मार्केट न्यूज़
.png)
3 min read | अपडेटेड February 03, 2026, 09:21 IST
सारांश
अमेरिका के साथ हुई ट्रेड डील के बाद भारतीय शेयर बाजार में आज ऐतिहासिक तेजी के आसार हैं। गिफ्ट निफ्टी 800 अंकों की उछाल के साथ कारोबार कर रहा है। ट्रंप द्वारा टैरिफ घटाने से आईटी, फार्मा और टेक्सटाइल सेक्टर के शेयरों में भारी खरीदारी की उम्मीद जताई जा रही है।

अमेरिका से आई खबर के बाद दलाल स्ट्रीट में आज दिवाली जैसा माहौल रहने की उम्मीद है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और भारत के बीच हुए व्यापार समझौते ने भारतीय शेयर बाजार को एक बड़ा 'बूस्टर डोज' दे दिया है। आज बाजार खुलते ही सेंसेक्स और निफ्टी में रिकॉर्ड तोड़ तेजी देखने को मिल सकती है। इस उत्साह का सबसे बड़ा सबूत गिफ्ट निफ्टी (GIFT Nifty) है, जो सुबह के कारोबार में करीब 800 अंकों की भारी उछाल के साथ 25,933 के स्तर पर पहुंच गया है। यही हाल सेंसेक्स और निफ्टी का भी है।
3 फरवरी को घरेलू शेयर बाजार ने जोरदार तेजी के साथ शुरुआत की। इंडिया–यूएस ट्रेड डील को लेकर बने पॉजिटिव माहौल के चलते निवेशकों का भरोसा मजबूत दिखा, जिसका असर ओपनिंग में साफ नजर आया। निफ्टी 50 करीब 2.77% की उछाल के साथ 25,783 के ऊपर ट्रेड करता दिखा, जबकि बैंक निफ्टी में 2.5% से ज्यादा की तेजी रही और यह 60,000 के अहम स्तर के पार पहुंच गया। वहीं बीएसई सेंसेक्स भी 2.8% से अधिक चढ़कर 83,900 के ऊपर खुला।
इस समझौते का सबसे ज्यादा फायदा उन सेक्टर्स को होगा जो पिछले पांच महीनों से अमेरिका के भारी टैक्स के बोझ तले दबे थे। गौरतलब है कि अमेरिका ने भारतीय निर्यात पर 50 फीसदी तक का टैरिफ लगा दिया था, जिसमें रूस से तेल खरीदने के कारण 25 फीसदी का अतिरिक्त दंड भी शामिल था। अब जब यह टैरिफ घटकर 18 फीसदी हो गया है, तो फार्मास्यूटिकल्स, इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (आईटी), टेक्सटाइल और कपड़े, जेम्स एंड ज्वैलरी, केमिकल्स और ऑटो कंपोनेंट्स जैसे सेक्टर्स के शेयरों में जोरदार तेजी की उम्मीद है। इन कंपनियों का बड़ा कारोबार अमेरिका के साथ होता है, और टैक्स कम होने से इनके मुनाफे में सीधा उछाल आएगा।
सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि ट्रंप के इस ऐलान के बाद पूरे एशिया-प्रशांत क्षेत्र के बाजारों में जश्न का माहौल है। जापान का निक्केई 2.44 फीसदी और दक्षिण कोरिया का कोस्पी 5 फीसदी से ज्यादा चढ़ गया है। ऑस्ट्रेलिया के बाजार में भी तेजी है। इससे पहले अमेरिकी शेयर बाजार भी बढ़त के साथ बंद हुए थे। वहां एआई और चिप बनाने वाली कंपनियों के शेयरों में खरीदारी देखी गई, जिससे एसएंडपी 500 और नैस्डैक जैसे प्रमुख इंडेक्स हरे निशान में बंद हुए। इन मजबूत वैश्विक संकेतों का असर आज भारतीय बाजार की ओपनिंग पर साफ दिखाई देगा।
बाजार की चाल के अलावा आज कुछ बड़ी कंपनियों की खबरों पर भी निवेशकों की नजर रहेगी। रिलायंस इंडस्ट्रीज के लिए एक अहम खबर है कि पन्ना-मुक्ता तेल और गैस क्षेत्रों को लेकर चल रहे विवाद में दिल्ली हाईकोर्ट के फैसले के खिलाफ केंद्र सरकार की अपील पर सुनवाई हो सकती है। वहीं, हुंडई मोटर इंडिया ने अपने तिमाही नतीजों में 6.3 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ 1,234 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया है। इसके अलावा पॉलिसीबाजार की पैरेंट कंपनी पीबी फिनटेक का मुनाफा 165 फीसदी बढ़कर 189 करोड़ रुपये हो गया है, जिससे इसके शेयरों में आज एक्शन दिख सकता है। टाटा पावर ने भी तमिलनाडु में एक बड़ा विंड एनर्जी प्रोजेक्ट शुरू किया है, जो इसके शेयरों को गति दे सकता है।
आज बाजार में एक्शन इसलिए भी ज्यादा रहेगा क्योंकि कई बड़ी कंपनियां अपने तिमाही नतीजे घोषित करने वाली हैं। इनमें अदानी एंटरप्राइजेज, बजाज फाइनेंस, अदानी पोर्ट्स, वरुण बेवरेजेज और पिडिलाइट इंडस्ट्रीज जैसी दिग्गज कंपनियां शामिल हैं। इसके अलावा मैनकाइंड फार्मा, एनएमडीसी और जाइडस वेलनेस के नतीजों पर भी बाजार की बारीक नजर रहेगी। कुल मिलाकर, ट्रंप की डील और कंपनियों के अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद ने आज के ट्रेडिंग सेशन को बेहद खास बना दिया है।
संबंधित समाचार
इसको साइनअप करने का मतलब है कि आप Upstox की नियम और शर्तें मान रहे हैं।
लेखकों के बारे में
.png)
अगला लेख
इसको साइनअप करने का मतलब है कि आप Upstox की नियम और शर्तें मान रहे हैं।