return to news
  1. आ रहा है ₹10,000 करोड़ का एक और बड़ा आईपीओ, आइनॉक्स क्लीन एनर्जी ने सेबी के पास जमा किया पेपर

मार्केट न्यूज़

आ रहा है ₹10,000 करोड़ का एक और बड़ा आईपीओ, आइनॉक्स क्लीन एनर्जी ने सेबी के पास जमा किया पेपर

विकास तिवारी

4 min read | अपडेटेड September 30, 2026, 10:38 IST

सारांश

आइनॉक्सजीएफएल ग्रुप की कंपनी आइनॉक्स क्लीन एनर्जी ने 10,000 करोड़ रुपये का आईपीओ लाने के लिए सेबी के पास डीआरएचपी फाइल कर दिया है। इसमें 8,000 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी होंगे और 2,000 करोड़ रुपये का OFS होगा। जुटाई गई रकम का बड़ा हिस्सा कंपनी अपना कर्ज चुकाने में इस्तेमाल करेगी।

inox-clean-energy-files-drhp

आइनॉक्स क्लीन एनर्जी ने 10,000 करोड़ रुपये का आईपीओ लाने के लिए सेबी के पास डीआरएचपी फाइल किया।

गुजरात आधारित INOXGFL ग्रुप की कंपनी आइनॉक्स क्लीन एनर्जी ने प्राइमरी मार्केट में कदम रखने की तैयारी कर ली है। कंपनी ने 10,000 करोड़ रुपये का आईपीओ लाने के लिए पूंजी बाजार नियामक सेबी के पास अपना ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस यानी डीआरएचपी फाइल कर दिया है। 29 सितंबर को जमा किए गए दस्तावेजों के अनुसार इस आईपीओ में 8,000 करोड़ रुपये तक के नए शेयर जारी किए जाएंगे। इसके अलावा कंपनी के प्रमोटर देवांश जैन की तरफ से 2,000 करोड़ रुपये तक का ऑफर फॉर सेल यानी OFS लाया जाएगा। कंपनी रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस फाइल करने से पहले 1,600 करोड़ रुपये का प्री आईपीओ प्लेसमेंट भी कर सकती है। अगर ऐसा होता है तो फ्रेश इश्यू का साइज उतना कम कर दिया जाएगा।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

आईपीओ के पैसे का कहां होगा इस्तेमाल?

कंपनी ने बताया है कि फ्रेश इश्यू से मिलने वाली शुद्ध रकम का बड़ा हिस्सा कर्ज चुकाने के लिए इस्तेमाल किया जाएगा। आइनॉक्स क्लीन एनर्जी नेट फ्रेश इश्यू से प्राप्त रकम में से 6,000 करोड़ रुपये का इस्तेमाल अपने कर्ज को चुकाने या कम करने में करेगी। इसके अलावा बची हुई रकम का इस्तेमाल जनरल कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा। दस्तावेजों के मुताबिक अगस्त 2026 तक कंपनी का कुल कंसोलिडेटेड कर्ज 16,781.8 करोड़ रुपये था। कंपनी अपने इस भारी-भरकम कर्ज को कम करके अपनी बैलेंस शीट को मजबूत करना चाहती है।

दो मुख्य वर्टिकल्स में फैला है बिजनेस

आइनॉक्स क्लीन एनर्जी मुख्य रूप से दो बड़े वर्टिकल्स में अपना बिजनेस चलाती है। पहला वर्टिकल रिन्यूएबल पावर जनरेशन का है और दूसरा सोलर मैन्युफैक्चरिंग का है। रिन्यूएबल पावर जनरेशन में कंपनी इंडिपेंडेंट पावर प्रोड्यूसर यानी आईपीपी के रूप में काम करती है। अगस्त 2026 तक भारत और अफ्रीका में कंपनी का कुल रिन्यूएबल आईपीपी पोर्टफोलियो 9.29 गीगावाट का था। इसमें से 2.37 गीगावाट क्षमता ऑपरेशन में है, लगभग 0.80 गीगावाट अंडर कंस्ट्रक्शन है, 2.99 गीगावाट पाइपलाइन में है और 3.13 गीगावाट फ्यूचर कैपेसिटी के रूप में वर्गीकृत है। भारत में इसका आईपीपी बिजनेस आइनॉक्स नियो एनर्जीज के जरिए और अफ्रीका में स्काईपावर सर्विसेज मेना के जरिए चलता है।

कंपनी के दूसरे बिजनेस वर्टिकल में सोलर पीवी मॉड्यूल और सोलर सेल का प्रोडक्शन शामिल है। अगस्त 2026 तक भारत और अमेरिका में कंपनी के पास 6.00 गीगावाट की ऑपरेशनल सोलर सेल प्रोडक्शन कैपेसिटी थी। ओडिशा में कंपनी की 5.00 गीगावाट की सोलर मॉड्यूल प्रोडक्शन कैपेसिटी अंडर कंस्ट्रक्शन है। वहीं भारत और अमेरिका में लगभग 8.00 गीगावाट की सोलर सेल प्रोडक्शन कैपेसिटी का काम चल रहा है। भारत में सोलर मैन्युफैक्चरिंग का काम आइनॉक्स सोलर के जरिए होता है, जबकि अमेरिका में यह बिजनेस आइनॉक्स सोलर अमेरिकाज LLC के जरिए चलाया जाता है।

कमाई के मोर्चे पर क्या है हाल?

फाइनेंशियल ईयर 2026 में कंपनी के परफॉर्मेंस में बड़ा सुधार देखने को मिला है। मार्च 2026 को समाप्त हुए फाइनेंशियल ईयर में कंपनी का नेट प्रॉफिट बढ़कर 30.9 करोड़ रुपये हो गया, जो इससे पिछले साल यानी फाइनेंशियल ईयर 2025 में 1.5 करोड़ रुपये था। इस दौरान ऑपरेशन से रेवेन्यू भी तेजी से बढ़कर 178.1 करोड़ रुपये पहुंच गया, जो फाइनेंशियल ईयर 2025 में 47.2 करोड़ रुपये था। कंपनी ने इस आईपीओ के लिए नुवामा वेल्थ मैनेजमेंट, सीएलएसए इंडिया, एमिरेट्स एनबीडी कैपिटल इंडिया, एचएसबीसी सिक्योरिटीज, आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज, आईआईएफएल कैपिटल, जेएम फाइनेंशियल, मोतीलाल ओसवाल और यूबीएस सिक्योरिटीज को मर्चेंट बैंकर नियुक्त किया है। फिलहाल कंपनी ने आईपीओ के प्राइस बैंड का ऐलान नहीं किया है।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

लेखकों के बारे में

विकास तिवारी
Vikash Tiwary is a finance journalist with 6+ years of newsroom experience. He is currently growing Upstox Hindi, crafting data-driven stories on stocks, personal finance, mutual funds, and global markets, while exploring how AI can simplify finance. His work spans Zee Business, TV9 Bharatvarsh, ABP News, India TV, and Inshorts. He also holds NISM certification.

अगला लेख