return to news
  1. अमेरिकी टैरिफ पर भारत की नजर, 25% से 17% शुल्क का रास्ता खोल सकती है ट्रेड डील

बिजनेस न्यूज़

अमेरिकी टैरिफ पर भारत की नजर, 25% से 17% शुल्क का रास्ता खोल सकती है ट्रेड डील

Upstox

3 min read | अपडेटेड November 27, 2026, 13:57 IST

सारांश

पीयूष गोयल पहले भी कई मौकों पर कह चुके हैं कि समझौते को अंतिम रूप दिया जा चुका है और अमेरिकी शुल्क ढांचा तैयार होते ही और भारत को अपने प्रतिस्पर्धी देशों की तुलना में तुलनात्मक लाभ मिलते ही इस पर हस्ताक्षर कर दिए जाएंगे।

अमेरिका-भारत

भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर बनी बात? पीयूष गोयल ने दिए जल्द डील के संकेत (Photo: Shutterstock)

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने आज कहा कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौता पूरा होने के करीब है और समझौते को अंतिम रूप देने का प्रोसेस और रूपरेखा अब आकार ले रही है। गोयल ने 'इंडिया डेट कैपिटल मार्केट समिट 2026' को वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये संबोधित करते हुए कहा, 'अमेरिका के साथ व्यापार समझौता पूरा होने के करीब है। वह प्रोसेस और मार्ग, जिसकी वजह से समझौते को अंतिम रूप देने में हमेशा रुकावट आती थी, उसमें अब कुछ बात बन रही है।' उनकी यह टिप्पणी अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि (यूएसटीआर) की ताजा रिपोर्ट के बाद आई है, जिसमें भारत से होने वाले आयात पर 25% शुल्क लगाने का प्रस्ताव किया गया है। इस रिपोर्ट में यह प्रावधान भी रखा गया है कि अगर दोनों देश द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर सहमत हो जाते हैं, तो इस शुल्क को 17% तक सीमित कर दिया जाएगा, जिससे भारत को एशियाई प्रतिस्पर्धियों पर मामूली बढ़त मिलेगी।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

मंत्री पहले भी कई मौकों पर कह चुके हैं कि समझौते को अंतिम रूप दिया जा चुका है और अमेरिकी शुल्क ढांचा तैयार होते ही और भारत को अपने प्रतिस्पर्धी देशों की तुलना में तुलनात्मक लाभ मिलते ही इस पर हस्ताक्षर कर दिए जाएंगे। तुलनात्मक लाभ का मतलब बांग्लादेश, वियतनाम, पाकिस्तान, इंडोनेशिया, थाइलैंड और चीन जैसे प्रतिस्पर्धी विनिर्माता देशों की तुलना में कम अमेरिकी आयात शुल्क और बेहतर बाजार पहुंच हासिल करना है। व्यापार विशेषज्ञों ने उम्मीद जताई कि यूएसटीआर की धारा 301 से जुड़ी इस रिपोर्ट से आने वाले हफ्तों में समझौते पर ठोस बातचीत को गति मिल सकती है।

मंत्री ने यह भी कहा कि भारत-यूरोपीय संघ (ईयू) मुक्त व्यापार समझौते पर इस साल के अंत तक हस्ताक्षर होने की उम्मीद है और यह अगले साल मार्च या अप्रैल तक प्रभावी हो जाएगा। उन्होंने कहा कि ग्लोबल जियोपॉलिटिकल टेंशन के बावजूद देश का वस्तु एवं सेवा निर्यात चालू वित्त वर्ष के लिए एक लाख करोड़ डॉलर के लक्ष्य को हासिल करने की राह पर है। उन्होंने कहा, 'मुझे नहीं लगता कि आज हम जिस तरह की दुनिया में रह रहे हैं, उसकी भविष्यवाणी कोई भी कर सकता था, शायद बाबा बागेश्वर भी नहीं। दो युद्ध, एक बार फिर तेल की कीमतों का झटका, शुल्क को लेकर विभिन्न अनिश्चितताएं, वैश्विक व्यापार के अवसरों से जुड़ी अनिश्चितता, माल ढुलाई के समुद्री मार्गों का एक दिन बंद होना और दूसरे दिन खुलना, हवाई अड्डों पर छिटपुट हमलों से हवाई यात्रा का प्रभावित होना।'

गोयल ने कहा कि यह पूरी तरह से अस्थिर स्थिति रही है, लेकिन दुनिया भर में इन तमाम अनिश्चितताओं के बावजूद, 'मुझे लगता है कि जो एक चीज स्थिर रही, वह है भारत की वृद्धि गाथा पर दुनिया का भरोसा। हम उस भरोसे पर खरे उतरे। हमने पहली तिमाही में 7.8% की वृद्धि दर्ज की।' उन्होंने कहा कि अनिश्चितता के बीच भारत मुक्त व्यापार समझौतों को अंतिम रूप दे रहा है और माल एवं सेवा कर (जीएसटी) सिस्टम को और अधिक सरल बनाने के लिए इसमें सुधार कर रहा है।

पीटीआई इनपुट के साथ

लेखकों के बारे में

Upstox
Upstox Hindi News Desk पत्रकारों की एक टीम है जो शेयर बाजारों, अर्थव्यवस्था, वस्तुओं, नवीनतम व्यावसायिक रुझानों और व्यक्तिगत वित्त को उत्साहपूर्वक कवर करती है।

अगला लेख

End of additional stories