मार्केट न्यूज़
.png)
3 min read | अपडेटेड April 02, 2026, 10:42 IST
सारांश
देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो ने विमान ईंधन (ATF) की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद फ्यूल चार्ज बढ़ाने का एलान किया है। इसके चलते अब घरेलू और इंटरनेशनल उड़ानों का सफर महंगा हो जाएगा। इस खबर के बाद आज शुरुआती कारोबार में इंडिगो के शेयरों में लगभग 5 पर्सेंट तक की बड़ी गिरावट देखी गई।

इंडिगो द्वारा फ्यूल चार्ज बढ़ाने के फैसले के बाद विमान यात्रियों की जेब पर बोझ बढ़ेगा और शेयरों में गिरावट आई।
इंडिगो के यात्रियों के लिए एक बुरी खबर है। अगर आप आने वाले दिनों में इंडिगो से सफर करने की सोच रहे हैं, तो अब आपको अपनी जेब ज्यादा ढीली करनी होगी। देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी इंडिगो ने बुधवार को फ्यूल चार्ज में भारी बढ़ोतरी करने का एलान किया है। इस खबर का असर गुरुवार को शेयर बाजार खुलते ही कंपनी के स्टॉक्स पर भी देखने को मिला। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) पर इंडिगो के शेयर शुरुआती कारोबार में ही 5 पर्सेंट तक टूटकर 3,970 रुपये के लेवल पर आ गए। निवेशकों को डर है कि फ्यूल चार्ज बढ़ने से डिमांड पर असर पड़ सकता है और कंपनी का ऑपरेशनल कॉस्ट भी बढ़ गया है।
विमान ईंधन यानी एटीएफ की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी ने एयरलाइन कंपनियों की चिंता बढ़ा दी है। इंडिगो ने बताया कि पश्चिम एशिया में जारी तनाव और युद्ध जैसे हालातों की वजह से इंटरनेशनल मार्केट में ईंधन के दाम पिछले एक महीने में दोगुने से भी ज्यादा हो गए हैं। हालांकि सरकार ने घरेलू उड़ानों के लिए एटीएफ की कीमतों में सिर्फ 25 पर्सेंट की बढ़ोतरी कर बड़ी राहत देने की कोशिश की है, लेकिन फिर भी एयरलाइन का ऑपरेशनल कॉस्ट काफी बढ़ गया है। इसी बढ़े हुए खर्च का कुछ हिस्सा अब यात्रियों से वसूला जाएगा। कंपनी का कहना है कि यात्रियों पर बोझ कम रखने के लिए उन्होंने कीमतों में सीमित बढ़ोतरी की है।
इंडिगो ने दूरी के हिसाब से अलग-अलग फ्यूल चार्ज तय किए हैं। घरेलू उड़ानों की बात करें तो 500 किलोमीटर तक के सफर के लिए यात्रियों को 275 रुपये एक्स्ट्रा देने होंगे। वहीं 501 से 1,000 किलोमीटर के लिए 400 रुपये, 1,001 से 1,500 किलोमीटर के लिए 600 रुपये और 1,501 से 2,000 किलोमीटर के लिए 800 रुपये का फ्यूल चार्ज लगेगा। अगर आपकी उड़ान 2,000 किलोमीटर से ज्यादा की है, तो आपको 950 रुपये चुकाने होंगे। इससे पहले कंपनी सभी घरेलू टिकटों पर एक जैसा फ्लैट चार्ज वसूल रही थी, लेकिन अब इसे दूरी के हिसाब से बांट दिया गया है। यह नए चार्ज 2 अप्रैल की आधी रात से लागू हो गए हैं।
इंटरनेशनल रूट पर सफर करने वाले यात्रियों पर फ्यूल चार्ज का बोझ सबसे ज्यादा पड़ा है। इंडिगो ने इंटरनेशनल उड़ानों के लिए 900 रुपये से लेकर 10,000 रुपये तक का फ्यूल चार्ज लागू किया है। अगर आप यूके या यूरोप की यात्रा कर रहे हैं, तो आपको टिकट के साथ 10,000 रुपये का भारी भरकम फ्यूल चार्ज देना होगा। वहीं ग्रीस और तुर्की के लिए यह चार्ज 7,500 रुपये और अफ्रीका के लिए 5,000 रुपये तय किया गया है। मिडिल ईस्ट और खाड़ी देशों की उड़ानों पर दूरी के हिसाब से 3,000 से 5,000 रुपये तक का अतिरिक्त चार्ज लगेगा। साउथ ईस्ट एशिया और चीन के लिए भी इसी तरह के रेट तय किए गए हैं।
किराया बढ़ने की खबर और ऊंचे ऑपरेशनल कॉस्ट के डर से निवेशकों ने इंडिगो के शेयरों में बिकवाली शुरू कर दी है। बुधवार को शेयर 6 पर्सेंट की बढ़त के साथ 4,183 रुपये पर बंद हुआ था, लेकिन गुरुवार की सुबह यह धड़ाम से गिर गया। एयरलाइन इंडस्ट्री में ईंधन का खर्च कुल ऑपरेशनल कॉस्ट का करीब 40 पर्सेंट होता है। ऐसे में ईंधन के बढ़ते दाम सीधे तौर पर कंपनी के मुनाफे पर असर डालते हैं। कंपनी ने कहा है कि वह स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है और जरूरत पड़ने पर आगे भी बदलाव किए जा सकते हैं।
संबंधित समाचार
लेखकों के बारे में
.png)
अगला लेख
How To Use Open Interest For Intraday Trading: Complete Guide
What Is Stop Loss In Trading? Meaning, Types, & How To Use It
What Is ICRA? Why Its Credit Ratings Matter To Investors
Explore Learning Centre
All topics · stocks, MFs, derivatives, IPOs