return to news
  1. योगी सरकार ने मजदूरों को दी बड़ी सौगात, वेतन में जबरदस्त इजाफा, अब जेब में आएंगे ज्यादा पैसे

बिजनेस न्यूज़

योगी सरकार ने मजदूरों को दी बड़ी सौगात, वेतन में जबरदस्त इजाफा, अब जेब में आएंगे ज्यादा पैसे

Upstox

3 min read | अपडेटेड April 14, 2026, 11:07 IST

सारांश

नोएडा में मजदूरों के उग्र आंदोलन के बाद योगी सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। प्रदेश में श्रमिकों की मजदूरी में करीब 21 पर्सेंट की अंतरिम बढ़ोतरी कर दी गई है। यह नियम 1 अप्रैल से लागू माना जाएगा। सरकार ने तीन अलग-अलग कैटेगिरी में वेतन बढ़ाने का आदेश जारी किया है।

up-govt-hike-labor-wages-noida

नोएडा में आंदोलन के बाद मजदूरों की मजदूरी बढ़ाने का फैसला लेती योगी सरकार।

नोएडा की सड़कों पर उतरे मजदूरों के गुस्से ने आखिरकार सरकार को झुकने पर मजबूर कर दिया है। नोएडा में पिछले चार दिनों से चल रहा श्रमिक आंदोलन जब हिंसक होने लगा, तो यूपी की योगी सरकार ने आनन-फानन में बड़ा फैसला लिया। मजदूरों के सड़क पर उतरते ही उनके आक्रोश को देखते हुए पूरे प्रदेश में अलर्ट जारी किया गया और सोमवार देर रात श्रमिकों की मजदूरी में करीब 21 पर्सेंट की अंतरिम बढ़ोतरी का ऐलान कर दिया गया। सरकार की ओर से इस संबंध में आधिकारिक आदेश भी जारी कर दिए गए हैं।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

हाईपावर कमिटी की सिफारिश पर बड़ा फैसला

मजदूरों की समस्याओं को सुलझाने और आंदोलन को शांत करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक हाईपावर कमिटी गठित की थी। इस कमिटी ने अपनी रिपोर्ट सौंपी और सिफारिश की कि मजदूरों के न्यूनतम वेतन में बढ़ोतरी की जानी चाहिए। इसी आधार पर सरकार ने वेतन बढ़ाने का फैसला लिया है। सरकार ने साफ किया है कि यह बढ़ी हुई दरें 1 अप्रैल से प्रभावी मानी जाएंगी। इस फैसले से उन लाखों मजदूरों को बड़ी राहत मिली है जो लंबे समय से बेहतर वेतन की मांग को लेकर संघर्ष कर रहे थे।

तीन कैटेगरी में बांटी गई वेतन बढ़ोतरी

योगी सरकार ने इस वेतन वृद्धि को तीन मुख्य श्रेणियों में बांटा है। इसमें नोएडा और गाजियाबाद जैसे हाई-प्रोफाइल शहर, नगर निगम वाले शहर और प्रदेश के बाकी अन्य जिलों के लिए अलग-अलग अंतरिम दरें तय की गई हैं। इस दौरान सोशल मीडिया पर कुछ अफवाहें भी उड़ीं कि श्रमिकों का वेतन सीधा 20 हजार रुपये प्रतिमाह कर दिया गया है, लेकिन सरकार ने इसे पूरी तरह भ्रामक और निराधार बताया है। हाल ही में प्रदेश में जो न्यूनतम वेतनमान अधिसूचित किया गया है, उसके तहत अकुशल मजदूरों के लिए मासिक वेतन 11313.65 रुपये और दैनिक मजदूरी 435.14 रुपये तय की गई थी।

किस मजदूर को अब मिलेंगे कितने पैसे?

सरकार के नए आदेश के बाद मजदूरी के आंकड़ों में बड़ा बदलाव आया है और मजदूरों को मिलने वाली राशि में अच्छा इजाफा हुआ है। अकुशल श्रमिकों के लिए, जिनका वेतन पहले 11,313 रुपये था, उसे बढ़ाकर अब 13,690 रुपये कर दिया गया है। यानी उनके वेतन में सीधे 2,377 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। इसी तरह अर्धकुशल श्रमिकों का मासिक वेतन 12,445 रुपये से बढ़ाकर 15,059 रुपये कर दिया गया है। वहीं जो कुशल श्रमिक हैं, उनका वेतन अब 13,940 रुपये से बढ़कर 16,868 रुपये हो जाएगा। लखनऊ जैसे क्षेत्रों में अकुशल श्रमिकों का वेतन 13,006 और अर्धकुशल का 14,306 रुपये प्रतिमाह तय किया गया है।

हरियाणा के फैसले के बाद बढ़ा था आक्रोश

नोएडा में मजदूरों के गुस्से की एक बड़ी वजह हरियाणा सरकार का फैसला भी माना जा रहा था। पड़ोसी राज्य हरियाणा में श्रमिकों का वेतनमान बढ़ने के बाद नोएडा के मजदूरों में भी आक्रोश पैदा हो गया और वे सड़कों पर उतर आए। मजदूरों की मांग थी कि बढ़ती महंगाई के हिसाब से उनका वेतन भी सम्मानजनक होना चाहिए। सोमवार को जब यह आंदोलन हिंसक हो गया, तब सरकार ने तुरंत हरकत में आते हुए यह ऐतिहासिक फैसला लिया। फिलहाल सरकार के इस 21 पर्सेंट की बढ़ोतरी के फैसले से आंदोलन के शांत होने और मजदूरों की आर्थिक स्थिति सुधरने की उम्मीद जताई जा रही है।

लेखकों के बारे में

Upstox
Upstox Hindi News Desk पत्रकारों की एक टीम है जो शेयर बाजारों, अर्थव्यवस्था, वस्तुओं, नवीनतम व्यावसायिक रुझानों और व्यक्तिगत वित्त को उत्साहपूर्वक कवर करती है।

अगला लेख