return to news
  1. एक्सिस ला रहा मल्टी-एसेट और इंडेक्स समेत 5 नई स्कीम्स, म्यूचुअल फंड में निवेश करने वालों को पता होनी चाहिए ये बातें

पर्सनल फाइनेंस

एक्सिस ला रहा मल्टी-एसेट और इंडेक्स समेत 5 नई स्कीम्स, म्यूचुअल फंड में निवेश करने वालों को पता होनी चाहिए ये बातें

Upstox

3 min read | अपडेटेड November 07, 2026, 10:16 IST

सारांश

एक्सिस म्यूचुअल फंड ने 5 नई स्कीम्स लॉन्च करने के लिए सेबी के पास दस्तावेज जमा कराए हैं। इनमें मल्टी-एसेट एक्टिव एफओएफ, लार्जमिडकैन 250, नेक्स्ट 50 ईटीएफ, मिडस्मॉलकैप 400 और मेटल इंडेक्स फंड शामिल हैं।

mutual-fund-nfo-sebi-filing-axis-mf

म्यूचुअल फंड निवेशकों के लिए 5 नए फंड्स बाजार में आने वाले हैं।

म्यूचुअल फंड निवेशकों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। प्रमुख फंड हाउस एक्सिस म्यूचुअल फंड ने एक साथ पांच नई स्कीम्स लाने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए फंड हाउस ने मार्केट रेगुलेटर सेबी के पास ड्राफ्ट ऑफर डॉक्यूमेंट जमा करा दिए हैं। इन पांच योजनाओं में मल्टी-एसेट एक्टिव फंड ऑफ फंड्स, तीन इंडेक्स फंड्स और एक नया ईटीएफ शामिल है। न्यू फंड ऑफर यानी NFO के दौरान इन सभी योजनाओं के लिए प्रति यूनिट कीमत 10 रुपये तय की गई है। इसके साथ ही इन सभी स्कीम्स में एंट्री लोड पूरी तरह शून्य रहेगा और हर स्कीम के लिए न्यूनतम 5 करोड़ रुपये का मिनिमम टारगेट अमाउंट जुटाने का लक्ष्य रखा गया है।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

एक्सिस निफ्टी मल्टी-एसेट एक्टिव FoF के नियम

एक्सिस निफ्टी मल्टी-एसेट एक्टिव FoF एक ओपन-एंडेड फंड ऑफ फंड्स स्कीम है। इसका उद्देश्य इक्विटी, डेट और कमोडिटी आधारित ईटीएफ के पोर्टफोलियो का एक्टिव मैनेजमेंट करके लंबी अवधि में पूंजी बढ़ाना है। इस स्कीम के प्रदर्शन की तुलना निफ्टी 500 टीआरआई (45%), निफ्टी कंपोजिट डेट इंडेक्स (45%), फिजिकल सोने के घरेलू भाव (5%) और फिजिकल चांदी के घरेलू भाव (5%) के संयुक्त बेंचमार्क से होगी। इसमें न्यूनतम 100 रुपये और उसके बाद 1 रुपये के गुणक में निवेश किया जा सकता है। यह स्कीम केवल ग्रोथ ऑप्शन की पेशकश करती है। इसमें 12 महीने के भीतर 10% निवेश निकालने पर कोई चार्ज नहीं लगेगा, जबकि बाकी निवेश पर 1% एग्जिट लोड लगेगा। 12 महीने के बाद एग्जिट लोड शून्य रहेगा।

लार्जमिडकैप 250 और नेक्स्ट 50 ईटीएफ की खूबियां

फंड हाउस ने एक्सिस निफ्टी लार्जमिडकैन 250 इंडेक्स फंड का ड्राफ्ट भी पेश किया है। यह ओपन-एंडेड स्कीम निफ्टी लार्जमिडकैन 250 टीआरआई के अनुसार रिटर्न देने का लक्ष्य रखती है। इसमें न्यूनतम आवेदन 100 रुपये और उसके बाद 10 रुपये के गुणक में होगा। इसमें ग्रोथ ऑप्शन मिलेगा और 15 दिनों के भीतर निकासी पर 0.25% एग्जिट लोड लगेगा, जबकि 15 दिन बाद कोई लोड नहीं होगा। वहीं तीसरी स्कीम एक्सिस निफ्टी नेक्स्ट 50 ईटीएफ है, जिसका बेंचमार्क निफ्टी नेक्स्ट 50 टीआरआई रहेगा। इस ईटीएफ में कोई प्लान या ऑप्शन नहीं दिया गया है और इसमें एंट्री एंड एग्जिट लोड दोनों शून्य रहेंगे। इस ईटीएफ में न्यूनतम निवेश 5,000 रुपये और उसके बाद 10 रुपये के गुणक में तय है।

मिडस्मॉलकैप 400 और मेटल इंडेक्स फंड की शर्तें

चौथी स्कीम एक्सिस निफ्टी मिडस्मॉलकैप 400 इंडेक्स फंड है, जो निफ्टी मिडस्मॉलकैप 400 टीआरआई को ट्रैक करेगी और इसमें न्यूनतम आवेदन 100 रुपये व 1 रुपये के गुणक में होगा। पांचवीं स्कीम एक्सिस निफ्टी मेटल इंडेक्स फंड है, जो निफ्टी मेटल टीआरआई के अनुसार रिटर्न देने का प्रयास करेगी। इसमें भी न्यूनतम 100 रुपये और 1 रुपये के गुणक में निवेश होगा। इन दोनों ही इंडेक्स फंड्स में ग्रोथ ऑप्शन मिलेगा। दोनों फंड्स में 15 दिनों के भीतर यूनिट्स भुनाने पर 0.25% का एग्जिट लोड लगेगा, जबकि 15 दिनों के बाद निकासी पर कोई एग्जिट लोड नहीं देना होगा। सेबी से मंजूरी मिलने के बाद निवेशकों को इन नई स्कीम्स में पैसा लगाने का मौका मिलेगा।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

लेखकों के बारे में

Upstox
Upstox Hindi News Desk पत्रकारों की एक टीम है जो शेयर बाजारों, अर्थव्यवस्था, वस्तुओं, नवीनतम व्यावसायिक रुझानों और व्यक्तिगत वित्त को उत्साहपूर्वक कवर करती है।

अगला लेख

End of additional stories