बिजनेस न्यूज़
.png)
3 min read | अपडेटेड March 19, 2026, 09:30 IST
सारांश
HDFC बैंक के पार्ट-टाइम चेयरमैन अतानु चक्रवर्ती ने 18 मार्च को अचानक अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने बैंक के काम करने के तौर-तरीकों पर सवाल उठाते हुए पद छोड़ा है। उनकी जगह अब केकी मिस्त्री तीन महीने के लिए अंतरिम चेयरमैन की जिम्मेदारी संभालेंगे।

HDFC बैंक के चेयरमैन अतानु चक्रवर्ती ने पद से इस्तीफा दिया।
देश के सबसे बड़े प्राइवेट सेक्टर के बैंक HDFC बैंक से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। बैंक के पार्ट-टाइम चेयरमैन और इंडिपेंडेंट डायरेक्टर अतानु चक्रवर्ती ने 18 मार्च को अपने पद से तत्काल प्रभाव से इस्तीफा दे दिया है। इसका असर आज मार्केट खुलने के बाद उसके शेयर पर देखने को मिल रहा है। कंपनी का शेयर सुबह 8.66% की गिरावट के साथ ओपेन हुआ है। बता दें कि अतानु चक्रवर्ती साल 2021 में बैंक के बोर्ड में शामिल हुए थे। उनके इस अचानक लिए गए फैसले ने बैंकिंग जगत और निवेशकों को चौंका दिया है। बैंक ने इस इस्तीफे की जानकारी देते हुए बताया है कि अब केकी मिस्त्री को अगले तीन महीनों के लिए अंतरिम पार्ट-टाइम चेयरमैन नियुक्त किया गया है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने भी 19 मार्च से होने वाली इस नियुक्ति को अपनी मंजूरी दे दी है।
अतानु चक्रवर्ती ने अपने इस्तीफे के पीछे जो कारण बताए हैं, वे काफी गंभीर नजर आ रहे हैं। उन्होंने अपने पत्र में स्पष्ट रूप से लिखा है कि पिछले दो वर्षों के दौरान बैंक के भीतर हुई कुछ घटनाओं और वहां के काम करने के तौर-तरीकों से वे सहमत नहीं थे। उन्होंने कहा कि कुछ चीजें उनके निजी मूल्यों और नैतिकता के मेल में नहीं थीं, जिसकी वजह से उन्होंने पद छोड़ने का फैसला किया। हालांकि, उन्होंने यह भी साफ किया कि इन कारणों के अलावा इस्तीफे की कोई और बड़ी वजह नहीं है। चक्रवर्ती ने अपने कार्यकाल के दौरान HDFC बैंक और HDFC लिमिटेड के विलय जैसे बड़े और ऐतिहासिक फैसलों में अहम भूमिका निभाई थी।
चेयरमैन के इस्तीफे की खबर मिलते ही बाजार में हलचल तेज हो गई। इसका सीधा असर बैंक के अमेरिकन डिपॉजिटरी रिसीट्स (ADRs) पर देखने को मिला, जो लगभग 3 पर्सेंट तक नीचे गिर गए। आज इस खबर का असर भारतीय बाजार में भी देखने को मिलेगा। बीते कारोबारी सेशन में शेयर मामूली गिरावट के साथ 843.05 रुपये पर बंद हुआ था। गौर करने वाली बात यह है कि पिछले एक साल में HDFC बैंक के शेयरों में करीब 2.66 पर्सेंट की गिरावट आई है। वर्तमान में बैंक का मार्केट कैप 1,297,621 करोड़ रुपये के करीब है।
इस्तीफे के बाद HDFC बैंक की ओर से बयान जारी कर कहा गया है कि बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स अतानु चक्रवर्ती के योगदान की सराहना करता है। बैंक ने दावा किया है कि इस्तीफे के पत्र में दिए गए कारणों के अलावा और कोई गुप्त वजह नहीं है। अगर बैंक के वित्तीय प्रदर्शन की बात करें, तो इसी साल जनवरी में बैंक ने शानदार नतीजे पेश किए थे। वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही में बैंक का नेट प्रॉफिट 11.5 पर्सेंट बढ़कर 18,654 करोड़ रुपये रहा था। स्थिर एसेट क्वालिटी और मजबूत डिपॉजिट के बावजूद बैंक के मार्जिन पर दबाव देखा जा रहा था, जो निवेशकों के लिए चिंता का विषय बना हुआ है।
अतानु चक्रवर्ती ने अपने कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि उन्होंने बैंक के फ्यूचर ग्रोथ को गति देने वाले कई रणनीतिक बदलावों की देखरेख की है। उनके मुताबिक, HDFC और HDFC लिमिटेड के विलय के पूरे फायदे अभी सामने आने बाकी हैं। अब जब केकी मिस्त्री अंतरिम तौर पर कमान संभाल रहे हैं, तो बाजार की नजर इस बात पर होगी कि बैंक अपनी कार्यप्रणाली में क्या सुधार करता है।
संबंधित समाचार
लेखकों के बारे में
.png)
अगला लेख
How To Use Open Interest For Intraday Trading: Complete Guide
What Is Stop Loss In Trading? Meaning, Types, & How To Use It
What Is ICRA? Why Its Credit Ratings Matter To Investors
Explore Learning Centre
All topics · stocks, MFs, derivatives, IPOs