return to news
  1. क्या 10 साल की SIP में भी हो सकता है घाटा? स्मॉलकैप और मिडकैप के इन आंकड़ों ने चौंकाया

पर्सनल फाइनेंस

क्या 10 साल की SIP में भी हो सकता है घाटा? स्मॉलकैप और मिडकैप के इन आंकड़ों ने चौंकाया

विकास तिवारी

3 min read | अपडेटेड October 23, 2026, 19:00 IST

सारांश

म्यूचुअल फंड में 10 साल तक एसआईपी करने पर भी क्या घाटा हो सकता है? एडलवाइस म्यूचुअल फंड की रिसर्च के मुताबिक ऐसा बिल्कुल संभव है। आंकड़ों के अनुसार निफ्टी स्मॉलकैप 250 में 10 साल की SIP का सबसे खराब रिटर्न माइनस 0.13% रहा है, जबकि मिडकैप ने सबसे बेहतर औसत रिटर्न दिया।

can-10-year-sip-give-negative-returns-

आंकड़े बताते हैं कि 10 साल की एसआईपी में भी निगेटिव रिटर्न मिल सकता है।

म्यूचुअल फंड में निवेश करने वाले ज्यादातर लोगों का मानना होता है कि अगर वे 10 साल तक लगातार एसआईपी चलाते हैं, तो उन्हें निश्चित रूप से मुनाफा ही मिलेगा। यह माना जाता है कि दशक भर की SIP बाजार के उतार-चढ़ाव को मात देकर अच्छी वेल्थ बना देती है। लेकिन क्या 10 साल तक हर महीने पैसे जमा करने के बाद भी घाटा हो सकता है? ऐतिहासिक आंकड़े बताते हैं कि 10 साल की नियमित एसआईपी में भी नुकसान हो सकता है, खासकर जब निवेश स्मॉलकैप शेयरों में किया गया हो।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

एडलवाइस म्यूचुअल फंड की रिसर्च में खुलासा

एडलवाइस म्यूचुअल फंड द्वारा 30 सितंबर 2026 तक के आंकड़ों पर की गई रिसर्च से यह बात सामने आई है। इस अध्ययन में अलग-अलग मार्केट कैप इंडेक्स के 10 साल के रोलिंग एसआईपी रिटर्न को परखा गया। इसके अनुसार निफ्टी स्मॉलकैप 250 टोटल रिटर्न्स इंडेक्स का सबसे खराब यानी न्यूनतम सालाना रिटर्न माइनस 0.13% रहा। यानी 10 साल तक लगातार निवेश के बाद भी सबसे बुरे दौर में मामूली घाटा दर्ज हुआ। इसके मुकाबले लार्जकैप के निफ्टी 100 इंडेक्स ने न्यूनतम 5.07% और निफ्टी मिडकैप 150 ने कम से कम 6.37% का रिटर्न देकर पूंजी को सुरक्षित रखा।

10 साल में मिडकैप ने दिया सबसे बेहतर रिटर्न

आंकड़ों के मुताबिक 10 साल में स्मॉलकैप के रिटर्न में सबसे बड़ा उतार-चढ़ाव दिखा। निफ्टी स्मॉलकैप 250 का न्यूनतम रिटर्न माइनस 0.13% और अधिकतम 22.20% रहा, जबकि इसका औसत रिटर्न 15.01% दर्ज हुआ। दूसरी ओर मिडकैप शेयरों ने औसत और अधिकतम दोनों में बाजी मारी। निफ्टी मिडकैप 150 ने औसतन 17.61% का सालाना रिटर्न दिया और इसका रिटर्न 6.37 से 23.60% के बीच रहा। लार्जकैप इंडेक्स ने औसतन 12.95% का रिटर्न दिया, जिसका न्यूनतम स्तर 5.07 और अधिकतम 17.02% रहा। इससे साफ है कि बुरे समय में स्मॉलकैप ने निराश भी किया।

5 साल की SIP में और ज्यादा गहराया नुकसान

जब अवधि घटाकर 5 साल की गई, तो यह अंतर और बड़ा हो गया। रिपोर्ट के अनुसार 5 साल के रोलिंग एसआईपी में निफ्टी स्मॉलकैप 250 का सबसे खराब रिटर्न माइनस 16.81% रहा। वहीं निफ्टी मिडकैप 150 का सबसे खराब रिटर्न माइनस 6.71% और निफ्टी 100 का माइनस 3.03% रहा। हालांकि अच्छे दौर में स्मॉलकैप ने 38.26% का अधिकतम रिटर्न दिया, जबकि मिडकैप ने 36.14 और लार्जकैप ने 22.95% दिया। लेकिन औसत रिटर्न में 5 साल में भी मिडकैप ही 17.64% के साथ आगे रहा, जबकि स्मॉलकैप 15.48 और लार्जकैप 13.01% पर रहे।

इन आंकड़ों से साफ है कि स्मॉलकैप में उतार-चढ़ाव बहुत भारी होता है और लंबे समय में मिडकैप ने औसत के हिसाब से बेहतर प्रदर्शन किया है। इस रिसर्च में रोलिंग SIP रिटर्न का उपयोग किया गया है, जो अलग-अलग समय पर शुरू किए गए मासिक निवेश को मापता है। हालांकि ये आंकड़े इंडेक्स के ऐतिहासिक रिटर्न पर आधारित हैं, किसी म्यूचुअल फंड स्कीम के वास्तविक रिटर्न नहीं हैं। फिर भी यह अध्ययन सिखाता है कि लंबी अवधि से नुकसान की संभावना पूरी तरह खत्म नहीं होती। एसआईपी लागत को औसत करती है, लेकिन बाजार के जोखिम से पूरी तरह सुरक्षा नहीं देती।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

लेखकों के बारे में

विकास तिवारी
Vikash Tiwary is a finance journalist with 6+ years of newsroom experience. He is currently growing Upstox Hindi, crafting data-driven stories on stocks, personal finance, mutual funds, and global markets, while exploring how AI can simplify finance. His work spans Zee Business, TV9 Bharatvarsh, ABP News, India TV, and Inshorts. He also holds NISM certification.

अगला लेख