return to news
  1. Stock Market: US-China के बीच सहमति की खबर, क्रूड ऑयल से रुपये तक, बाजार में रिकवरी की ये है वजहें

मार्केट न्यूज़

Stock Market: US-China के बीच सहमति की खबर, क्रूड ऑयल से रुपये तक, बाजार में रिकवरी की ये है वजहें

Shubham Singh Thakur

3 min read | अपडेटेड May 13, 2026, 10:59 IST

सारांश

Stock Market: शेयर बाजार में आज की तेजी के पीछे एक बड़ी वजह वैल्यू बाइंग है। पिछले 4 कारोबारी दिनों में Sensex में करीब 4.15 फीसदी या 3226 अंकों की गिरावट आ चुकी है। भारी बिकवाली के बाद अब कई ऐसे बेहतर शेयर हैं जो सस्ते हो गए हैं। ऐसे में कई निवेशकों ने अब खरीदारी का फैसला किया है।

Stock Market

Stock Market: आज के कारोबार में क्रूड ऑयल के भाव में गिरावट नजर आ रही है।

Stock Market: भारतीय शेयर बाजार में आज 13 मई को भारी उतार-चढ़ाव है। आज शुरुआती कारोबार में BSE Sensex में करीब 425 अंकों की गिरावट रही और यह 74,134.48 के स्तर तक लुढ़क गया। हालांकि बाद में कुछ रिकवरी देखी गई, जिसके चलते बाजार ने गिरावट की भरपाई कर ली। रिपोर्ट लिखे जाने के समय Sensex में 152.84 अंकों की बढ़त थी और यह 74,712.08 के स्तर तक पहुंच गया। आज के निचले स्तर से Sensex में करीब 850 अंकों की तेजी देखने को मिली है। इसके अलावा Nifty 50 भी 84 अंक बढ़कर 23,463.50 के लेवल पर ट्रेड कर रहा है। बाजार में इस शानदार रिकवरी के लिए कई फैक्टर्स जिम्मेदार हैं।
Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

अमेरिका और चीन के बीच सहमति की खबर

रॉयटर्स की एक रिपोर्ट में बताया गया है कि अमेरिका और चीन के वरिष्ठ अधिकारी इस बात पर सहमत हैं कि किसी भी देश को स्ट्रेट ऑफ हॉर्मूज में शिपिंग टोल वसूलने की अनुमति नहीं दी जा सकती। इससे उम्मीद की जा रही है कि ईरान पर दबाव बनेगा और वह स्ट्रेट ऑफ हॉर्मूज में राहत दे सकता है। बता दें कि अमेरिका और चीन कई मुद्दों पर विरोधी हैं लेकिन इस मामले में दोनों का हित एक जैसा है। बता दें कि डोनाल्ड ट्रंप आज 13 मई से 15 मई तक चीन के दौरे पर हैं।

वैल्यू बाइंग

शेयर बाजार में आज की तेजी के पीछे एक बड़ी वजह वैल्यू बाइंग है। पिछले 4 कारोबारी दिनों में Sensex में करीब 4.15 फीसदी या 3226 अंकों की गिरावट आ चुकी है। भारी बिकवाली के बाद अब कई ऐसे बेहतर शेयर हैं जो सस्ते हो गए हैं। ऐसे में कई निवेशकों ने अब खरीदारी का फैसला किया है। यही वजह है कि आज शेयर बाजार में रिकवरी नजर आ रही है।

क्रूड ऑयल में नरमी

आज के कारोबार में क्रूड ऑयल के भाव में गिरावट नजर आ रही है। ब्रेंट क्रूड ऑयल 1.44 फीसदी गिरकर 106.22 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर आ गया है। भारत अपनी जरूरत का 80 फीसदी से ज्यादा तेल आयात करता है। ऐसे में क्रूड ऑयल का भाव कम होना भारत के लिए पॉजिटिव है। इससे बाजार का सेंटीमेंट बेहतर हुआ है।

रुपये में सुधार

डॉलर के मुकाबले रुपये की वैल्यू में आज थोड़ी रिकवरी नजर आ रही है। आज शुरुआती कारोबार में रुपया अपने अब तक के सबसे निचले स्तर से 16 पैसे सुधरकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.52 पर पहुंच गया। रुपये की लगातार गिरती वैल्यू ने मार्केट का सेंटीमेंट खराब किया हुआ था। ऐसे में इसमें सुधार की खबर से आज निवेशकों को राहत मिली।

मजबूत ग्लोबल संकेत

एशियाई बाजारों में, दक्षिण कोरिया का बेंचमार्क कोस्पी, जापान का बेंचमार्क निक्केई 225 इंडेक्स, शंघाई का SSE कंपोजिट इंडेक्स और हांगकांग का हैंग सेंग इंडेक्स पॉजिटिव जोन में रहे। इससे भारतीय शेयर बाजार को भी सपोर्ट मिला है।

मेटल स्टॉक्स में रैली

सरकार ने सोने और चांदी पर इंपोर्ट ड्यूटी को 6% से बढ़ाकर 15% करने का फैसला किया है। इस खबर के बाद आज मेटल स्टॉक्स में जमकर खरीदारी हो रही है। रिपोर्ट लिखे जाने के समय Nifty Metal इंडेक्स में 2.53 फीसदी की बढ़त थी और यह 13,207.05 के स्तर पर पहुंच गया। इसके अलावा NSE पर ज्यादातर इंडेक्स हरे निशान पर ट्रेड कर रहे थे। इससे बाजार को सपोर्ट मिला।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

अगला लेख