return to news
  1. ₹42 हजार करोड़ की ऐतिहासिक डील से टाटा मोटर्स ने खरीदी ये विदेशी कंपनी, 87% से ज्यादा मिले शेयर

मार्केट न्यूज़

₹42 हजार करोड़ की ऐतिहासिक डील से टाटा मोटर्स ने खरीदी ये विदेशी कंपनी, 87% से ज्यादा मिले शेयर

Upstox

3 min read | अपडेटेड October 27, 2026, 13:15 IST

सारांश

टाटा मोटर्स इटली की प्रमुख कमर्शियल व्हीकल कंपनी इवेको ग्रुप के टेकओवर के बेहद करीब पहुंच गई है। कंपनी के 42,561 करोड़ रुपये के टेकओवर ऑफर को 87.81% शेयरधारकों की शुरुआती मंजूरी मिल गई है।

शेयर सूची

tata-motors-iveco-group-

टाटा मोटर्स ने इवेको ग्रुप के 42,561 करोड़ रुपये के बड़े टेकओवर की दिशा में अहम पड़ाव पार कर लिया है।

टाटा ग्रुप की प्रमुख कंपनी टाटा मोटर्स के शेयरों में आज अच्छी हलचल देखने को मिल रही है। कंपनी इटली की प्रसिद्ध कमर्शियल व्हीकल निर्माता इवेको ग्रुप के टेकओवर के बेहद करीब पहुंच गई है। टाटा मोटर्स के 3.91 बिलियन यूरो यानी करीब 42,561 करोड़ रुपये के टेकओवर ऑफर को शेयरधारकों का तगड़ा समर्थन मिला है। कंपनी ने बताया कि उसे शुरुआती तौर पर इवेको की शेयर कैपिटल का 87.81% हिस्सा मिल चुका है। इस स्वीकृति के साथ ही अधिग्रहण के लिए तय न्यूनतम सीमा पार हो गई है और यह ग्लोबल डील अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच गई है।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

रेगुलेटरी फाइलिंग में मिली बड़ी जानकारी

टाटा मोटर्स ने 27 अक्टूबर को रेगुलेटरी फाइलिंग में बताया कि उसकी पूर्ण स्वामित्व वाली सब्सिडियरी टीएमएल सीवी होल्डिंग्स बीवी को प्रोविजनल नतीजे मिले हैं। इसके मुताबिक 26 अक्टूबर की डेडलाइन तक शेयरधारकों ने 238.16 मिलियन इवेको शेयर टेंडर कर दिए हैं। यह इवेको की कुल आउटस्टैंडिंग कॉमन शेयर कैपिटल और योग्य शेयरों का 87.81% बैठता है। कंपनी के लगभग 1.8% ट्रेजरी शेयरों को हटाकर देखें तो टाटा मोटर्स की संभावित हिस्सेदारी 89.42% तक पहुंच जाती है। हालांकि ये नतीजे अभी प्रोविजनल हैं, लेकिन कंपनी ने साफ कर दिया है कि न्यूनतम सीमा की शर्त पूरी हो चुकी है।

ऑफर प्राइस बढ़ाने से बनी बात

यह कामयाबी टाटा मोटर्स के लिए एक बड़ा मील का पत्थर है। इस महीने की शुरुआत में कंपनी ने अपना ऑफर प्राइस 0.30 यूरो बढ़ाकर 14.40 यूरो प्रति शेयर कर दिया था, जो पहले 14.10 यूरो था। कंपनी ने यह बढ़ोतरी डील प्रोसेस में करीब चार महीने की देरी की भरपाई के लिए की थी। साथ ही आगे दाम न बढ़ाने का भी फैसला किया था। प्रोविजनल नतीजों के अनुसार, टेंडर किए गए शेयरों की कुल वैल्यू लगभग 3.43 बिलियन यूरो आंकी गई है।

नतीजों का ऐलान और नया मौका

इस टेकओवर के फाइनल नतीजे 29 अक्टूबर को सेंट्रल यूरोपियन टाइम के अनुसार सुबह 7 बजकर 29 मिनट तक घोषित होंगे। शुरुआती दौर में शेयर टेंडर करने वाले निवेशकों को 30 अक्टूबर को पेमेंट मिलने की उम्मीद है। वहीं जो शेयरधारक पहले दौर में शामिल नहीं हो पाए, उनके लिए यह विंडो 2 नवंबर से 6 नवंबर तक दोबारा खोली जाएगी, जिसका पेमेंट 13 नवंबर को होगा। इससे पहले 16 अक्टूबर की बैठक में न्यूनतम हिस्सेदारी की सीमा 95% से घटाकर 80% की गई थी, और मौजूदा 87.81% का आंकड़ा इस सीमा से काफी ऊपर है।

इस सौदे के तहत इवेको का ट्रक और बस बिजनेस टाटा मोटर्स के पास आएगा, जबकि डिफेंस बिजनेस को अलग रखा गया है। इसका उद्देश्य टाटा मोटर्स के कमर्शियल व्हीकल कारोबार को यूरोप और अन्य ग्लोबल मार्केट्स में फैलाना है। इस डील का 3.8% हिस्सेदारी वाले निवेशक पेट्रस एडवाइजर्स ने विरोध किया था और अधिक कीमत की मांग की थी। लेकिन टाटा मोटर्स के एमडी और सीईओ गिरीश वाघ ने 14.40 यूरो के ऑफर को अंतिम बताया था। 23 अक्टूबर तक जहां केवल 35% शेयर मिले थे, वहीं अंतिम तारीख तक शेयरों की संख्या तेजी से बढ़कर 87.81% तक पहुंच गई।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

लेखकों के बारे में

Upstox
Upstox Hindi News Desk पत्रकारों की एक टीम है जो शेयर बाजारों, अर्थव्यवस्था, वस्तुओं, नवीनतम व्यावसायिक रुझानों और व्यक्तिगत वित्त को उत्साहपूर्वक कवर करती है।

अगला लेख

End of additional stories