पर्सनल फाइनेंस
.png)
5 min read | अपडेटेड November 10, 2026, 11:09 IST
सारांश
ज्वॉइंट बैंक अकाउंट का सबसे बड़ा फायदा यह है कि दोनों पार्टनर घर के साझा खर्चों को एक ही खाते से मैनेज कर सकते हैं। उदाहरण के लिए, हर महीने किराया, राशन, बिजली का बिल, इंटरनेट और दूसरे घरेलू खर्चों के लिए अलग-अलग खातों से पैसे ट्रांसफर करने की जरूरत नहीं पड़ती।

दोनों पार्टनर खाते में जमा होने वाले पैसे, निकासी और बैलेंस की जानकारी देख सकते हैं।
शादी के बाद पति-पत्नी की जिंदगी में कई जिम्मेदारियां साझा हो जाती हैं। घर का खर्च, किराया, बिजली-पानी के बिल, बच्चों की पढ़ाई, बचत और भविष्य की योजनाएं जैसी कई चीजों के लिए पैसों का सही मैनेजमेंट जरूरी होता है। ऐसे में कई कपल्स अपने पैसों को मैनेज करने के लिए ज्वॉइंट बैंक अकाउंट खुलवाने का विकल्प चुनते हैं। इसमें दोनों पार्टनर एक ही बैंक खाते के धारक होते हैं और तय नियमों के अनुसार खाते का इस्तेमाल कर सकते हैं। ज्वॉइंट अकाउंट से पैसों का लेन-देन और घर के खर्चों का हिसाब रखना आसान हो सकता है। हालांकि, खाता खुलवाने से पहले इसके फायदे, जिम्मेदारियों और जोखिमों को समझना जरूरी है।
HDFC Bank की वेबसाइट पर दी गई जानकारी के अनुसार संयुक्त बैंक खाता खोलने के लिए सभी खाताधारकों को अपना वैध पहचान पत्र और पते का प्रमाण देना जरूरी है। साथ ही, सभी खाताधारकों को बैंक की सभी औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी और KYC प्रक्रिया भी साथ में पूरी करनी होगी। खाता खोलते समय सभी खाताधारकों को यह तय करना होगा कि खाते का संचालन सभी मिलकर करेंगे या कोई भी एक खाताधारक अकेले खाते से पैसे निकाल सकेगा।
सभी खाताधारकों को खाते में एक नॉमिनी नियुक्त करना चाहिए, ताकि किसी खाताधारक या सभी खाताधारकों की मृत्यु होने पर खाते में जमा पैसे सही व्यक्ति को मिल सकें। इसमें खाते में होने वाले सभी लेन-देन, निकाले गए अतिरिक्त पैसे और बकाया राशि की जिम्मेदारी सभी खाताधारकों की होती है। अगर कोई खाताधारक खाते में बदलाव करना चाहता है या खाता बंद करना चाहता है, तो इसके लिए सभी खाताधारकों की सहमति जरूरी होती है। इसके साथ ही सभी खाताधारकों को बैंक के नियमों, टैक्स के नियमों और धोखाधड़ी से बचने के नियमों का पालन करना होता है।
ज्वॉइंट बैंक अकाउंट का सबसे बड़ा फायदा यह है कि दोनों पार्टनर घर के साझा खर्चों को एक ही खाते से मैनेज कर सकते हैं। उदाहरण के लिए, हर महीने किराया, राशन, बिजली का बिल, इंटरनेट और दूसरे घरेलू खर्चों के लिए अलग-अलग खातों से पैसे ट्रांसफर करने की जरूरत नहीं पड़ती। दोनों पार्टनर अपने हिस्से का पैसा संयुक्त खाते में जमा कर सकते हैं और उसी से जरूरी भुगतान कर सकते हैं।
इसके अलावा, अगर पति-पत्नी भविष्य के लिए घर खरीदना चाहते हैं, छुट्टियों पर जाना चाहते हैं या इमरजेंसी फंड बनाना चाहते हैं तो ज्वॉइंट अकाउंट के जरिए मिलकर बचत करना आसान हो सकता है। इसका एक फायदा पैसों के लेन-देन में पारदर्शिता भी है। दोनों पार्टनर खाते में जमा होने वाले पैसे, निकासी और बैलेंस की जानकारी देख सकते हैं। इससे यह समझना आसान होता है कि हर महीने कितना पैसा खर्च हो रहा है और कितनी बचत हो रही है। साथ ही, साझा खर्चों के लिए अलग खाता होने से मासिक बजट बनाना भी आसान हो जाता है।
ज्वॉइंट अकाउंट खुलवाने से पहले दोनों पार्टनर को यह तय करना चाहिए कि खाते में कितना पैसा जमा किया जाएगा और उसका इस्तेमाल किन कामों के लिए होगा। जरूरी नहीं कि दोनों बराबर पैसे जमा करें। कुछ कपल्स खर्च को 50-50 के आधार पर बांटते हैं, जबकि कुछ अपनी-अपनी कमाई के हिसाब से योगदान करते हैं।
उदाहरण के लिए, अगर एक पार्टनर की कमाई दूसरे से ज्यादा है तो दोनों आपसी सहमति से उसी अनुपात में पैसे जमा कर सकते हैं। इसके अलावा, खर्च करने की आदतों पर भी बात करना जरूरी है। पहले से तय कर लें कि खाते से कौन-कौन से खर्च किए जाएंगे और कितनी रकम निकालने से पहले दूसरे पार्टनर को बताना जरूरी होगा।
ज्वॉइंट अकाउंट खुलवाने का मतलब यह नहीं है कि दोनों पार्टनर अपने व्यक्तिगत बैंक खाते बंद कर दें। बेहतर तरीका यह हो सकता है कि दोनों अपना अलग बैंक अकाउंट भी बनाए रखें। इससे व्यक्तिगत जरूरतों और खर्चों के लिए स्वतंत्रता बनी रहती है, जबकि घर के साझा खर्च संयुक्त खाते से पूरे किए जा सकते हैं।
ज्वॉइंट अकाउंट में कुछ जोखिम भी होते हैं। उदाहरण के लिए, अगर एक पार्टनर बिना बताए खाते से ज्यादा पैसे निकाल लेता है तो दोनों के बीच विवाद हो सकता है। खाते के ऑपरेशन के नियमों के आधार पर किसी एक खाताधारक को अकेले पैसे निकालने की अनुमति भी हो सकती है। इसके अलावा, अलगाव, आपसी विवाद या किसी एक खाताधारक की मृत्यु होने की स्थिति में खाते का संचालन कैसे होगा, यह समझना भी जरूरी है। इसलिए खाता खुलवाने से पहले बैंक के नियम, पैसे निकालने की शर्तें और नॉमिनेशन से जुड़ी प्रक्रिया जरूर जांच लें।
संबंधित समाचार
लेखकों के बारे में
.png)
अगला लेख