मार्केट न्यूज़
.png)
4 min read | अपडेटेड October 27, 2026, 13:29 IST
सारांश
शेयर बाजार में आज अर्निंग्स सीजन का बहुत बड़ा दिन है। आज निफ्टी 50 की छह दिग्गज कंपनियों समेत कई बड़े नाम अपने दूसरी तिमाही के वित्तीय नतीजे जारी करेंगे। निवेशकों की नजर बजाज ऑटो, मारुति सुजुकी, एलएंडटी, टाटा स्टील और सिप्ला के साथ पेटीएम के नतीजों पर भी रहेगी।

शेयर बाजार में आज नतीजों की बहार है।
शेयर बाजार में इन दिनों अर्निंग्स सीजन की धूम मची हुई है और आज का दिन निवेशकों के लिए बहुत ज्यादा एक्शन से भरा रहने वाला है। आज दलाल स्ट्रीट पर नतीजों की झड़ी लगने वाली है, क्योंकि निफ्टी 50 इंडेक्स में शामिल 6 प्रमुख दिग्गज कंपनियां अपने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही यानी Q2 के वित्तीय आंकड़े पेश करेंगी। इसके साथ ही ब्रॉड मार्केट की कई अन्य नामी कंपनियां भी आज अपने तिमाही नतीजों का ऐलान करेंगी। बाजार की नजर केवल आज आने वाले नतीजों पर ही नहीं होगी, बल्कि सोमवार को बाजार बंद होने के बाद जिन बड़ी कंपनियों के नतीजे आए थे, आज बाजार खुलते ही उन शेयरों पर भी निवेशकों का रिएक्शन देखने को मिलेगा।
चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में इंडोको रेमेडीज ने जोरदार वापसी की है और कंपनी घाटे से उबरकर मुनाफे में आ गई है। पिछले साल की समान तिमाही में 9.2 करोड़ रुपये के नुकसान के मुकाबले इस बार कंपनी को 19.5 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा हुआ है। इस दौरान कंपनी की कुल कमाई 7.4% बढ़कर 472 करोड़ रुपये से 507 करोड़ रुपये पर पहुंच गई है। वहीं कामकाजी मोर्चे पर कंपनी का एबिटा 10% की बढ़त के साथ 30.2 करोड़ रुपये से बढ़कर 33 करोड़ रुपये दर्ज किया गया है, जिससे इसका मार्जिन भी पिछले साल के 6.4% के मुकाबले मामूली सुधरकर 6.5% रहा है।
चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में एजिस लॉजिस्टिक्स का शुद्ध मुनाफा पिछले साल की समान तिमाही के 180 करोड़ रुपये के मुकाबले 45% बढ़कर 261 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है। वहीं कामकाजी मोर्चे पर कंपनी का एबिटा 49.4% की छलांग लगाकर 291 करोड़ रुपये से 434 करोड़ रुपये दर्ज किया गया है, जिससे इसका मार्जिन भी 12.67% से सुधरकर 19.62% पर आ गया है। हालांकि इस दौरान कंपनी की कुल कमाई 3.5% घटकर 2,294 करोड़ रुपये से 2,213 करोड़ रुपये रह गई है, जिसके चलते बाजार में कंपनी का शेयर दबाव में आ गया और फिलहाल 6.8% टूटकर कारोबार कर रहा है।
चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में आरईसी लिमिटेड के नतीजों में दबाव देखने को मिला है, जिससे NSE पर कंपनी का शेयर 3.34% टूटकर 288.25 रुपये के स्तर पर आ गया। पिछले साल की समान तिमाही के 4,415 करोड़ रुपये के मुकाबले कंपनी का शुद्ध मुनाफा 21.2% गिरकर 3,478 करोड़ रुपये रह गया है। इसके अलावा कंपनी की ब्याज से होने वाली शुद्ध कमाई यानी नेट इंटरेस्ट इनकम में भी 9% की गिरावट आई है और यह 6,022 करोड़ रुपये से घटकर 5,478 करोड़ रुपये दर्ज की गई है।
केफिन टेक्नोलॉजीज ने अपनी कॉनकॉल में बताया है कि उसका इंटरनेशनल बिजनेस पाइपलाइन पिछले साल के 20 मिलियन डॉलर के मुकाबले बढ़कर अब 47 मिलियन डॉलर पर पहुंच गया है। कंपनी का मानना है कि कुल एयूएम में घरेलू म्यूचुअल फंड की हिस्सेदारी जो फिलहाल 52% है, वह घटकर 50% से नीचे आ सकती है। इसके अलावा कंपनी ने वित्त वर्ष 2027 के लिए 40% एबिटा मार्जिन का अनुमान जताया है और उम्मीद जताई है कि खर्चों में कटौती का फायदा वित्त वर्ष की दूसरी छमाही में भी आगे जारी रहेगा।
आज के कारोबारी सत्र में बाजार का सबसे ज्यादा फोकस निफ्टी 50 की उन छह दिग्गज कंपनियों पर रहने वाला है जो आज अपनी अर्निंग्स जारी करेंगी। इनमें देश की सबसे बड़ी कार बनाने वाली कंपनी मारुति सुजुकी और प्रमुख टू-व्हीलर कंपनी बजाज ऑटो शामिल हैं। इसके साथ ही इंफ्रास्ट्रक्चर क्षेत्र की दिग्गज लार्सन एंड टुब्रो यानी एलएंडटी, फार्मा सेक्टर से सिप्ला, मेटल सेक्टर से टाटा स्टील और जीवन बीमा क्षेत्र से एसबीआई लाइफ आज अपने वित्तीय आंकड़े जारी करेंगे। इन सभी कंपनियों के ऑपरेशन से रेवेन्यू, नेट प्रॉफिट और मार्जिन के आंकड़ों का असर सिर्फ इनके शेयरों पर ही नहीं, बल्कि इनके पूरे सेक्टर और निफ्टी इंडेक्स की चाल पर भी गहरा असर डालेगा।
संबंधित समाचार
लेखकों के बारे में
.png)
अगला लेख