पर्सनल फाइनेंस
.png)
4 min read | अपडेटेड February 09, 2026, 16:21 IST
सारांश
केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए 8वें वेतन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट लॉन्च कर दी गई है। आयोग ने MyGov पोर्टल के जरिए कर्मचारियों और आम जनता से 18 अहम सवालों पर सुझाव मांगे हैं। इस पहल से वेतन निर्धारण की प्रक्रिया में पारदर्शिता आने की उम्मीद है। सुझाव देने की आखिरी तारीख 16 मार्च 2026 है।

8वें वेतन आयोग ने अपनी नई वेबसाइट 8cpc.gov.in को लाइव कर दिया है।
केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए लंबे समय से जिस घड़ी का इंतजार था, वह आखिरकार आ गई है। सरकार ने 8वें केंद्रीय वेतन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट लॉन्च कर अपनी तैयारियों का बिगुल फूंक दिया है। इस वेबसाइट के लाइव होने के साथ ही यह साफ हो गया है कि इस बार वेतन आयोग केवल फाइलों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि वह एक पारदर्शी और सहभागी प्रक्रिया अपनाने जा रहा है। आयोग ने अपनी कार्यप्रणाली को आधुनिक बनाते हुए सीधे कर्मचारियों और अन्य हितधारकों से जुड़ने का फैसला किया है, जिससे आने वाले समय में वेतन निर्धारण की प्रक्रिया अधिक स्पष्ट होने की उम्मीद है।
8वें वेतन आयोग ने एक बहुत ही अनोखी पहल करते हुए MyGov पोर्टल के साथ हाथ मिलाया है। आयोग ने इस पोर्टल पर कुल 18 सवालों की एक विस्तृत सूची जारी की है। इन सवालों के माध्यम से आयोग यह जानना चाहता है कि वर्तमान आर्थिक परिस्थितियों में कर्मचारियों की क्या अपेक्षाएं हैं। आयोग का मानना है कि सही और संतुलित फैसला लेने के लिए उन लोगों की राय लेना बहुत जरूरी है, जिन पर इसका सीधा असर पड़ना है। कोई भी व्यक्ति इन सवालों के जवाब देकर अपनी राय सीधे आयोग तक पहुंचा सकता है।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि सुझाव देने का मौका केवल बड़े अधिकारियों तक ही सीमित नहीं है। इसमें केंद्र सरकार के सभी मंत्रालयों, विभागों, राज्य सरकारों और केंद्र शासित प्रदेशों के सुझावों को शामिल किया जाएगा। इनके अलावा केंद्रीय कर्मचारी, न्यायिक अधिकारी, कर्मचारी यूनियन, पेंशनभोगी, शोधकर्ता और शिक्षाविद भी अपनी बात रख सकते हैं। यहां तक कि देश का कोई भी आम नागरिक इस प्रक्रिया में हिस्सा ले सकता है। आयोग ने यह भरोसा भी दिलाया है कि जो लोग अपने सुझाव देंगे, उनकी पहचान पूरी तरह से गुप्त रखी जाएगी।
वेतन आयोग की नई वेबसाइट 8cpc.gov.in को बहुत ही सरल और इंफोर्मेटिक बनाया गया है। इस पर आयोग के काम करने के तरीके यानी टर्म्स ऑफ रेफरेंस की जानकारी दी गई है। इसके साथ ही आयोग के सदस्यों और अधिकारियों के बारे में भी बताया गया है। जो कर्मचारी पुराने वेतन आयोगों के बारे में जानना चाहते हैं, उनके लिए पिछली रिपोर्ट्स और सरकारी गजट नोटिफिकेशन के अलग सेक्शन बनाए गए हैं। इससे कर्मचारियों को यह समझने में मदद मिलेगी कि पिछला वेतन ढांचा किस आधार पर तैयार किया गया था और इस बार क्या नया हो सकता है।
आयोग द्वारा पूछे गए 18 सवालों में भविष्य के वेतन ढांचे की झलक साफ दिखाई दे रही है। इन सवालों में आर्थिक विकास, बढ़ती महंगाई और सरकार पर पड़ने वाले आर्थिक बोझ के बीच तालमेल बैठाने पर जोर दिया गया है। इसके अलावा फिटमेंट फैक्टर की क्या भूमिका होनी चाहिए और टॉप अधिकारियों की सैलरी तय करने का सही तरीका क्या हो, इस पर भी राय मांगी गई है। इंक्रीमेंट सिस्टम यानी सालाना वेतन वृद्धि के तरीके में भी बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। इन सवालों से कर्मचारी संगठनों को उम्मीद है कि इस बार वेतन में व्यावहारिक और बड़ी बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।
अगर आप भी अपना सुझाव देना चाहते हैं, तो आपको यह ध्यान रखना होगा कि आयोग केवल ऑनलाइन माध्यम से ही राय स्वीकार करेगा। ईमेल, किसी पीडीएफ फाइल या डाक के जरिए भेजे गए कागजों पर कोई विचार नहीं किया जाएगा। सभी सुझाव केवल MyGov पोर्टल के माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। इसके लिए अंतिम तिथि 16 मार्च 2026 तय की गई है। कर्मचारी संगठनों ने सरकार के इस कदम की सराहना की है। ऑल इंडिया एनपीएस इंप्लॉई फेडरेशन के अध्यक्ष डॉ. मंजीत पटेल का कहना है कि वेबसाइट लॉन्च होना एक बड़ी खुशखबरी है और इससे 8वें वेतन आयोग के काम में तेजी आएगी।
संबंधित समाचार
लेखकों के बारे में
.png)
अगला लेख