारांश
आरबीआई द्वारा रेपो रेट में कटौती के बाद देश के बड़े बैंकों ने भी अपने कर्ज की दरें घटा दी हैं। एसबीआई, एचडीएफसी और पीएनबी समेत कई बैंकों ने ब्याज दरों में कमी की है। इससे होम लोन और कार लोन की ईएमआई सस्ती हो जाएगी। एसबीआई ने 15 दिसंबर से नई दरें लागू कर दी हैं।

सरकारी और प्राइवेट बैंकों ने ब्याज दरें घटाई हैं।
आम आदमी के लिए नए साल से पहले एक बड़ी खुशखबरी आई है। अगर आप लोन लेने की सोच रहे हैं या पहले से आपकी कोई ईएमआई चल रही है, तो आपके लिए राहत की खबर है। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) द्वारा 5 दिसंबर को रेपो रेट में कटौती करने के बाद अब बैंकों ने भी इसका फायदा ग्राहकों को देना शुरू कर दिया है। देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक एसबीआई से लेकर प्राइवेट सेक्टर के एचडीएफसी बैंक तक, सभी ने अपनी ब्याज दरों में कटौती का ऐलान किया है। आइए जानते हैं कि किस बैंक ने दरों में कितनी कमी की है और अब आपको लोन किस दर पर मिलेगा।
देश के सबसे बड़े बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) ने अपने करोड़ों ग्राहकों को बड़ी राहत दी है। बैंक ने अपनी उधारी दरों (लेंडिंग रेट्स) में 0.25 फीसदी तक की कटौती की है। ये नई दरें 15 दिसंबर से लागू हो चुकी हैं। एसबीआई ने एमसीएलआर, ईबीएलआर और आरएलएलआर समेत सभी पैमानों पर ब्याज घटाया है।
अगर एमसीएलआर की बात करें तो बैंक ने ओवरनाइट और एक महीने की दर को घटाकर 7.85 फीसदी कर दिया है। तीन महीने का एमसीएलआर अब 8.25 फीसदी हो गया है। वहीं, छह महीने का रेट 8.60 फीसदी और एक साल का एमसीएलआर, जो अक्सर होम लोन और ऑटो लोन से जुड़ा होता है, अब 8.70 फीसदी हो गया है। दो साल और तीन साल की अवधि के लिए यह दरें क्रमशः 8.75 फीसदी और 8.80 फीसदी होंगी। इसके अलावा, बैंक ने रेपो लिंक्ड लेंडिंग रेट (आरएलएलआर) को घटाकर 7.50 फीसदी और ईबीएलआर को 8.15 फीसदी कर दिया है। बेस रेट भी घटकर 9.90 फीसदी रह गया है।
बैंक ऑफ महाराष्ट्र ने भी ग्राहकों की खुशी बढ़ा दी है। बैंक ने अपने आरएलएलआर में 0.25 फीसदी की कटौती की है, जिसके बाद नई दर 7.10 फीसदी हो गई है। बैंक का दावा है कि उनका होम लोन अब 7.10 फीसदी और कार लोन 7.45 फीसदी से शुरू हो रहा है, जो इंडस्ट्री में सबसे कम दरों में से एक है। पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) ने भी 6 दिसंबर से अपनी दरों में बदलाव किया है। पीएनबी ने आरएलएलआर को 8.35 फीसदी से घटाकर 8.10 फीसदी कर दिया है। हालांकि, पीएनबी ने अपने एमसीएलआर और बेस रेट में कोई बदलाव नहीं किया है।
प्राइवेट सेक्टर के सबसे बड़े बैंक एचडीएफसी बैंक ने भी दरों में मामूली कटौती की है। बैंक ने एमसीएलआर में 0.05 फीसदी तक की कमी की है। अब बैंक का एमसीएलआर 8.30 फीसदी से 8.55 फीसदी के बीच है। सरकारी क्षेत्र के बैंक ऑफ इंडिया ने 5 दिसंबर से ही अपना आरएलएलआर घटाकर 8.10 फीसदी कर दिया है। इंडियन बैंक ने भी अपना आरएलएलआर घटाकर 7.95 फीसदी कर दिया है, जो 6 दिसंबर से लागू है।
इसके अलावा, बैंक ऑफ बड़ौदा ने अपना रेपो बेस्ड लेंडिंग रेट (बीआरएलएलआर) 8.15 फीसदी से घटाकर 7.90 फीसदी कर दिया है। वहीं, इंडियन ओवरसीज बैंक (आईओबी) ने 15 दिसंबर से अपने आरएलएलआर को घटाकर 8.10 फीसदी कर दिया है और साथ ही एमसीएलआर में भी 0.05 फीसदी की कटौती की है। आरबीआई ने इस साल कुल मिलाकर 1.25 फीसदी रेपो रेट घटाया है, जिससे आने वाले दिनों में और भी बैंक दरें कम कर सकते हैं।
संबंधित समाचार
लेखकों के बारे में
.png)
अगला लेख
What is a Recurring Deposit (RD)? Features, Benefits, Taxation, and How It Works
What Is NIIF? How India's National Investment and Infrastructure Fund Works
What Is Yield to Maturity (YTM) in Bonds? A Complete Guide
Explore Learning Centre
All topics · stocks, MFs, derivatives, IPOs