मार्केट न्यूज़

4 min read | अपडेटेड September 28, 2026, 10:51 IST
सारांश
प्राइमरी मार्केट में आज यानी 28 सितंबर से दो नए आईपीओ निवेश के लिए खुल रहे हैं। इनमें आईटी कंपनी SRIT इंडिया और फाइनेंशियल सर्विसेज कंपनी शाह इन्वेस्टर्स होम शामिल हैं। दोनों आईपीओ 30 सितंबर तक खुले रहेंगे।

SRIT इंडिया और शाह इन्वेस्टर्स होम का आईपीओ आज 28 सितंबर से दांव लगाने के लिए खुल गया है।
प्राइमरी मार्केट में निवेश करने वाले लोगों के लिए आज यानी 28 सितंबर से दो नए आईपीओ में दांव लगाने का बेहतरीन मौका मिल रहा है। टेक्नोलॉजी और फाइनेंशियल सेक्टर्स की दो अलग अलग कंपनियां अपने आईपीओ लेकर बाजार में उतरी हैं। इनमें बेंगलुरू की आईटी कंपनी SRIT इंडिया और गुजरात आधारित ब्रोकिंग व फाइनेंशियल सर्विसेज कंपनी शाह इन्वेस्टर्स होम शामिल हैं। दोनों ही आईपीओ 28 सितंबर से 30 सितंबर तक निवेशकों की बोली के लिए खुले रहेंगे।
SRIT इंडिया का आईपीओ कुल 218.40 करोड़ रुपये का है और यह पूरी तरह से फ्रेश इश्यू पर आधारित है। कंपनी ने अपने शेयर का प्राइस बैंड 123 रुपये से 130 रुपये प्रति शेयर तय किया है। रिटेल निवेशकों के लिए न्यूनतम 1 लॉट यानी 115 शेयरों के लिए बोली लगाना अनिवार्य होगा, जिसके लिए कम से कम 14,950 रुपये का इनवेस्टमेंट करना पड़ेगा। कंपनी के शेयर एनएसई और बीएसई दोनों प्लेटफॉर्म पर लिस्ट होंगे।
SRIT इंडिया 26 सालों के अनुभव के साथ डिजिटल सॉफ्टवेयर प्लेटफॉर्म, ई-गवर्नेस, हेल्थकेयर और टेलीकॉम इंफ्रास्ट्रक्चर के सेग्मेंट में काम करती है। कंपनी सरकारी विभागों और बड़ी कॉरपोरेट कंपनियों के लिए कस्टम सॉफ्टवेयर और आईटी सोल्यूशंस तैयार करती है। आईपीओ से जुटाए जाने वाले 218.40 करोड़ रुपये में से कंपनी 124 करोड़ रुपये का इस्तेमाल अपनी वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने में करेगी। इसके अलावा 12.86 करोड़ रुपये की रकम मौजूदा सॉफ्टवेयर प्रोडक्ट्स के मॉडर्नाइजेशन और रीडेवलपमेंट पर खर्च की जाएगी। बाकी बचे पैसे जनरल कॉरपोरेट काम में लगाए जाएंगे।
कंपनी के फाइनेंशियल परफॉर्मेंस की बात करें तो वित्त वर्ष 2026 में SRIT इंडिया का कुल रेवेन्यू बढ़कर 462.54 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है, जो वित्त वर्ष 2025 में 389.35 करोड़ रुपये था। कंपनी के नेट प्रॉफिट में भी जोरदार बढ़ोतरी देखी गई है। वित्त वर्ष 2026 में कंपनी का नेट प्रॉफिट 29 पर्सेंट बढ़कर 43.29 करोड़ रुपये हो गया है, जो इससे पिछले साल 33.60 करोड़ रुपये था। कंपनी पर कुल कर्ज केवल 36.15 करोड़ रुपये है जो इसके बड़े बिजनेस साइज के मुकाबले काफी कम है।
आज से खुलने वाला दूसरा आईपीओ शाह इन्वेस्टर्स होम लिमिटेड का है। कंपनी इस आईपीओ के जरिए 90.17 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है। यह भी पूरी तरह से 53.99 लाख नए शेयरों का फ्रेश इश्यू है। कंपनी ने इसके लिए 159 रुपये से 167 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड रखा है। रिटेल निवेशकों को इसमें दांव लगाने के लिए कम से कम 1 लॉट यानी 85 शेयर खरीदने होंगे, जिसकी न्यूनतम वैल्यू 14,195 रुपये बैठती है।
शाह इन्वेस्टर्स होम एक फाइनेंशियल सर्विसेज देने वाली कंपनी है, जो मुख्य रूप से स्टॉक ब्रोकिंग, म्यूच्यूअल फंड डिस्ट्रीब्यूशन, मार्जिन ट्रेडिंग फैसिलिटी और डिपॉजिटरी सर्विसेज के बिजनेस में काम करती है। कंपनी का ज्यादातर नेटवर्क गुजरात और महाराष्ट्र में फैला हुआ है। आईपीओ से मिलने वाली रकम में से कंपनी 60 करोड़ रुपये का इस्तेमाल अपनी वर्किंग कैपिटल जरूरतों को पूरा करने के लिए करेगी, जिसमें मुख्य रूप से मार्जिन ट्रेडिंग फैसिलिटी यानी एमटीएफ बुक के विस्तार पर ध्यान दिया जाएगा।
कंपनी की कमाई की बात करें तो वित्त वर्ष 2026 में शाह इन्वेस्टर्स होम का कुल रेवेन्यू 72.40 करोड़ रुपये रहा है, जबकि वित्त वर्ष 2025 में यह 94.47 करोड़ रुपये था। इस दौरान कंपनी का नेट प्रॉफिट 13.20 करोड़ रुपये दर्ज किया गया है। कंपनी की बैलेंस शीट काफी मजबूत है और इस पर उधारी या कर्ज ना के बराबर यानी केवल 0.49 करोड़ रुपये का ही है। दोनों ही कंपनियां अपने-अपने सेग्मेंट्स में बेहतर काम कर रही हैं और अपनी वर्किंग कैपिटल मजबूत करके बिजनेस को आगे बढ़ाना चाहती हैं।
संबंधित समाचार
लेखकों के बारे में

अगला लेख