return to news
  1. कितना खास है आज खुले दोनों आईपीओ का फ्यूचर? एक ने जुटाए पैसों के लिए बनाया है शानदार प्लान

मार्केट न्यूज़

कितना खास है आज खुले दोनों आईपीओ का फ्यूचर? एक ने जुटाए पैसों के लिए बनाया है शानदार प्लान

विकास तिवारी

4 min read | अपडेटेड August 17, 2026, 11:02 IST

सारांश

प्राइमरी शेयर बाजार में आज 17 अगस्त से दो बड़े आईपीओ होराइजन इंडस्ट्रियल पार्क्स और ललिता ज्वैलरी मार्ट दांव लगाने के लिए खुल गए हैं। दोनों आईपीओ में 19 अगस्त तक बोली लगाई जा सकती है।

horizon-industrial-parks-lalithaa-jewellery

17 अगस्त से खुल रहे होराइजन इंडस्ट्रियल पार्क्स और ललिता ज्वैलरी मार्ट आईपीओ में निवेश का मौका।

प्राइमरी शेयर बाजार में आज यानी 17 अगस्त 2026 से दो बड़ी कंपनियों के आईपीओ दांव लगाने के लिए खुल रहे हैं। इनमें ब्लैकस्टोन के समर्थन वाली कंपनी होराइजन इंडस्ट्रियल पार्क्स लिमिटेड और दक्षिण भारत की जानी-मानी ज्वैलरी रिटेलर ललिता ज्वैलरी मार्ट लिमिटेड शामिल हैं। दोनों ही कंपनियों के पब्लिक इश्यू 17 अगस्त से 19 अगस्त तक खुले रहेंगे। शेयर बाजार में निवेश करने की सोच रहे लोगों के लिए यह हफ्ता काफी अहम रहने वाला है। अगर आप भी इन दोनों आईपीओ में पैसा लगाने का मन बना रहे हैं, तो दांव लगाने से पहले कंपनियों के प्राइस बैंड, लॉट साइज, बिजनेस मॉडल और आईपीओ से मिलने वाले पैसों के इस्तेमाल की पूरी जानकारी समझना बेहद जरूरी है।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

होराइजन इंडस्ट्रियल पार्क्स आईपीओ की पूरी डीटेल

होराइजन इंडस्ट्रियल पार्क्स लिमिटेड का आईपीओ कुल 2,600 करोड़ रुपये का है। कंपनी ने अपने शेयर का प्राइस बैंड 57 रुपये से 60 रुपये प्रति शेयर तय किया है। यह पूरा आईपीओ 43.34 करोड़ शेयरों का फ्रेश इश्यू है, यानी इसमें कोई ऑफर फॉर सेल का हिस्सा नहीं रखा गया है। आम रिटेल निवेशकों के लिए न्यूनतम लॉट साइज 250 शेयरों का तय किया गया है। ऊपरी प्राइस बैंड के हिसाब से एक लॉट के लिए निवेशकों को कम से कम 15,000 रुपये का निवेश करना होगा। कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज दोनों पर होगी।

कंपनी का बिजनेस और जुटाए पैसों का प्लान

होराइजन इंडस्ट्रियल पार्क्स देश में इंडस्ट्रियल और लॉजिस्टिक्स इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट का काम करती है। यह ब्लैकस्टोन समर्थित कंपनी पार्क्स का निर्माण, मालिकाना हक और ऑपरेशन संभालती है। कंपनी के पोर्टफोलियो में 10 बड़े शहरों की 46 संपत्तियों में फैला लगभग 60 मिलियन स्क्वायर फीट का विशाल नेटवर्क शामिल है। आईपीओ से मिलने वाले 2,600 करोड़ रुपये के फ्रेश फंड में से कंपनी 2,250 करोड़ रुपये का इस्तेमाल अपने और अपनी सब्सिडियरी कंपनियों के कर्ज को चुकाने या समय से पहले भुगतान करने में करेगी। इसके अलावा बची हुई रकम का इस्तेमाल जनरल कॉरपोरेट कामों के लिए किया जाएगा।

ललिता ज्वैलरी मार्ट आईपीओ की खास बातें

दूसरी तरफ ज्वैलरी रिटेल सेक्टर की बड़ी कंपनी ललिता ज्वैलरी मार्ट का 1,700 करोड़ रुपये का आईपीओ भी आज से खुल गया है। कंपनी ने इस आईपीओ के लिए 190 रुपये से 201 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है। यह आईपीओ 1,200 करोड़ रुपये के फ्रेश इश्यू और 500 करोड़ रुपये के ऑफर फॉर सेल का कंबिनेशन है। ऑफर फॉर सेल के तहत कंपनी के प्रमोटर एम किरण कुमार जैन अपनी हिस्सेदारी बेच रहे हैं। रिटेल निवेशकों के लिए न्यूनतम लॉट साइज 74 शेयरों का है, जिसके लिए कम से कम 14,874 रुपये की रकम लगानी होगी।

ललिता ज्वैलरी की शुरुआत नवंबर 1985 में हुई थी और यह दक्षिण भारत में एक तेजी से बढ़ता ज्वैलरी ब्रांड है। कंपनी के पास सोने के गहने, चांदी के बर्तन और डायमंड ज्वैलरी का बहुत बड़ा कलेक्शन मौजूद है। कंपनी आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना, पुडुचेरी में 63 बड़े शोरूम चलाती है। फ्रेश इश्यू से मिलने वाली 1,200 करोड़ रुपये की रकम में से कंपनी 10 नए रिटेल शोरूम खोलने में खर्च करेगी। नए शोरूम के इंफ्रास्ट्रक्चर, इंटीरियर और इन्वेंट्री की लागत को पूरा करने के बाद बची हुई रकम का इस्तेमाल जनरल कॉरपोरेट जरूरतों में किया जाएगा। 19 अगस्त को शाम को दोनों आईपीओ में बिडिंग की प्रक्रिया बंद हो जाएगी।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

लेखकों के बारे में

विकास तिवारी
Vikash Tiwary is a finance journalist with 6+ years of newsroom experience. He is currently growing Upstox Hindi, crafting data-driven stories on stocks, personal finance, mutual funds, and global markets, while exploring how AI can simplify finance. His work spans Zee Business, TV9 Bharatvarsh, ABP News, India TV, and Inshorts. He also holds NISM certification.

अगला लेख