मार्केट न्यूज़

4 min read | अपडेटेड September 30, 2026, 12:24 IST
सारांश
30 सितंबर को शेयर बाजार में केपीआई ग्रीन एनर्जी, केएसबी लिमिटेड और पावर मेक प्रोजेक्ट्स के शेयरों में तेजी देखने को मिल रही है। तीनों ही कंपनियों को करोड़ों रुपये के बड़े वर्क ऑर्डर मिले हैं। ऑर्डर मिलने की खबर से निवेशकों में उत्साह है और इन शेयरों में अच्छी खरीदारी हो रही है।
शेयर सूची

केपीआई ग्रीन एनर्जी, केएसबी और पावर मेक प्रोजेक्ट्स को बड़े ऑर्डर मिलने के बाद शेयरों में तेजी।
भारतीय शेयर बाजार में 30 सितंबर के ट्रेडिंग सेशन के दौरान तीन प्रमुख कंपनियों के शेयरों में जोरदार एक्शन देखने को मिल रहा है। केपीआई ग्रीन एनर्जी, केएसबी लिमिटेड और पावर मेक प्रोजेक्ट्स को बड़े-बड़े वर्क ऑर्डर मिले हैं। नए ऑर्डर मिलने की जानकारी सामने आते ही निवेशकों ने इन शेयरों में खरीदारी बढ़ा दी है, जिससे आज ट्रेडिंग के दौरान इन तीनों कंपनियों के शेयर हरे निशान में कारोबार करते हुए नजर आए।
केपीआई ग्रीन एनर्जी को नाकोफ की सब्सिडियरी कंपनी नाकोफ ऊर्जा (NOPL) से 500 मेगावाट / 550 मेगावाट पी सोलर फोटोवोल्टिक पावर प्रोजेक्ट का टर्नकी ईपीसी ऑर्डर मिला है। इस बड़े प्रोजेक्ट की कुल वैल्यू सभी टैक्स मिलाकर लगभग 2,025 करोड़ रुपये है। यह प्रोजेक्ट राजस्थान के बीकानेर जिले की खाजूवाला तहसील के दांतूर गांव में एनओपीएल द्वारा डेवलप किए जा रहे 5,000 मेगावाट के सोलर पावर पार्क का हिस्सा है। इस वर्क ऑर्डर के तहत कंपनी पूरे प्लांट की डिजाइन, इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट, सप्लाई, इंस्टॉलेशन, टेस्टिंग और कमीशनिंग के लिए जिम्मेदार होगी। इस प्रोजेक्ट को साइट मिलने के 12 महीने के भीतर पूरा किया जाना है। इस बड़े ऑर्डर के दम पर केपीआई ग्रीन का शेयर 0.79% की बढ़त के साथ 374.20 रुपये के स्तर पर कारोबार करता हुआ दिख रहा है।
पंप और इंडस्ट्रियल वाल्व बनाने वाली दिग्गज कंपनी केएसबी लिमिटेड को डांगोटे प्रोजेक्ट्स फ्री जोन एंटरप्राइज से एक बड़ा एक्सपोर्ट ऑर्डर मिला है। इस ऑर्डर की कुल वैल्यू लगभग 1.24 करोड़ डॉलर यानी करीब 118 करोड़ रुपये है। इस कॉन्ट्रैक्ट के तहत कंपनी को बॉयलर फीड पंप पैकेज की लगभग 18 यूनिट्स की सप्लाई करनी है। इस ऑर्डर को सितंबर 2027 से मार्च 2028 के बीच पूरा किया जाना है। इस बड़े एक्सपोर्ट ऑर्डर से कंपनी का इंटरनेशनल मार्केट में बिजनेस और मजबूत होगा। ऑर्डर की खबर के बाद 30 सितंबर को केएसबी लिमिटेड का शेयर 2.72% चढ़कर 847.20 रुपये के भाव पर ट्रेड कर रहा है।
इंटीग्रेटेड पावर इंफ्रास्ट्रक्चर सेवाएं देने वाली कंपनी पावर मेक प्रोजेक्ट्स ने भी बाजार को बड़े ऑर्डर की जानकारी दी है। कंपनी को मोक्सी पावर जनरेशन से 2x600 मेगावाट के मोक्सी पावर जनरेशन तूतीकोरिन टीपीपी में पूरे ऑपरेशन और मेंटेनेंस सर्विसेज के लिए वर्क ऑर्डर मिला है। इस ऑर्डर की कुल वैल्यू जीएसटी को छोड़कर बाकी सभी टैक्स और ड्यूटी मिलाकर 549.37 करोड़ रुपये है। यह कॉन्ट्रैक्ट 60 महीने यानी 5 साल की अवधि के लिए दिया गया है, जो 1 अक्टूबर 2026 से शुरू होकर 30 सितंबर 2031 तक चलेगा। इस ऑर्डर के मिलने से 30 सितंबर को पावर मेक प्रोजेक्ट्स के शेयर में 3.67% की शानदार तेजी देखने को मिली और शेयर 2,485.10 रुपये के स्तर पर पहुंच गया।
इन तीनों कंपनियों को मिले बड़े ऑर्डर से उनके फ्यूचर और रेवेन्यू की विजिबिलिटी काफी बेहतर हुई है। केपीआई ग्रीन एनर्जी का यह ऑर्डर राजस्थान में उसकी स्थिति को और ज्यादा मजबूत बनाएगा। इससे पहले भी कंपनी को इस साल बीकानेर में एनटीपीसी रिन्यूएबल एनर्जी से बड़ा पैकेज मिला था। वहीं केएसबी लिमिटेड को मिले इस एक्सपोर्ट ऑर्डर से फर्टिलाइजर और एनर्जी सेक्टर में उसकी साख बढ़ेगी। पावर मेक प्रोजेक्ट्स को मिला 60 महीने का ऑपरेशन और मेंटेनेंस कॉन्ट्रैक्ट अगले 5 सालों तक कंपनी को एक स्थिर रेवेन्यू देने का काम करेगा।
संबंधित समाचार
लेखकों के बारे में

अगला लेख